return to news
  1. विदेशी निवेशकों की खरीदारी जारी, क्रूड ऑयल में भी गिरावट, इन वजहों से लगातार 10वें दिन चढ़ा बाजार

मार्केट न्यूज़

विदेशी निवेशकों की खरीदारी जारी, क्रूड ऑयल में भी गिरावट, इन वजहों से लगातार 10वें दिन चढ़ा बाजार

Shubham Singh Thakur

4 min read | अपडेटेड November 12, 2026, 12:02 IST

सारांश

कच्चे तेल के भाव में गिरावट ने भी बाजार को सपोर्ट दिया है। आज ब्रेंट क्रूड ऑयल का भाव 0.29 फीसदी घटकर 92.49 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया है। दरअसल, निवेशकों को उम्मीद है कि मध्य-पूर्व के संघर्ष और लंबे समय से चल रहे रूस-यूक्रेन युद्ध को सुलझाने के लिए शांति वार्ता हो सकती है।

Stock Market

भारतीय शेयर बाजार को विदेशी निवेशकों (FIIs) की लगातार खरीदारी से बड़ा बूस्ट मिला है।

Stock Market: भारतीय शेयर बाजार में तेजी का सिलसिला आज 12 नवंबर को लगातार 10वें कारोबारी दिन जारी है। आज के कारोबार में BSE Sensex में करीब 446 अंकों की बढ़त देखी गई और यह 82,325.61 के स्तर पर पहुंच गया। दूसरी तरफ आज Nifty 50 भी 129 अंक उछलकर 25,384.80 के लेवल पर पहुंच गया। हालांकि इस तेजी के बाद बाजार में हल्की प्रॉफिट बुकिंग भी देखने को मिली है। बता दें कि पिछले 10 कारोबारी दिनों में बाजार में करीब 11.50 फीसदी की रैली आ चुकी है। यहां हम जानेंगे कि बाजार में आज की तेजी के लिए कौन से फैक्टर्स जिम्मेदार हैं।
Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

क्रूड ऑयल में गिरावट

कच्चे तेल के भाव में गिरावट ने भी बाजार को सपोर्ट दिया है। आज ब्रेंट क्रूड ऑयल का भाव 0.29 फीसदी घटकर 92.49 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया है। दरअसल निवेशकों को उम्मीद है कि मध्य-पूर्व के संघर्ष और लंबे समय से चल रहे रूस-यूक्रेन युद्ध को सुलझाने के लिए शांति वार्ता हो सकती है। बता दें कि भारत अपनी घरेलू ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए काफी हद तक आयात पर निर्भर है। ऐसे में क्रूड ऑयल का भाव गिरना भारत के लिहाज से अच्छी खबर है।

विदेशी निवेशकों की खरीदारी

भारतीय शेयर बाजार को विदेशी निवेशकों (FIIs) की लगातार खरीदारी से बड़ा बूस्ट मिला है। बीते कारोबारी दिन यानी 11 नवंबर को FIIs ने 12563 करोड़ रुपये की बड़ी खरीदारी की। इसके पहले 09 नवंबर को 7,212.22 करोड़ रुपये और 06 नवंबर को 13,749.82 करोड़ रुपये की लिवाली की गई थी। वहीं FIIs ने 05 नवंबर को 14,974.68 करोड़ रुपये और 04 नवंबर को 7,284.03 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे थे। इस लगातार खरीदारी से बाजार में मजबूती आ रही है। विदेशी निवेशकों ने नवंबर में लगभग 57,000 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे हैं।

ग्लोबल मार्केट से मजबूत संकेत

दुनिया भर के शेयर बाजारों से भारतीय शेयर बाजार को अच्छा समर्थन मिला। बुधवार को अमेरिका के शेयर बाजारों में अच्छी तेजी देखने को मिली। AI क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी CoreWeave के शानदार नतीजों से निवेशकों का भरोसा बढ़ा। इससे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) में हो रहे बड़े निवेश को लेकर चिंताएं भी कुछ कम हुईं।

अमेरिकी बाजार में Nasdaq 1.6% की बढ़त के साथ 25,466.19 पर बंद हुआ। वहीं S&P 500 में 1.31% की तेजी आई और यह 7,619.38 पर पहुंच गया। Dow Jones भी 254.60 अंक यानी 0.49% बढ़कर 52,486.49 पर बंद हुआ।

एशियाई बाजारों में भी सुबह के कारोबार के दौरान ज्यादातर जगहों पर तेजी रही। जापान का Nikkei 225 करीब 0.5%, दक्षिण कोरिया का KOSPI 0.2% और ताइवान का शेयर बाजार 0.5% चढ़ा। हालांकि, हांगकांग के शेयर बाजार में कमजोरी के कारण जापान को छोड़कर एशिया-प्रशांत क्षेत्र का MSCI इंडेक्स 0.1% गिर गया।

दिग्गज शेयरों में खरीदारी

आज दिग्गज शेयरों में खरीदारी से भी बाजार को सपोर्ट मिला है। Bajaj Finance और Bajaj Finserv जैसे शेयर 3 फीसदी से ज्यादा उछल गए हैं। इसके अलावा SBIN, BEL, Adani Ports, ITC, RIL और IndiGo के शेयर हरे निशान पर ट्रेड कर रहे हैं। दूसरी तरफ आज रियल्टी शेयरों में जमकर खरीदारी हो रही है, जिसके चलते निफ्टी रियल्टी इंडेक्स 3 फीसदी से ज्यादा चढ़ गया है। इसके साथ ही निफ्टी मीडिया, मेटल, PSU बैंक, प्राइवेट बैंक और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स इंडेक्स भी हरे निशान पर ट्रेड करते दिखे।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

अगला लेख

End of additional stories