return to news
  1. अब WhatsApp पर चुटकियों में चेक करें PF बैलेंस, 14 दिनों में 89.88 लाख लोगों ने उठाया फायदा, समझिए तरीका

पर्सनल फाइनेंस

अब WhatsApp पर चुटकियों में चेक करें PF बैलेंस, 14 दिनों में 89.88 लाख लोगों ने उठाया फायदा, समझिए तरीका

Upstox

3 min read | अपडेटेड November 19, 2026, 16:02 IST

सारांश

ईपीएफओ की इस सुविधा का इस्तेमाल करना काफी आसान है। इसके लिए आपको अपने व्हाट्सऐप से ईपीएफओ के आधिकारिक नंबर +91 8796441800 पर Hi लिखकर मैसेज भेजना होगा। इसके बाद आपको भाषा चुनने का विकल्प मिलेगा। फिलहाल यह सुविधा 10 भाषाओं में उपलब्ध है।

EPFO

वेरिफिकेशन पूरा होने के बाद ईपीएफओ आपको आपके पीएफ खाते से जुड़ी जानकारी देगा।

अब अपना पीएफ बैलेंस जानने के लिए ईपीएफओ की वेबसाइट पर लॉगिन करने या दफ्तर के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने व्हाट्सऐप के जरिए पीएफ से जुड़ी कई सुविधाएं शुरू की हैं। इसकी मदद से कर्मचारी घर बैठे अपना ईपीएफ बैलेंस चेक कर सकते हैं, पिछली पांच ट्रांजैक्शन की जानकारी ले सकते हैं और पासबुक भी डाउनलोड कर सकते हैं।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

इस सुविधा को कितने लोग इस्तेमाल कर रहे हैं, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि लॉन्च होने के सिर्फ 14 दिनों के भीतर 89.88 लाख सदस्यों ने व्हाट्सऐप के जरिए अपना पीएफ बैलेंस चेक किया है। ईपीएफओ ने 18 नवंबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी और सदस्यों को इस सुविधा का इस्तेमाल करने के लिए प्रोत्साहित किया।

WhatsApp पर EPF बैलेंस चेक करने के लिए क्या करना होगा?

ईपीएफओ की इस सुविधा का इस्तेमाल करना काफी आसान है। इसके लिए आपको अपने व्हाट्सऐप से ईपीएफओ के आधिकारिक नंबर +91 8796441800 पर Hi लिखकर मैसेज भेजना होगा। इसके बाद आपको भाषा चुनने का विकल्प मिलेगा। फिलहाल यह सुविधा 10 भाषाओं में उपलब्ध है।

भाषा चुनने के बाद स्क्रीन पर कई विकल्प दिखाई देंगे। इनमें चेक बैलेंस, लास्ट 5 ट्रांजैक्शन और डाउनलोड पासबुक शामिल हैं। अपनी जरूरत के हिसाब से इनमें से किसी एक विकल्प को चुन सकते हैं। इसके बाद आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक ओटीपी आएगा। ओटीपी डालकर आपको आगे बढ़ना होगा। अगर आपके एक से ज्यादा मेंबर आईडी हैं, यानी आपने पहले भी अलग-अलग कंपनियों में नौकरी की है, तो उन सभी की जानकारी दिखाई दे सकती है। यहां आपको वह मेंबर आईडी चुननी होगी, जिसका पीएफ बैलेंस देखना चाहते हैं।

बैलेंस के साथ कौन-कौन सी जानकारी मिलेगी?

वेरिफिकेशन पूरा होने के बाद ईपीएफओ आपको आपके पीएफ खाते से जुड़ी जानकारी देगा। इसमें कुल पीएफ बैलेंस, कर्मचारी और नियोक्ता यानी कंपनी का योगदान और पेंशन खाते में जमा रकम की जानकारी शामिल होगी। इसके अलावा हाल में जमा हुआ पीएफ योगदान भी देख सकते हैं। अगर आपको पूरी जानकारी चाहिए, तो पासबुक डाउनलोड करने का विकल्प भी मिलेगा। यह पासबुक पीडीएफ फॉर्मेट में होगी और पासवर्ड से सुरक्षित रहेगी। जरूरत पड़ने पर आप अपना मेंबर आईडी भी बदल सकते हैं।

EPFO का WhatsApp Channel कैसे फॉलो करें?

पीएफ बैलेंस चेक करने की सुविधा के अलावा ईपीएफओ का एक आधिकारिक व्हाट्सऐप चैनल भी है। इसकी शुरुआत 19 अगस्त 2025 को हुई थी। इस चैनल पर संगठन यूएएन (UAN), एमनेस्टी स्कीम 2026, एम्प्लॉइज एनरोलमेंट कैंपेन 2026 और जीवन प्रमाण जैसी योजनाओं से जुड़ी अपडेट शेयर करता है।

इसे फॉलो करने के लिए व्हाट्सऐप खोलें और अपडेट्स सेक्शन में जाएं। यहां चैनल्स के अंदर एक्सप्लोर विकल्प चुनें। सर्च बॉक्स में EPFO लिखें और आधिकारिक चैनल को चुनकर फॉलो पर क्लिक कर दें। खबर लिखे जाने तक इस चैनल के करीब 2,99,388 फॉलोअर्स थे।

धोखाधड़ी से बचने के लिए रखें ध्यान

इस सुविधा का इस्तेमाल करते समय हमेशा ईपीएफओ के आधिकारिक व्हाट्सऐप नंबर का ही इस्तेमाल करें। किसी अनजान नंबर पर अपना ओटीपी, पासवर्ड या बैंकिंग से जुड़ी जानकारी साझा न करें। ध्यान रखें कि ओटीपी किसी दूसरे व्यक्ति को बताने से आपके खाते की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है।

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख

End of additional stories