return to news
  1. गैस सिलेंडर पर सब्सिडी चाहिए तो 16 अगस्त से पहले निपटा लें यह जरूरी काम, वरना चुकाने होंगे महंगे कमर्शियल रेट

बिजनेस न्यूज़

गैस सिलेंडर पर सब्सिडी चाहिए तो 16 अगस्त से पहले निपटा लें यह जरूरी काम, वरना चुकाने होंगे महंगे कमर्शियल रेट

Upstox

4 min read | अपडेटेड August 12, 2026, 13:39 IST

सारांश

रसोई गैस सिलेंडर उपभोक्ताओं के लिए आधार आधारित E-KYC कराने की आखिरी तारीख 16 अगस्त 2026 बेहद करीब आ गई है। तय समय तक E-KYC पूरी न करने पर ग्राहकों को रियायती घरेलू दरों पर गैस सिलेंडर मिलना बंद हो सकता है और उन्हें महंगे कमर्शियल रेट पर गैस खरीदनी पड़ सकती है।

lpg-cylinder-ekyc-last-date-16-august

एलपीजी गैस सिलेंडर पर सब्सिडी और घरेलू दर का लाभ पाने के लिए 16 अगस्त तक ई-केवाईसी कराना अनिवार्य है।

LPG गैस सिलेंडर का इस्तेमाल करने वाले करोड़ों उपभोक्ताओं के लिए एक बेहद जरूरी सूचना सामने आई है। आधार आधारित E-KYC कराने की आखिरी तारीख तेजी से नजदीक आ रही है। अगर आपने अभी तक अपनी E-KYC की प्रक्रिया पूरी नहीं की है, तो तुरंत सतर्क हो जाएं। रिपोर्ट्स के अनुसार लाखों ग्राहकों को 16 अगस्त 2026 तक अपनी E-KYC प्रक्रिया पूरी करने के लगातार मैसेज और अलर्ट भेजे जा रहे हैं। गैस कंपनियों की तरफ से यह प्रक्रिया अनिवार्य कर दी गई है।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

E-KYC न कराने पर होगा बड़ा नुकसान

गैस कंपनियों की ओर से स्पष्ट किया गया है कि तय समय सीमा तक E-KYC न कराने वाले उपभोक्ताओं को घरेलू दरों का लाभ नहीं मिलेगा। ऐसे ग्राहकों को अपनी जरूरत का गैस सिलेंडर खरीदने के लिए महंगे कमर्शियल रेट चुकाने पड़ सकते हैं। इंडियन ऑयल की तरफ से इंडेन गैस के ग्राहकों को भेजे गए संदेश में कहा गया है कि घरेलू दरों पर सिलेंडर पाने के लिए E-KYC जरूरी है। पहले भी कई बार याद दिलाने के बाद भी अगर ग्राहक 16 अगस्त 2026 तक यह काम पूरा नहीं करते हैं, तो वे घरेलू दरों पर मिलने वाले सिलेंडर के लिए तब तक अपात्र रहेंगे जब तक E-KYC पूरी नहीं हो जाती। इसलिए किसी भी परेशानी से बचने के लिए इसे समय से पहले पूरा करना बहुत जरूरी है।

घर बैठे या डिस्ट्रीब्यूटर से कराएं ऑथेंटिकेशन

इंडियन ऑयल ने सोशल मीडिया पर भी जानकारी साझा की है कि बिना किसी रुकावट के गैस सिलेंडर की सुविधा पाने के लिए बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन तुरंत पूरा करा लें। उपभोक्ता घर बैठे इंडियन ऑयल वन ऐप का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके अलावा जब डिलीवरी कर्मचारी घर पर सिलेंडर देने आए, तो उसके माध्यम से भी यह काम कराया जा सकता है। साथ ही ग्राहक सीधे अपने इंडेन डिस्ट्रीब्यूटर के पास जाकर भी E-KYC करा सकते हैं। इसी तरह भारत गैस और एचपी गैस के उपभोक्ता भी अपनी संबंधित ऐप या डिस्ट्रीब्यूटर के जरिए इस प्रक्रिया को पूरा कर सकते हैं।

मोबाइल ऐप के जरिए कैसे पूरी करें प्रक्रिया?

इंडेन, एचपी और भारत गैस के ग्राहक मोबाइल ऐप से E-KYC का काम आसानी से निपटा सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले अपनी गैस कंपनी से जुड़ी संबंधित मोबाइल ऐप डाउनलोड करनी होगी। इसके बाद LPG खाते से रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर डालकर लॉगिन करना होगा और मिले हुए ओटीपी से नंबर वेरिफाई करना होगा। इंडेन गैस के उपभोक्ताओं को अपना खाता लिंक करने के लिए 16 अंकों की LPG आईडी दर्ज करनी होगी, जबकि भारत गैस और एचपी पे ऐप पर E-KYC का विकल्प सीधे होमपेज या एलपीजी सेक्शन में मिल जाता है। इसके बाद नियम और शर्तों को पढ़कर आधार बेस्ड फेस ऑथेंटिकेशन के लिए अपनी सहमति देनी होती है। फिर आधार फेस आरडी ऐप की मदद से फेस स्कैन करके स्क्रीन पर दिए गए निर्देशों का पालन करते ही E-KYC सफलतापूर्वक पूरी हो जाती है।

महानगरों में कमर्शियल LPG के ताजा रेट

कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों की बात करें तो इस महीने देश के प्रमुख महानगरों में राहत देखने को मिली है। दिल्ली में कमर्शियल एलपीजी की कीमत में 192 रुपये की कमी आई है और यह घटकर 2,738 रुपये पर आ गई है। वहीं मुंबई में दाम 194 रुपये घटकर 2,691.50 रुपये प्रति सिलेंडर हो गए हैं। कोलकाता में कमर्शियल गैस की कीमत 209 रुपये घटकर 2,872.50 रुपये पर आ गई है, जबकि चेन्नई में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर का दाम 200 रुपये कम होकर 2,906 रुपये प्रति सिलेंडर रह गया है। ऐसे में महंगे कमर्शियल रेट से बचने और घरेलू दाम पर गैस पाने के लिए 16 अगस्त से पहले E-KYC कराना अनिवार्य है।

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख