return to news
  1. ESI लाभार्थियों के लिए बड़ा अपडेट! अब आधार ऑथेंटिकेशन जरूरी, जानें लिंक करने का तरीका

पर्सनल फाइनेंस

ESI लाभार्थियों के लिए बड़ा अपडेट! अब आधार ऑथेंटिकेशन जरूरी, जानें लिंक करने का तरीका

Upstox

3 min read | अपडेटेड September 09, 2026, 16:12 IST

सारांश

श्रम मंत्रालय की 7 सितंबर की सूचना में आधार सीडिंग के लिए लाभार्थियों के लिए अलग से कोई अंतिम तारीख नहीं बताई गई है। इसलिए ESIC लाभार्थी अपने रिकॉर्ड की जांच करके आधिकारिक ESIC पोर्टल के जरिए आधार ऑथेंटिकेशन की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

Aadhaar

ESIC में Aadhaar सीडिंग का मुख्य उद्देश्य लाभार्थियों की सही पहचान सुनिश्चित करना है।

कर्मचारी राज्य बीमा योजना (ESI) के लाभार्थियों के लिए अब आधार ऑथेंटिकेशन जरूरी कर दिया गया है। श्रम एवं रोजगार मंत्रालय ने बताया है कि ESI योजना के तहत मिलने वाले लाभ और सेवाओं के लिए लाभार्थियों को Aadhaar के जरिए अपनी पहचान सत्यापित करनी होगी। यह नियम सोशल सिक्योरिटी कोड 2020 की धारा 142 के तहत लागू किया गया है। इसमें कर्मचारी के साथ लागू मामलों में उसके परिवार के सदस्यों और आश्रितों की पहचान भी शामिल है।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

क्यों जरूरी किया गया Aadhaar लिंक?

ESIC में Aadhaar सीडिंग का मुख्य उद्देश्य लाभार्थियों की सही पहचान सुनिश्चित करना और e-KYC को आसान बनाना है। इससे एक व्यक्ति के नाम पर बने डुप्लीकेट बीमित रिकॉर्ड को रोकने में भी मदद मिल सकती है। इसके अलावा, अस्पताल में इलाज और दूसरी ESIC सेवाओं का लाभ लेते समय पहचान सत्यापित करने में आधार ऑथेंटिकेशन उपयोगी होगा।

ESIC में Aadhaar कैसे लिंक करें?

ESIC लाभार्थी अपने Aadhaar की जानकारी ऑनलाइन सीड कर सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले ESIC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं और “Insured Persons and Beneficiaries” विकल्प चुनें। इसके बाद अपनी ESIC User ID और पासवर्ड से अकाउंट में लॉगिन करें।

लॉगिन करने के बाद “Aadhaar Seeding for IP” विकल्प पर जाएं। यहां बीमित व्यक्ति के नाम के सामने “Click Here to Seed Aadhaar” विकल्प दिखाई देगा। इस पर क्लिक करके अपना Aadhaar नंबर दर्ज करें और OTP के जरिए ऑथेंटिकेशन पूरा करें।

Reference Number जरूर संभालकर रखें

Aadhaar नंबर और OTP वेरिफिकेशन पूरा करने के बाद जब आप जानकारी सबमिट करेंगे, तो सिस्टम एक Reference Number जारी करेगा। इसे संभालकर रखना जरूरी है, क्योंकि भविष्य में Aadhaar seeding की स्थिति या प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी के लिए इसकी जरूरत पड़ सकती है। इसके बाद ESIC आपके आधार विवरण का वेरिफिकेशन करेगा। वेरिफिकेशन पूरा होने के बाद आधार आपके ESIC रिकॉर्ड से लिंक हो जाएगा।

सेक्शन 142 में क्या है?

सोशल सिक्योरिटी कोड 2020 की धारा 142 में कर्मचारी, असंगठित क्षेत्र के कामगार या अन्य संबंधित व्यक्ति की पहचान आधार के जरिए स्थापित करने का प्रावधान है। इसका इस्तेमाल रजिस्ट्रेशन, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ लेने और मेडिकल सुविधा या भुगतान प्राप्त करने के लिए किया जा सकता है। परिवार के सदस्यों और आश्रितों की पहचान भी इसके दायरे में आती है।

क्या आधार लिंक करने की कोई आखिरी तारीख है?

श्रम मंत्रालय की 7 सितंबर की सूचना में आधार सीडिंग के लिए लाभार्थियों के लिए अलग से कोई अंतिम तारीख नहीं बताई गई है। इसलिए ESIC लाभार्थी अपने रिकॉर्ड की जांच करके आधिकारिक ESIC पोर्टल के जरिए आधार ऑथेंटिकेशन की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। मंत्रालय ने यह भी कहा है कि आधार आधारित पहचान और ऑथेंटिकेशन की प्रक्रिया में आधार एक्ट के तहत प्राइवेसी, सिक्योरिटी और बेनिफिशियरी इन्फॉर्मेशन की सुरक्षा से जुड़े नियमों का पालन करना जरूरी होगा।

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख