return to news
  1. पोस्ट ऑफिस का होने जा रहा है हाईटेक कायाकल्प, मोदी कैबिनेट ने 1,141 करोड़ रुपये की योजना को दी मंजूरी, जानिए क्या बदलेगा

पर्सनल फाइनेंस

पोस्ट ऑफिस का होने जा रहा है हाईटेक कायाकल्प, मोदी कैबिनेट ने 1,141 करोड़ रुपये की योजना को दी मंजूरी, जानिए क्या बदलेगा

Upstox

3 min read | अपडेटेड November 25, 2026, 18:36 IST

सारांश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट ने पोस्टल ऑपरेशंस योजना को वित्त वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक जारी रखने की मंजूरी दे दी है। इसके लिए 1,141 करोड़ रुपये का बजट तय किया गया है।

cabinet-approves-postal-operations-scheme-rs-

मोदी कैबिनेट ने 16वें वित्त आयोग चक्र के लिए पोस्टल ऑपरेशंस स्कीम को मंजूरी दी है।

देश के सबसे बड़े और पुराने नेटवर्क में शुमार भारतीय डाक यानी इंडिया पोस्ट को अब पूरी तरह से आधुनिक और हाईटेक बनाने की तैयारी हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट ने बुधवार को 16वें वित्त आयोग चक्र यानी वित्त वर्ष 2026-27 से वित्त वर्ष 2030-31 तक के लिए सेंट्रल सेक्टर स्कीम 'पोस्टल ऑपरेशंस' को जारी रखने की मंजूरी दे दी है। इस पांच साल की योजना के लिए 1,141 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित किया गया है। इस फैसले का मुख्य मकसद देशभर में डाक के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करना, ऑपरेशनल एफिशिएंसी में सुधार करना और लॉजिस्टिक्स, ई-कॉमर्स तथा डिजिटल सर्विस डिलीवरी की बढ़ती जरूरतों को पूरा करना है।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

ग्रामीण इलाकों से लेकर डिजिटल सेवाओं तक इंडिया पोस्ट की बड़ी भूमिका

दुनिया के सबसे बड़े डाक नेटवर्कों में से एक इंडिया पोस्ट के पास कुल 1.65 लाख पोस्ट ऑफिस हैं, जिनमें से 1,49,655 पोस्ट ऑफिस ग्रामीण इलाकों में मौजूद हैं। यह नेटवर्क दूरदराज के क्षेत्रों में चिट्ठी, पार्सल, बैंकिंग, इंश्योरेंस और नागरिक सेवाओं को पहुंचाने का सबसे अहम जरिया बना हुआ है। इसके अलावा पोस्ट ऑफिस सेविंग्स बैंक, इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक, पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस, आधार एनरोलमेंट और अपडेशन, पासपोर्ट सेवा केंद्र और डाकघर निर्यात केंद्रों के जरिए ग्रामीण कारीगरों को भी बड़ी मदद मिल रही है। नई योजना डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के लक्ष्यों के अनुरूप लास्ट-माइल डिलीवरी को और बेहतर बनाएगी।

मेल और पार्सल नेटवर्क को आधुनिक बनाने पर सबसे ज्यादा खर्च

इस पूरी योजना को छह उप-योजनाओं में बांटा गया है, जिसमें सबसे बड़ा हिस्सा मेल नेटवर्क ऑप्टिमाइजेशन के लिए रखा गया है। इसके तहत 575 करोड़ रुपये खर्च कर सेंट्रलाइज्ड डिलीवरी सिस्टम, मशीनीकरण, एडवांस्ड पोस्टल टेक्नोलॉजी यानी APT 2.0 के तहत आधुनिक आईटी सॉल्यूशंस, जीआईएस आधारित सेवाओं और 24x7 स्मार्ट लेटर बॉक्स जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। वहीं ई-कॉमर्स और ग्रामीण बाजारों से बढ़ते पार्सल वॉल्यूम को संभालने के लिए पार्सल नेटवर्क ऑप्टिमाइजेशन पर 278 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके जरिए नए पार्सल हब बनाए जाएंगे और पार्सल पैकेजिंग यूनिट्स का विस्तार किया जाएगा ताकि डिलीवरी का समय कम हो सके।

ग्रामीण बिजनेस, मार्केटिंग और इंटरनेशनल मेल को मिलेगी मजबूती

योजना के तीसरे बड़े हिस्से यानी रूरल बिजनेस एंड एक्सेस टू पोस्टल नेटवर्क के लिए 120 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसका उद्देश्य खासतौर पर ग्रामीण इलाकों के पोस्ट ऑफिस का इंफ्रास्ट्रक्चर सुधारकर उन्हें नागरिक केंद्रित सर्विस हब में बदलना है। इसके अलावा सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने और प्रचार-प्रसार के लिए मार्केटिंग फंक्शंस पर 100 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिसमें टीवी, डिजिटल, सोशल मीडिया कैंपेन और डाक चौपाल जैसी गतिविधियों का विस्तार शामिल है। वहीं अंतरराष्ट्रीय मेल सेवाओं को तेज करने और फॉरेन पोस्ट ऑफिस को अपग्रेड करने के लिए 8 करोड़ रुपये का बजट तय किया गया है।

इस योजना के छठे घटक के रूप में फिलाटेली ऑपरेशंस पर 60 करोड़ रुपये खर्च करने का प्रस्ताव है। इसके तहत प्रदर्शनियों, सेमिनार, क्विज और स्कूल फिलाटेलिक क्लबों के माध्यम से डाक टिकट संग्रह की रुचि को बढ़ावा दिया जाएगा। इसमें सुगंधित, होलोग्राफिक और 3डी डाक टिकट जैसे नए प्रयोग भी शामिल होंगे। साथ ही ढाई आखर पत्र लेखन प्रतियोगिता, स्पर्श स्कॉलरशिप और उत्पादन केंद्रों के आधुनिकीकरण के जरिए फिलाटेली को एक आकर्षक शैक्षणिक और सांस्कृतिक गतिविधि के रूप में फिर से जीवंत किया जाएगा।

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख

End of additional stories