पर्सनल फाइनेंस
.png)
4 min read | अपडेटेड April 23, 2026, 16:01 IST
सारांश
1 जनवरी 2004 के बाद सरकारी नौकरी में आए कर्मचारियों के लिए अब पुरानी पेंशन की जगह नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) के नियम लागू होंगे। नए 'पेंशन रूल्स 2026' के मुताबिक अब पेंशन बाजार के रिटर्न पर तय होगी। इसमें कर्मचारी का 10 पर्सेंट और सरकार का 14 पर्सेंट योगदान होगा।

सरकारी कर्मचारियों के लिए एनपीएस के नए नियमों और रिटायरमेंट फंड की पूरी जानकारी।
सरकारी नौकरी का नाम सुनते ही सबसे पहले जेहन में एक सुरक्षित फ्यूचर और रिटायरमेंट के बाद पेंशन की चिंता खत्म होने वाली तस्वीर आती है। लेकिन अगर आपकी ज्वाइनिंग 1 जनवरी 2004 के बाद हुई है, तो आपके लिए पेंशन की पुरानी व्यवस्था अब इतिहास बन चुकी है। असल में अब आपके लिए नियम अलग हैं, सिस्टम पूरी तरह नया है और रिटायरमेंट का पूरा गणित भी बदल चुका है। केंद्र सरकार ने पेंशन रूल्स 2026 के तहत यह बिल्कुल साफ कर दिया है कि इस तारीख के बाद नौकरी में आए कर्मचारियों की पेंशन अब नेशनल पेंशन सिस्टम यानी NPS के जरिए चलेगी। इसका सीधा मतलब यह है कि अब आपकी पेंशन की रकम पहले से तय नहीं होगी, बल्कि यह आपके द्वारा किए गए निवेश और उस पर मिलने वाले बाजार के रिटर्न पर निर्भर करेगी।
अब सवाल यह है कि आपकी सैलरी से हर महीने कितना पैसा कटेगा। नए नियमों के मुताबिक, हर कर्मचारी को अपनी बेसिक पे और महंगाई भत्ते यानी DA का कुल 10 पर्सेंट हिस्सा पेंशन फंड में देना होगा। उदाहरण के तौर पर देखें तो अगर किसी कर्मचारी की बेसिक पे और DA मिलाकर 60,000 रुपये बनती है, तो उसकी सैलरी से हर महीने 6,000 रुपये काट लिए जाएंगे। अच्छी बात यह है कि सरकार इसमें कर्मचारी से भी ज्यादा हिस्सा अपनी तरफ से डालेगी। सरकार कर्मचारी के NPS खाते में बेसिक पे और DA का 14 पर्सेंट योगदान देगी। उसी 60,000 रुपये वाले उदाहरण में देखें तो सरकार हर महीने 8,400 रुपये जमा करेगी। इस तरह हर महीने कुल 14,400 रुपये आपके पेंशन फंड में निवेश किए जाएंगे, जो सालों बाद एक बड़ा रिटायरमेंट फंड तैयार करेंगे।
NPS की पूरी व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए हर कर्मचारी को एक PRAN नंबर दिया जाता है। PRAN का मतलब होता है परमानेंट रिटायरमेंट अकाउंट नंबर। यह एक तरह से आपकी पेंशन की पहचान का नंबर है। इस नंबर की मदद से आपका पूरा पेंशन रिकॉर्ड एक जगह जुड़ा रहेगा। इसके जरिए आप यह ट्रैक कर पाएंगे कि हर महीने आपकी सैलरी से कितना पैसा कटा और सरकार ने कितना हिस्सा डाला। सबसे बड़ा फायदा यह है कि अगर आप बीच में नौकरी बदलते हैं, तब भी आपका यह खाता जारी रहेगा और बंद नहीं होगा। आप कभी भी ऑनलाइन अपना स्टेटमेंट देख सकते हैं कि अब तक कितना फंड जमा हो चुका है।
NPS में पुरानी स्कीम की तरह कोई तय पेंशन नहीं मिलती है। जब आप रिटायर होंगे, तो उस वक्त आपके खाते में जमा कुल रकम यानी कॉर्पस को देखा जाएगा। नियम के मुताबिक, आप इस कुल फंड का एक हिस्सा एक साथ निकाल सकते हैं। वहीं बाकी बची हुई रकम से आपको मंथली पेंशन यानी ANUTY खरीदनी पड़ती है। इसका सीधा सा लॉजिक यह है कि आपका निवेश किया हुआ फंड जितना बड़ा होगा, रिटायरमेंट के बाद आपकी मंथली पेंशन भी उतनी ही बेहतर होगी। यह पूरी तरह से इस बात पर टिका है कि बाजार में आपके निवेश ने कैसी परफॉर्मेंस दी है।
सरकार ने कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए नए नियमों में एक बहुत ही अहम सुरक्षा दी है। कई बार ऐसा होता है कि विभाग की लापरवाही से पैसा जमा होने में देरी हो जाती है। अब नए नियमों में प्रावधान है कि अगर कर्मचारी की कोई गलती नहीं है और विभाग ने पैसा देर से जमा किया है, तो उस विलंबित रकम पर ब्याज देना होगा। इससे कर्मचारी का नुकसान होने से बचेगा। यह नियम केंद्र सरकार के कर्मचारियों के साथ-साथ आईएएस, आईपीएस और आईएफओएस जैसे अखिल भारतीय सेवाओं के अधिकारियों पर भी पूरी तरह लागू होगा।
अगर आपकी नौकरी 2004 के बाद लगी है, तो आपके लिए जागरूक रहना बहुत जरूरी है। आपको समय-समय पर अपना NPS स्टेटमेंट चेक करते रहना चाहिए। अपना PRAN नंबर हमेशा संभालकर रखें और अपने खाते में नॉमिनी को जरूर अपडेट करें। साथ ही यह भी देखें कि आपका पैसा किस तरह के फंड में निवेश किया जा रहा है।
संबंधित समाचार
लेखकों के बारे में
.png)
अगला लेख