पर्सनल फाइनेंस
.png)
4 min read | अपडेटेड July 22, 2026, 13:26 IST
सारांश
डाक विभाग ने पोस्ट ऑफिस बचत खाताधारकों के लिए बड़ी सुविधा शुरू की है। अब ग्राहक इंटरनेट बैंकिंग के जरिए घर बैठे पर्सनलाइज्ड चेक बुक के लिए ऑनलाइन अप्लाई कर सकते हैं।

पोस्ट ऑफिस खाताधारक अब नेट बैंकिंग के जरिए घर बैठे पर्सनलाइज्ड चेक बुक के लिए ऑनलाइन रिक्वेस्ट भेज सकते हैं। | Image: Shutterstock
पोस्ट ऑफिस में बचत खाता रखने वाले ग्राहकों के लिए डाक विभाग ने एक बहुत बड़ी और राहत भरी सुविधा पेश की है। अब पोस्ट ऑफिस सेविंग्स अकाउंट होल्डर्स को अपनी पर्सनलाइज्ड चेक बुक बनवाने के लिए बार-बार पोस्ट ऑफिस के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। डाक विभाग के 18 जुलाई 2026 के एक आधिकारिक आदेश के मुताबिक, अब नेट बैंकिंग के जरिए ही पर्सनलाइज्ड चेक बुक की रिक्वेस्ट ऑनलाइन सबमिट करने की सुविधा दे दी गई है। यह सर्विस 18 जुलाई 2026 से चालू कर दी गई है। इस नए कदम से उन लाखों ग्राहकों को सीधा फायदा होगा जो पोस्ट ऑफिस की इंटरनेट बैंकिंग सर्विस का इस्तेमाल करते हैं।
डाक विभाग ने पोस्ट ऑफिस बचत खाताधारकों के लिए पर्सनलाइज्ड चेक बुक की सुविधा सबसे पहले 8 मई 2026 के एक आदेश के जरिए शुरू की थी। हालांकि, उस समय ग्राहकों को अपनी पर्सनलाइज्ड चेक बुक की रिक्वेस्ट देने के लिए खुद पोस्ट ऑफिस के काउंटर पर जाना पड़ता था। अब इस पुरानी व्यवस्था को बदलते हुए विभाग ने इसे ई-बैंकिंग यानी इंटरनेट बैंकिंग पोर्टल से जोड़ दिया है। यानी अब ग्राहक बिना किसी परेशानी के अपने घर या ऑफिस में बैठकर कंप्यूटर या मोबाइल से ई-बैंकिंग के जरिए आसानी से ऑनलाइन रिक्वेस्ट दर्ज कर सकते हैं।
इस पर्सनलाइज्ड चेक बुक की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसके चेक के पन्नों पर खाताधारक का नाम पहले से ही छपा हुआ रहेगा। इतना ही नहीं, रिक्वेस्ट पूरी होने के बाद यह चेक बुक प्राइमरी अकाउंट होल्डर के रजिस्टर्ड पते पर बिना किसी एक्स्ट्रा डिलीवरी चार्ज के बिल्कुल फ्री डिलीवर की जाएगी। इसके लिए ग्राहकों से कोई अलग डिलीवरी चार्ज नहीं लिया जाएगा। डाक विभाग का मानना है कि इस डिजिटल कदम से ग्राहकों का काफी समय बचेगा और उन्हें बेहतर बैंकिंग अनुभव मिलेगा।
डाक विभाग ने चेक बुक के चार्जेस को लेकर भी स्थिति साफ कर दी है। एक कैलेंडर साल में 10 पन्नों तक की चेक बुक के लिए ग्राहकों से कोई भी चार्ज नहीं लिया जाएगा यानी 10 पन्नों तक यह पूरी तरह फ्री होगी। अगर ग्राहक को 10 पन्नों से ज्यादा पन्नों की चेक बुक चाहिए, तो प्रति चेक पन्ना 2 रुपये का चार्ज देना होगा। यह चार्ज रिक्वेस्ट सबमिट करते समय ही ग्राहक द्वारा चुने गए सेविंग्स अकाउंट से अपने आप कट जाएगा।
अगर आप पोस्ट ऑफिस के ग्राहक हैं और ऑनलाइन पर्सनलाइज्ड चेक बुक की रिक्वेस्ट भेजना चाहते हैं तो इसका प्रोसेस काफी आसान है। सबसे पहले आपको अपनी आईडी और पासवर्ड का इस्तेमाल करके इंटरनेट बैंकिंग में लॉग इन करना होगा। इसके बाद जनरल सर्विसेज के ऑप्शन में जाकर सर्विस रिक्वेस्ट पर क्लिक करना होगा और फिर न्यू रिक्वेस्ट को चुनना होगा। वहां आपको पर्सनलाइज्ड चेक बुक रिक्वेस्ट का ऑप्शन दिखाई देगा, जिस पर क्लिक करना होगा।
इसके बाद ऑपरेशन टाइप के तहत रिक्वेस्ट चेक बुक को सेलेक्ट करके गो बटन पर क्लिक करना होगा। अब अपने उस सेविंग्स अकाउंट नंबर को चुनें, जिससे जरूरत पड़ने पर चार्ज काटा जा सके। इसके बाद नियम और शर्तों को पढ़कर कन्फर्मेशन चेकबॉक्स पर टिक करें और सबमिट ऑनलाइन पर क्लिक कर दें। सबमिट करने के बाद स्क्रीन पर एक कन्फर्मेशन पेज खुलेगा जिसमें खाताधारक का नाम, डिलीवरी एड्रेस, अकाउंट टाइप और रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर दिखेगा। आखिर में अपनी रिक्वेस्ट को कन्फर्म करने के लिए आपको अपना ट्रांजेक्शन पासवर्ड डालना होगा, जिसके बाद आपकी रिक्वेस्ट सफलतापूर्वक दर्ज हो जाएगी।
संबंधित समाचार
लेखकों के बारे में
.png)
अगला लेख