मार्केट न्यूज़

4 min read | अपडेटेड October 29, 2026, 11:32 IST
सारांश
पिछले कुछ दिनों से शेयर बाजार में विदेशी निवेशकों यानी FIIs की खरीदारी बढ़ी है। 28 अक्तूबर को FIIs ने भारतीय बाजार में 871.83 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। इसके अलावा 27 अक्तूबर को भी 4,240.39 करोड़ रुपये के शेयरों की खरीदारी की गई थी।

शेयर बाजार में आज तेजी की एक और बड़ी वजह वैल्यू बाइंग है।
भारतीय शेयर बाजार में आज 29 अक्तूबर को जमकर खरीदारी हो रही है। आज के कारोबार में BSE Sensex में 615 अंकों की शानदार तेजी देखी गई और यह 73,862.17 के स्तर पर पहुंच गया। दूसरी तरफ Nifty 50 भी करीब 175 अंक उछलकर 22874.15 के लेवल पर ट्रेड करता दिखा। अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व ने अपनी बैठक में ब्याज दरों को स्थिर रखने का फैसला किया है। इसके अलावा Jio Platforms की मजबूत लिस्टिंग और विदेशी निवेशकों की खरीदारी ने भी बाजार का सेंटीमेंट बेहतर किया है।
बुधवार को फेडरल रिजर्व ने ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया। फेड ने अगले हफ्ते होने वाले अमेरिकी मध्यावधि चुनावों तक उधार लेने की लागत में किसी भी बदलाव को टालने का फैसला किया है। ब्याज दरें अधिक होने पर ट्रेजरी और डॉलर ज्यादा आकर्षक हो जाते हैं, जिससे भारत सहित उभरते बाजारों के शेयर विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPIs) के लिए कम आकर्षक हो जाते हैं। दरों में कोई बढ़ोतरी न होने से वैश्विक बाजारों ने राहत की सांस ली है, जिसका सकारात्मक असर भारतीय बाजार पर भी दिख रहा है।
पिछले कुछ दिनों से शेयर बाजार में विदेशी निवेशकों यानी FIIs की खरीदारी बढ़ी है। 28 अक्तूबर को FIIs ने भारतीय बाजार में 871.83 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। इसके अलावा 27 अक्तूबर को भी 4,240.39 करोड़ रुपये के शेयरों की खरीदारी की गई थी। FIIs की खरीदारी ने भी बाजार का सेंटीमेंट बेहतर किया है।
शेयर बाजार में आज तेजी की एक और बड़ी वजह वैल्यू बाइंग है। पिछले 7 कारोबारी सत्रों में से 6 में भारतीय बाजार में गिरावट आई है। इस दौरान बाजार करीब 1.38 फीसदी लुढ़क चुका है। इसकी वजह तेल की ऊंची कीमतें हैं, जिससे महंगाई, ब्याज दरों और रुपये पर पड़ने वाले असर को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। इस गिरावट के बाद बाजार में कई बेहतर शेयर कम भाव पर मिल रहे हैं। ऐसे में अब बाजार में खरीदारी दिख रही है।
रिलायंस ग्रुप की कंपनी Jio Platforms ने शेयर बाजार में शानदार शुरुआत की। इसके शेयर 28 अक्तूबर को 21.36 फीसदी प्रीमियम के साथ लिस्ट हुए। लिस्टिंग के बाद आज 29 अक्तूबर को भी जियो प्लेटफॉर्म्स के शेयरों में जमकर खरीदारी हो रही है। आज इसके शेयर 5 फीसदी उछलकर 1490 रुपये के भाव पर पहुंच गए। इसका मार्केट कैप भी 13.26 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया है।
आज जियो पॉलिटिकल टेंशन कम होने के बीच क्रूड ऑयल के भाव में गिरावट दिख रही है। ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमत 1.33 फीसदी टूटकर 110.14 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई है। इसकी मुख्य वजह पश्चिम एशिया में चल रही कूटनीतिक बातचीत है। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम करने और अमेरिकी सैन्य हमलों को दोबारा शुरू होने से रोकने के प्रयास किए जा रहे हैं। इन कोशिशों से बाजार को उम्मीद है कि दोनों देशों के बीच बातचीत का रास्ता निकल सकता है।
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि ईरान अभी भी बातचीत को एक मौका देने के लिए तैयार है। द वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने ईरान की शीर्ष सुरक्षा संस्था के सचिव मोहसिन रेजाई से संपर्क किया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी कहा कि मध्यस्थ दोनों देशों के बीच संदेश पहुंचा रहे हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें नहीं पता कि बातचीत सफल होगी या नहीं।
संबंधित समाचार
लेखकों के बारे में

अगला लेख