return to news
  1. टैक्स रिटर्न भरने में नहीं होगी परेशानी, पहले ही जुटा लें ITR 1, 2, 3 और 4 फॉर्म के सभी डॉक्यूमेंट्स

पर्सनल फाइनेंस

टैक्स रिटर्न भरने में नहीं होगी परेशानी, पहले ही जुटा लें ITR 1, 2, 3 और 4 फॉर्म के सभी डॉक्यूमेंट्स

Upstox

4 min read | अपडेटेड June 27, 2026, 15:08 IST

सारांश

टैक्स रिटर्न फाइल करने का समय नजदीक आते ही लोग अपने डॉक्यूमेंट्स इकट्ठा करने लगते हैं। इनकम टैक्स डिपार्टमेंट अलग-अलग इनकम सोर्स के हिसाब से ITR 1 से लेकर ITR 4 फॉर्म जारी करता है। हर फॉर्म के लिए अलग-अलग कागजातों की जरुरत होती है।

itr-1-to-itr-4-form-filing-required

इनकम टैक्स रिटर्न फाइल करने के लिए जरुरी डॉक्यूमेंट्स की पूरी लिस्ट।

टैक्स रिटर्न फाइल करने का समय हर नौकरीपेशा और बिजनेस करने वाले के लिए बहुत महत्वपूर्ण होता है। अगर आप समय पर और बिना किसी गलती के अपना टैक्स रिटर्न भरना चाहते हैं, तो सबसे पहला काम सही फॉर्म चुनना और उसके लिए जरुरी डॉक्यूमेंट इकट्ठा करना है। इनकम टैक्स डिपार्टमेंट अलग-अलग कैटेगरी के लोगों के लिए ITR 1 से लेकर ITR 4 तक के फॉर्म देता है। कई बार लोग गलत फॉर्म चुन लेते हैं या सही डॉक्यूमेंट न होने से परेशान होते हैं।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

ITR 1 यानी सहज फॉर्म के लिए जरुरी कागज

यह फॉर्म सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाला फॉर्म है। यह उन लोगों के लिए है जिनकी सैलरी से इनकम होती है, एक घर से कमाई होती है या फिर ब्याज जैसी चीजों से इनकम होती है। अगर आपकी कुल सालाना कमाई 50 लाख रुपये तक है, तो आपको यह फॉर्म भरना होता है। इसके लिए सबसे जरुरी डॉक्यूमेंट फॉर्म 16 है, जो आपको आपकी कंपनी से मिलता है। इसके अलावा आपको अपने सभी बैंक अकाउंट का स्टेटमेंट, होम लोन का इंटरेस्ट सर्टिफिकेट और टैक्स सेविंग इन्वेस्टमेंट के प्रूफ जैसे LIC, PPF की रसीदें संभाल कर रखनी होंगी। आपके पास पैन कार्ड और आधार कार्ड भी होना चाहिए। बैंक से मिले ब्याज का सर्टिफिकेट भी इसमें काम आता है।

ITR 2 फॉर्म भरने के लिए क्या चाहिए

अगर आपकी सालाना कमाई पचास लाख रुपये से ज्यादा है या फिर आपको एक से ज्यादा घर से इनकम हो रही है, तो आपको ITR 2 फॉर्म भरना होगा। इसके अलावा जिन लोगों को शेयर बाजार या प्रॉपर्टी बेचने से कैपिटल गेन्स यानी मुनाफा हुआ है, उन्हें भी इसी फॉर्म का इस्तेमाल करना पड़ता है। इस फॉर्म को भरने के लिए फॉर्म 16 के साथ-साथ आपको कैपिटल गेन्स स्टेटमेंट की जरुरत पड़ेगी। अगर आपको कंपनियों से डिविडेंड मिला है, तो उसका भी पूरा ब्योरा देना होगा। इसके लिए एनुअल इंफॉर्मेशन स्टेटमेंट यानी एआईएस और टैक्सपेयर इंफोर्मेशन समरी यानी टीआईएस को डाउनलोड करके देखना बहुत जरुरी होता है ताकि हर एक ट्रांजैक्शन की सही जानकारी मिल सके।

ITR 3 फॉर्म के लिए इन डॉक्यूमेंट्स को रखें तैयार

यह फॉर्म उन लोगों के लिए बनाया गया है जो किसी बिजनेस या प्रोफेशन से कमाई करते हैं, लेकिन वे प्रिजम्पटिव टैक्स स्कीम का फायदा नहीं ले रहे हैं। इसके अलावा अगर आप किसी पार्टनरशिप फर्म में पार्टनर हैं या आपको बिजनेस से नेट प्रॉफिट और सैलरी मिल रही है, तो आपको ITR 3 भरना होगा। इस फॉर्म को भरने के लिए आपके पास अपने बिजनेस का पूरा अकाउंट होना चाहिए। इसमें बैलेंस शीट, प्रॉफिट एंड लॉस स्टेटमेंट और अगर आपके बिजनेस का ऑडिट हुआ है, तो ऑडिट रिपोर्ट की जरुरत पड़ता है। इसके साथ ही आपको एआईएस, फॉर्म 26AS और अपने सभी पर्सनल और बिजनेस बैंक अकाउंट्स के पूरे साल का स्टेटमेंट पास में रखना होगा।

ITR 4 यानी सुगम फॉर्म के लिए आवश्यक जानकारी

यह फॉर्म उन छोटे बिजनेसमैन और प्रोफेशनल्स के लिए है जो प्रिजम्पटिव टैक्सेशन स्कीम को चुनते हैं। इसका मतलब है कि वे अपनी कुल कमाई का एक तय पर्सेंट हिस्सा मुनाफा मानकर उस पर टैक्स चुकाते हैं। इसमें डॉक्टर, दुकानदार, फ्रीलांसर जैसे लोग शामिल होते हैं, जिनकी सालाना कमाई पचास लाख रुपये तक होती है। इस फॉर्म को भरने के लिए बहुत ज्यादा भारी-भरकम अकाउंट बुक की जरुरत नहीं होती है। आपको अपने पूरे साल का टोटल टर्नओवर या कुल रसीदों की जानकारी देनी होती है। इसके लिए आपको अपने बैंक अकाउंट का स्टेटमेंट, कैश ट्रांजैक्शन की जानकारी और अगर TDS कटा है तो फॉर्म 26AS की जरुरत होगी।

इन कॉमन बातों का हमेशा रखें ध्यान

आप चाहे कोई भी फॉर्म भर रहे हों, कुछ चीजें सबके लिए एक जैसी होती हैं। अपने पैन कार्ड और आधार कार्ड को हमेशा आपस में लिंक रखें। अपने बैंक अकाउंट को प्री-वैलिडेट करना न भूलें, क्योंकि इसी अकाउंट में आपका टैक्स रिफंड वापस आएगा। फॉर्म भरने से पहले इनकम टैक्स पोर्टल पर जाकर अपना एआईएस और फॉर्म 26AS जरुर चेक करें, क्योंकि इसमें आपके पूरे साल के टैक्स और कमाई का पूरा ब्योरा होता है। अगर इसमें दिखाई दे रही रकम और आपके डॉक्यूमेंट्स की रकम मैच नहीं करेगी, तो आपको इनकम टैक्स डिपार्टमेंट से नोटिस मिल सकता है। इसलिए सभी कागजात पहले से जुटाकर ही फाइलिंग शुरू करें।

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख