return to news
  1. कच्चे तेल का भाव स्थिर, Banking-Metal शेयरों में खरीदारी, आज इन वजहों से चमका बाजार

मार्केट न्यूज़

कच्चे तेल का भाव स्थिर, Banking-Metal शेयरों में खरीदारी, आज इन वजहों से चमका बाजार

Shubham Singh Thakur

4 min read | अपडेटेड October 06, 2026, 10:54 IST

सारांश

अमेरिका में कमजोर Jobs रिपोर्ट आने के बाद निवेशकों को लग रहा है कि फेडरल रिजर्व इस महीने ब्याज दर नहीं बढ़ाएगा। CME FedWatch के अनुसार फिलहाल बाजार में अक्टूबर में ब्याज दर बढ़ने की संभावना केवल 22% मानी जा रही है, जबकि पिछले हफ्ते यह करीब 70% थी।

Stock Market

बैंकों और कुछ कंपनियों के अच्छे तिमाही बिजनेस अपडेट के चलते भी बाजार को आज मजबूती मिली है।

Stock Market: भारतीय शेयर बाजार में आज 06 अक्टूबर को लगातार दूसरे कारोबारी दिन खरीदारी का माहौल है। आज के कारोबार में BSE Sensex में करीब 350 अंकों की तेजी देखी गई और यह 72732.92 के स्तर पर पहुंच गया। दूसरी तरफ Nifty 50 भी 112 अंकों की बढ़त के साथ 22667.35 के लेवल पर ट्रेड करता दिखा। आज बैंकिंग शेयरों में खरीदारी नजर आ रही है, जिससे बाजार को सपोर्ट मिला है। इसके अलावा कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और कंपनियों के मजबूत बिजनेस अपडेट्स से भी सेंटीमेंट बेहतर हुआ है।
Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

कच्चे तेल का भाव स्थिर

भारत के लिए सबसे बड़ी राहत कच्चे तेल के मोर्चे से आई है। आज ब्रेंट क्रूड ऑयल का भाव 100 डॉलर प्रति बैरल के करीब आ गया है। कुछ दिनों पहले इसका भाव 100 डॉलर के ऊपर चला गया था। मध्य-पूर्व से तेल की सप्लाई फिलहाल ठीक रहने से कीमतों पर थोड़ा दबाव कम हुआ है। लेकिन इस क्षेत्र में लगातार हो रहे हमलों के कारण व्यापारियों को डर है कि आगे चलकर तेल की सप्लाई प्रभावित हो सकती है। बता दें कि सितंबर के आखिरी हफ्ते में मध्य-पूर्व से तेल का निर्यात युद्ध से पहले के स्तर से भी ज्यादा रहा।

दूसरी तरफ G7 देशों ने अपने आपातकालीन भंडार से करीब 100 मिलियन बैरल डीजल और कच्चा तेल बाजार में जारी करने पर सहमति दी है। इससे भी सप्लाई को लेकर चिंता कुछ कम हुई है। लेकिन खतरा पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब में कई जगहों पर हमले करने का दावा किया है, जिसमें रियाद का एयरपोर्ट और Aramco की एक रिफाइनरी भी शामिल है। सऊदी अरब ने तुरंत इन हमलों की पुष्टि नहीं की।

रेट हाइक की संभावना घटी

अमेरिका में कमजोर Jobs रिपोर्ट आने के बाद निवेशकों को लग रहा है कि फेडरल रिजर्व इस महीने ब्याज दर नहीं बढ़ाएगा। CME FedWatch के अनुसार फिलहाल बाजार में अक्टूबर में ब्याज दर बढ़ने की संभावना केवल 22% मानी जा रही है, जबकि पिछले हफ्ते यह करीब 70% थी। दिसंबर में दर बढ़ने की संभावना हालांकि अभी भी करीब 84% है। ब्याज दर बढ़ने की संभावना कम होने से भी निवेशकों का बाजार पर भरोसा बढ़ा है।

मजबूत बिजनेस अपडेट

बैंकों और कुछ कंपनियों के अच्छे तिमाही बिजनेस अपडेट के चलते भी बाजार को आज मजबूती मिली है। Axis Bank और Kotak Mahindra Bank में तेजी आई क्योंकि उनके लोन और डिपॉजिट बढ़े। Trent का शेयर करीब 10% उछला क्योंकि कंपनी ने सितंबर तिमाही में रेवेन्यू में करीब 23% सालाना बढ़ोतरी का अनुमान दिया।

पॉजिटिव ग्लोबल संकेत

बीते कारोबारी दिन अमेरिकी शेयर बाजारों में अच्छी खरीदारी देखी गई। Dow Jones Industrial में 0.18 फीसदी और S&P 500 में 0.66 फीसदी की बढ़त नजर आई। इसके अलावा Nasdaq Composite तो 1 फीसदी से ज्यादा उछल गया। इसके अलावा आज ज्यादातर एशियाई बाजारों में भी खरीदारी का माहौल है। Nikkei 225 में 0.83 फीसदी, Hang Seng में 0.60 फीसदी और SET Composite में 0.44 फीसदी की तेजी है। Jakarta Composite और Shanghai Composite भी हरे निशान पर ट्रेड कर रहे थे।

कई सेक्टर्स में दिखी खरीदारी

आज बाजार में कई सेक्टर्स में खरीदारी का माहौल है। निफ्टी प्राइवेट बैंक और PSU बैंक इंडेक्स में खरीदारी हो रही है। निफ्टी मेटल, ऑटो, मीडिया, फार्मा, हेल्थकेयर, ऑयल एंड गैस और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स जैसे कई इंडेक्स हरे निशान पर ट्रेड कर रहे थे। इन सभी सेक्टर्स में तेजी से भी बाजार में उछाल आया है।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

अगला लेख