return to news
  1. एविएशन सेक्टर में स्पाइसजेट का बड़ा दांव, ₹5,500 करोड़ की फंडरेजिंग को मिली हरी झंडी

मार्केट न्यूज़

एविएशन सेक्टर में स्पाइसजेट का बड़ा दांव, ₹5,500 करोड़ की फंडरेजिंग को मिली हरी झंडी

Upstox

3 min read | अपडेटेड November 18, 2026, 16:03 IST

सारांश

स्पाइसजेट के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने कंपनी की वित्तीय स्थिति मजबूत करने, परिचालन क्षमता बढ़ाने और एयरलाइन को फिर से पटरी पर लाने के लिए 5,500 करोड़ रुपये तक जुटाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है।

शेयर सूची

SPICEJET
--
SPICEJET
--
स्पाइसजेट

₹5,500 करोड़ जुटाएगी स्पाइसजेट! (Photo: Shutterstock)

वित्तीय संकट से जूझ रही एयरलाइन कंपनी स्पाइसजेट के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने आज कंपनी की वित्तीय स्थिति मजबूत करने के लिए 5,500 करोड़ रुपये तक जुटाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। स्पाइसजेट वित्तीय और परिचालन संबंधी कई चुनौतियों का सामना कर रही है। कंपनी ने बयान में कहा कि बुधवार को हुई बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की मीटिंग में संभावित नए इन्वेस्टरों के साथ निवेश को लेकर चल रही बातचीत की जानकारी दी गई। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर स्पाइसजेट के शेयर 9.97 रुपये प्रति शेयर के भाव पर 5% के अपर सर्किट में लॉक हो गए। कंपनी का मार्केट कैपिटलाइजेशन 1,521.52 करोड़ रुपये है।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

बयान के मुताबिक बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने कंपनी की वित्तीय स्थिति मजबूत करने, परिचालन क्षमता बढ़ाने और एयरलाइन को फिर से पटरी पर लाने के लिए 5,500 करोड़ रुपये तक जुटाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है।

बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने मैनेजमेंट को इस प्रोसेस को जल्द से जल्द पूरा करने की दिशा में काम करने का निर्देश भी दिया है। बयान में कहा गया, ‘प्रस्तावित कैपिटल जुटाने का प्रोसेस इक्विटी और अन्य वित्तीय माध्यमों से पूरा किया जा सकता है। इसके लिए जरूरी मंजूरियां लेनी होंगी।’ इसके अलावा, बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने कंपनी की अधिकृत शेयर पूंजी 2,000 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 7,500 करोड़ रुपये करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है। इसके लिए शेयरधारकों और नियामकीय मंजूरी लेनी होगी।

स्पाइसजेट ने कहा कि वह बेहद चुनौतीपूर्ण माहौल में परिचालन कर रही है। भू-राजनीतिक घटनाक्रम और हवाई क्षेत्र पर लगी पाबंदियों से उसके परिचालन पर दबाव पड़ा है। कंपनी ने कहा, ‘पिछले कुछ महीनों में विमान ईंधन (एटीएफ) की कीमतें दोगुने से अधिक बढ़ गई हैं। इससे परिचालन लागत में काफी इजाफा हुआ है।’ कंपनी के अनुसार, प्रस्तावित पूंजी जुटाने से उसे इन चुनौतियों से निपटने, वित्तीय स्थिति मजबूत करने, विमानों के बेड़े का विस्तार करने और परिचालन संबंधी जरूरतें पूरी करने में मदद मिलेगी।

बयान में कहा गया कि इससे कंपनी को अपना उड़ान नेटवर्क बहाल करने और कारोबार को अधिक मजबूत एवं टिकाऊ बनाने में भी मदद मिलेगी। स्पाइसजेट के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर अजय सिंह ने कहा कि कैपिटल जुटाने से एयरलाइन कंपनी को फिर से खड़ा करने, परिचालन मजबूत करने और ब्रांड की प्रतिष्ठा बहाल करने का महत्वपूर्ण अवसर मिलेगा।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख

End of additional stories