return to news
  1. US-Iran तनाव में नरमी, कच्चा तेल 5% तक लुढ़का, आज इन फैक्टर्स से शेयर बाजार में बहार

मार्केट न्यूज़

US-Iran तनाव में नरमी, कच्चा तेल 5% तक लुढ़का, आज इन फैक्टर्स से शेयर बाजार में बहार

Shubham Singh Thakur

3 min read | अपडेटेड August 03, 2026, 10:38 IST

सारांश

Stock Market: जियो पॉलिटिकल टेंशन कम होने का असर आज कच्चे तेल के भाव पर भी दिख रहा है। आज ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमत 5 फीसदी से ज्यादा टूटकर 83.51 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई है। भारत अपनी ज्यादातर तेल जरूरतों के लिए आयात पर निर्भर है।

Stock Market

Stock Market: पिछले कुछ कारोबारी दिनों में विदेशी निवेशकों (FIIs) ने लगातार भारतीय बाजार में खरीदारी की है।

भारतीय शेयर बाजार में तेजी का सिलसिला आज 03 अगस्त को लगातार चौथे कारोबारी दिन जारी है। आज के कारोबार में BSE Sensex में करीब 800 अंकों की तेजी देखी गई और यह 78,895.10 के स्तर तक उछल गया। दूसरी तरफ Nifty 50 भी करीब 193 अंक बढ़कर 24,576.45 के लेवल पर ट्रेड करता दिखा। हालांकि, इसके बाद बाजार में हल्की प्रॉफिट बुकिंग भी देखने को मिली है। बता दें कि पिछले 6 में से 5 कारोबारी दिनों में शेयर बाजार ने बढ़त दर्ज की है। इस दौरान सेंसेक्स करीब 2600 अंक या 3.42 फीसदी उछल चुका है। यहां हम जानेंगे कि बाजार में आज की तेजी के लिए कौन से फैक्टर्स जिम्मेदार हैं।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

US-Iran के बीच बातचीत की पहल

अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने की उम्मीद की जा रही है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि सोमवार से अमेरिका और ईरान के बीच फिर से बातचीत शुरू होगी। ट्रंप का कहना है कि अमेरिका ईरान पर बड़ा सैन्य हमला करने की तैयारी कर चुका था, लेकिन उसने फिलहाल हमला रोक दिया क्योंकि सऊदी अरब, UAE (संयुक्त अरब अमीरात), कतर जैसे सहयोगी देशों ने बातचीत का मौका देने की सलाह दी। दूसरी तरफ ईरान ने ट्रंप के इस दावे को खारिज किया कि उसने अमेरिका से हमला टालने की मांग की थी। बातचीत पर जोर के बीच आज बाजार पर निवेशकों का भरोसा बढ़ा है।

क्रूड ऑयल में बड़ी गिरावट

जियो पॉलिटिकल टेंशन कम होने का असर आज कच्चे तेल के भाव पर भी दिख रहा है। आज ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमत 5 फीसदी से ज्यादा टूटकर 83.51 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई है। भारत अपनी ज्यादातर तेल जरूरतों के लिए आयात पर निर्भर है। ऐसे में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट भारत के लिए अच्छी खबर है।

विदेशी निवेशकों की खरीदारी

पिछले कुछ कारोबारी दिनों में विदेशी निवेशकों (FIIs) ने लगातार भारतीय बाजार में खरीदारी की है। बीते कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को भी FIIs ने 277.48 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। FIIs की लगातार खरीदारी से भी आम निवेशकों का बाजार पर भरोसा मजबूत हुआ है।

FMCG और IT समेत कई इंडेक्स चढ़े

आज के कारोबार में NSE पर कई सेक्टर्स के शेयरों में जमकर खरीदारी हो रही है। निफ्टी FMCG इंडेक्स करीब 1.80 फीसदी तक उछल गया है। निफ्टी IT और PSU बैंक इंडेक्स में भी करीब 1.50 फीसदी तक की तेजी देखी गई। इसके अलावा निफ्टी ऑटो, मेटल, फार्मा, प्राइवेट बैंक, रियल्टी, हेल्थकेयर और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स समेत ज्यादातर इंडेक्स हरे निशान पर ट्रेड कर रहे हैं। इन सभी सेक्टर्स में तेजी ने बाजार का सेंटीमेंट बेहतर किया है।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

अगला लेख