return to news
  1. ITC के शेयरों में 2% की तेजी, Gold Flake सिगरेट के दाम बढ़ाए जाने की खबर, जानें पूरा मामला

मार्केट न्यूज़

ITC के शेयरों में 2% की तेजी, Gold Flake सिगरेट के दाम बढ़ाए जाने की खबर, जानें पूरा मामला

Upstox

4 min read | अपडेटेड November 12, 2026, 10:34 IST

सारांश

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ITC ने अपने सिगरेट पोर्टफोलियो के तहत गोल्ड फ्लेक आरएसएफटी (Gold Flake RSFT) के एक पैक की कीमत करीब 8% बढ़ाकर 135 रुपये कर दी है। इससे पहले इसकी कीमत 125 रुपये थी।

शेयर सूची

ITC

ITC के सिगरेट कारोबार पर इस समय टैक्स बढ़ने का दबाव है।

FMCG सेक्टर की दिग्गज कंपनी ITC के शेयरों में आज 12 नवंबर को 2 फीसदी तक की तेजी नजर आ रही है। इस शेयर ने आज BSE पर 290.30 रुपये प्रति शेयर के स्तर को छू लिया। दरअसल, कंपनी की ओर से सिगरेट के दाम बढ़ाए जाने की खबरों के बीच शेयर में खरीदारी बढ़ी। आज की तेजी के साथ कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर 3.60 लाख करोड़ रुपये हो गया है। बता दें कि इसका 52-वीक हाई 411 रुपये और 52-वीक लो 252.80 रुपये है।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

सिगरेट की कीमतों में बढ़ोतरी की खबर

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ITC ने अपने सिगरेट पोर्टफोलियो के तहत गोल्ड फ्लेक आरएसएफटी (Gold Flake RSFT) के एक पैक की कीमत करीब 8% बढ़ाकर 135 रुपये कर दी है। इससे पहले इसकी कीमत 125 रुपये थी। इस साल कंपनी की ओर से इस ब्रांड की कीमतों में यह दूसरी बढ़ोतरी है। इससे पहले जून में गोल्ड फ्लेक प्रीमियम के एक पैक की कीमत 115 रुपये से बढ़ाकर 125 रुपये की गई थी।

इस तरह 115 रुपये की शुरुआती कीमत के मुकाबले अब पैक की कीमत करीब 17.4% बढ़ चुकी है। एनडीटीवी प्रॉफिट की रिपोर्ट के अनुसार, नई एमआरपी वाले पैक नवंबर के चौथे सप्ताह तक गोदामों में पहुंचने की उम्मीद है। हालांकि, इस मामले में ITC ने कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।

टैक्स बढ़ोतरी के बीच बढ़ाए जा रहे हैं दाम

आईटीसी के सिगरेट कारोबार पर इस समय टैक्स बढ़ने का दबाव है। कंपनी ने सितंबर तिमाही के नतीजों के दौरान बताया था कि कानूनी रूप से बिकने वाली सिगरेट की बिक्री की मात्रा (वॉल्यूम) पर दबाव बना हुआ है। इसकी एक बड़ी वजह कानूनी सिगरेट और अवैध रूप से बिकने वाले उत्पादों के बीच कीमत का बढ़ता अंतर है।

दरअसल, सरकार ने इस साल सिगरेट और तंबाकू उत्पादों पर टैक्स बढ़ाया है। इसके तहत जीएसटी की दर बढ़ाकर एक समान 40% कर दी गई है। साथ ही पुराने कंपनसेशन सेस की जगह नई अतिरिक्त एक्साइज ड्यूटी लागू की गई है। सिगरेट की लंबाई के आधार पर यह ड्यूटी प्रति 1,000 स्टिक पर 2,100 रुपये से 8,500 रुपये तक है। ऐसे में आईटीसी कीमतों में बढ़ोतरी और ग्राहकों को बनाए रखने के बीच संतुलन बनाने की कोशिश कर रही है।

निवेशकों को किन बातों पर रखनी चाहिए नजर?

एक्सपर्ट्स के मुताबिक सिगरेट की कीमतें बढ़ने से कंपनी को प्रति पैक ज्यादा कमाई हो सकती है। इससे बढ़े हुए टैक्स और लागत का कुछ बोझ कम करने में मदद मिलेगी। हालांकि, निवेशकों के लिए यह देखना जरूरी होगा कि कीमतें बढ़ने से कानूनी सिगरेट की बिक्री कितनी प्रभावित होती है। साथ ही यह भी देखना होगा कि कहीं ग्राहक महंगी सिगरेट छोड़कर अवैध उत्पादों की तरफ तो नहीं जा रहे हैं।

ITC के दूसरी तिमाही के नतीजे कैसे रहे?

आईटीसी ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में 4,229.33 करोड़ रुपये का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट दर्ज किया। यह पिछले साल की समान तिमाही के 5,186.55 करोड़ रुपये के मुकाबले 18.45% कम है। हालांकि, कंपनी का ऑपरेशंस से रेवेन्यू 43.85% बढ़कर 30,578.4 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल 21,255.86 करोड़ रुपये था।

कंपनी के मुताबिक, सिगरेट के अलावा उसके सभी प्रमुख कारोबारों में अच्छी ग्रोथ देखने को मिली। FMCG कारोबार ने लगातार चौथी तिमाही में डबल डिजिट रेवेन्यू ग्रोथ दर्ज की। इस कारोबार का एबिटा मार्जिन भी सालाना आधार पर 50 बेसिस पॉइंट बढ़ा। पेपर कारोबार में भी सुधार देखने को मिला, जबकि पश्चिम एशिया में व्यापार से जुड़ी बाधाओं के बावजूद एग्री बिजनेस ने अच्छी ग्रोथ दर्ज की।

हालांकि, कंपनी के कुल खर्च में 69.6% की बढ़ोतरी हुई और यह 25462.44 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। आईटीसी ने कहा कि भू-राजनीतिक तनाव, व्यापार में रुकावट, कच्चे तेल की ऊंची कीमतों, महंगे ट्रांसपोर्ट और सप्लाई चेन से जुड़ी समस्याओं के कारण कारोबारी माहौल चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।

दूसरी तिमाही में सिगरेट कारोबार से रेवेन्यू 72.47% बढ़कर 16,237.11 करोड़ रुपये रहा। वहीं, कंपनी ने कहा कि टैक्स में बढ़ोतरी के कारण इंडस्ट्री में सिगरेट की बिक्री की मात्रा पर दबाव बना हुआ है। ऐसे में कंपनी की आगे की रणनीति कीमतों, बिक्री और ग्राहकों को बनाए रखने के बीच संतुलन बनाने पर निर्भर करेगी।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख

End of additional stories