पर्सनल फाइनेंस
.png)
4 min read | अपडेटेड August 12, 2026, 15:59 IST
सारांश
म्यूचुअल फंड में फ्लेक्सी कैप फंड्स निवेशकों की पहली पसंद बने हुए हैं। वैल्यू रिसर्च के आंकड़ों के अनुसार पिछले 10 सालों में 9 फ्लेक्सी कैप फंड्स ने डायरेक्ट प्लान में 15% से ज्यादा का SIP रिटर्न दिया है।

म्यूचुअल फंड के फ्लेक्सी कैप फंड्स में 10 साल की SIP से निवेशकों को मिला तगड़ा रिटर्न।
शेयर बाजार में निवेश करने वाले ऐसे निवेशक जो किसी एक खास मार्केट कैप यानी लार्ज कैप, मिड कैप या स्मॉल कैप तक सीमित नहीं रहना चाहते, उनके लिए फ्लेक्सी कैप फंड्स हमेशा से पसंदीदा विकल्प रहे हैं। इन फंड्स की सबसे बड़ी खूबी यह होती है कि फंड मैनेजर बाजार के मौकों और अपनी समझ के आधार पर लार्ज कैप, मिड कैप और स्मॉल कैप तीनों तरह की कंपनियों में पैसा लगा सकते हैं। हालांकि हर फ्लेक्सी कैप फंड बहुत शानदार रिटर्न दे ऐसा जरूरी नहीं है। पूरे फ्लेक्सी कैप कैटेगरी ने पिछले 10 सालों में औसतन करीब 12.9% का सालाना रिटर्न दिया है, लेकिन कुछ चुनिंदा फंड्स ने 15% से ज्यादा का रिटर्न देकर निवेशकों को बड़ा फायदा कराया है।
वैल्यू रिसर्च के एक ताजा विश्लेषण के अनुसार, कुल नौ फ्लेक्सी कैप फंड्स ने अपने डायरेक्ट प्लान के जरिए पिछले 10 सालों में 15% से अधिक का SIP रिटर्न दिया है। इन फंड्स में अगर किसी निवेशक ने 10 साल तक हर महीने 10,000 रुपये की मासिक SIP की होती, तो उसका कुल जमा पैसा बढ़कर 26.5 लाख रुपये से लेकर 36.5 लाख रुपये तक का बड़ा फंड बन गया होता। इस लिस्ट में सबसे आगे क्वांट फ्लेक्सी कैप फंड रहा है, जिसने 10 साल की SIP पर 21.1% का शानदार रिटर्न दिया है। इस फंड में 10 हजार रुपये की मंथली SIP की वैल्यू आज करीब 36.5 लाख रुपये हो चुकी है। इस स्कीम का एयूएम यानी कुल एसेट अंडर मैनेजमेंट 7,140 करोड़ रुपये है और इसका एक्सपेंस रेशियो 0.58% दर्ज किया गया है।
इस लिस्ट में दूसरे पायदान पर HDFC फ्लेक्सी कैप फंड का नाम आता है। इस फंड ने पिछले 10 सालों में 18% का SIP रिटर्न दिया है, जिससे 10 हजार रुपये की मासिक SIP बढ़कर लगभग 30.9 लाख रुपये हो गई है। इस फंड का कुल एयूएम 1.06 लाख करोड़ रुपये है और इसके प्रमुख होल्डिंग्स में आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक और HDFC बैंक जैसे बड़े नाम शामिल हैं। वहीं पराग पारिख फ्लेक्सी कैप फंड ने 17.8% का रिटर्न दिया है, जिसमें 10 हजार की SIP लगभग 30.5 लाख रुपये बन गई है। यह 1.43 लाख करोड़ रुपये के एयूएम के साथ इस लिस्ट का सबसे बड़ा फंड है। इसके टॉप होल्डिंग्स में HDFC बैंक, पावर ग्रिड, आईटीसी, आईसीआईसीआई बैंक और कोल इंडिया जैसी मजबूत कंपनियां शामिल हैं।
JM फ्लेक्सीकैप फंड और एडलवाइस फ्लेक्सी कैप फंड ने भी निवेशकों को बेहतरीन मुनाफा कराया है। JM फ्लेक्सीकैप फंड ने 17.6% का रिटर्न दिया है जिससे 10 हजार की SIP करीब 30.3 लाख रुपये हो गई, जबकि एडलवाइस फ्लेक्सी कैप फंड ने 16.4% का रिटर्न देकर 28.4 लाख रुपये का फंड तैयार किया है। इसके अलावा चार अन्य फंड्स ने भी 15% से ज्यादा का रिटर्न दिया है। आदित्य बिड़ला सन लाइफ फ्लेक्सी कैप फंड ने 15.5% रिटर्न के साथ लगभग 27.0 लाख रुपये, PGIM इंडिया फ्लेक्सी कैप फंड ने 15.4% रिटर्न के साथ 26.9 लाख रुपये, HSBC फ्लेक्सी कैप फंड ने 15.4% रिटर्न के साथ 26.7 लाख रुपये और फ्रैंकलिन इंडिया फ्लेक्सी कैप फंड ने 15.2% रिटर्न देकर 26.5 लाख रुपये का कॉपर्स बनाया है।
फ्लेक्सी कैप कैटेगरी का 10 साल का औसत रिटर्न जहां 12.9% रहा है, वहीं इन नौ फंड्स का प्रदर्शन यह दिखाता है कि पूरे मार्केट साइकिल में सही फंड का चुनाव कितना अहम है। हालांकि 10 साल का मजबूत रिकॉर्ड होने का मतलब यह कतई नहीं है कि ये फंड्स जोखिम मुक्त हैं। फंड मैनेजरों को अलग अलग मार्केट कैप में पैसा लगाने की पूरी आजादी होती है, लेकिन जब मिड कैप और स्मॉल कैप शेयरों में तेज गिरावट आती है, तो इन फंड्स में भी भारी उतार चढ़ाव देखने को मिल सकता है। हालिया आंकड़ों की बात करें तो इस पूरी कैटेगरी का एक साल का रिटर्न लगभग 6.4% रहा है, जो इसके 10 साल के औसत से काफी कम है।
संबंधित समाचार
लेखकों के बारे में
.png)
अगला लेख