return to news
  1. Stock Market New Rule: आज से बदल गया शेयर बाजार के बंद होने का समय, जानें 3:15 बजे के बाद कैसे होगा ट्रेड

मार्केट न्यूज़

Stock Market New Rule: आज से बदल गया शेयर बाजार के बंद होने का समय, जानें 3:15 बजे के बाद कैसे होगा ट्रेड

Upstox

4 min read | अपडेटेड August 03, 2026, 09:30 IST

सारांश

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ने सोमवार 3 अगस्त से F&O में शामिल शेयरों के लिए क्लोजिंग ऑक्शन सेशन (CAS) शुरू कर दिया है। अब इन शेयरों में रेगुलर ट्रेडिंग दोपहर 3:15 बजे ही खत्म हो जाएगी।

F&O trade-updates

एनएसई ने एफएंडओ शेयरों के लिए क्लोजिंग ऑक्शन सेशन शुरू किया।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज यानी एनएसई में आज से ट्रेडिंग सेशन के बंद होने के नियम में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। एनएसई ने F&O यानी फ्यूचर्स एंड ऑप्शंस कॉन्ट्रैक्ट वाले शेयरों के लिए क्लोजिंग ऑक्शन सेशन लागू कर दिया है। इस नए सिस्टम के तहत दोपहर 3:15 बजे के बाद बाजार में शेयरों के बंद होने का तरीका और टाइमिंग पूरी तरह बदल जाएगी। फिलहाल यह नया नियम सिर्फ उन्हीं शेयरों पर लागू होगा जिनके फ्यूचर्स एंड ऑप्शंस कॉन्ट्रैक्ट उपलब्ध हैं। F&O वाले शेयरों के लिए क्लोजिंग प्राइस अब इसी नए क्लोजिंग ऑक्शन सेशन के जरिए ही तय किया जाएगा।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

पुराना और नया ट्रेडिंग मैकेनिज्म में मूल अंतर

पहले के सिस्टम में F&O शेयरों में भी आम ट्रेडिंग दोपहर 3:30 बजे तक चलती रहती थी। इसके बाद दोपहर 3:00 बजे से लेकर 3:30 बजे के बीच हुए सभी सौदों के वॉल्यूम वेटेड एवरेज प्राइस के आधार पर शेयर का क्लोजिंग प्राइस निकाला जाता था। नए मैकेनिज्म के तहत अब इन एफएंडओ शेयरों में रेगुलर ट्रेडिंग दोपहर 3:15 बजे ही खत्म हो जाएगी। इसके बाद दोपहर 3:15 बजे से 3:35 बजे के बीच 20 मिनट का एक विशेष सेशन होगा। इस सेशन के दौरान एक्सचेंज की तय कार्यप्रणाली के अनुसार योग्य बाय और सेल ऑर्डर्स का मिलान करके ही क्लोजिंग प्राइस निकाला जाएगा।

आखिरी मिनटों में ऐसे काम करेगा नया सिस्टम

नए नियमों के अनुसार ट्रेडिंग सेशन के आखिरी मिनटों की प्रक्रिया काफी अलग होगी। सबसे पहले दोपहर 3:05 बजे सभी इंट्राडे पोजीशन अपने आप स्क्वायर ऑफ यानी बंद कर दी जाएंगी। इसके बाद दोपहर 3:15 बजे से 3:20 बजे के बीच एक्सचेंज रेफरेंस प्राइस का कैलकुलेशन करेगा। इस दौरान अगर आप कोई ऑर्डर प्लेस करते हैं, तो वह केवल रिक्वेस्ट मोड में रहेगा और 3:20 बजे ही एक्सचेंज को भेजा जाएगा। दोपहर 3:15 बजे से पहले लगाए गए ऑर्डर्स में किसी भी बदलाव की अनुमति नहीं होगी।

लिमिट ऑर्डर्स और मैचिंग का समय

दोपहर 3:20 बजे से 3:25 बजे के बीच केवल लिमिट ऑर्डर्स ही लगाए, बदले या रद्द किए जा सकते हैं। इस दौरान मार्केट ऑर्डर्स के लिए यह सुविधा नहीं मिलेगी। लिमिट ऑर्डर केवल खरीदार या विक्रेता द्वारा चुनी गई तय कीमत पर ट्रेड करता है, जबकि मार्केट ऑर्डर तुरंत सबसे बेहतर उपलब्ध कीमत पर ट्रेड हो जाता है। इसके बाद दोपहर 3:30 बजे से 3:35 बजे के बीच ऑर्डर्स का मिलान किया जाएगा और शेयर की क्लोजिंग प्राइस तय की जाएगी। इस दौरान निवेशक नए ऑर्डर्स प्लेस नहीं कर सकेंगे। दोपहर 3:40 बजे सेशन पूरी तरह बंद हो जाएगा।

रेफरेंस प्राइस और प्राइस लिमिट का गणित

एक्सचेंज दोपहर 3:00 बजे से 3:15 बजे के बीच हुए हर ट्रेड का वॉल्यूम वेटेड एवरेज प्राइस निकालकर रेफरेंस प्राइस तय करेगा। इसी रेफरेंस प्राइस के आधार पर ऑक्शन की शुरुआत होगी। आपके ऑर्डर्स तभी स्वीकार किए जाएंगे जब वे रेफरेंस प्राइस के +3% से -3% की सीमा के भीतर होंगे। मान लीजिए कि किसी शेयर का रेफरेंस प्राइस 1,000 रुपये निकलकर आता है। इसकी 3% की ऊपरी सीमा 1,030 रुपये और 3% की निचली सीमा 970 रुपये होगी। इसका मतलब है कि क्लोजिंग ऑक्शन सेशन के दौरान आप केवल 970 रुपये से 1,030 रुपये के दायरे में ही ऑर्डर लगा सकते हैं। इससे बाहर के ऑर्डर्स रिजेक्ट हो जाएंगे। एफएंडओ ट्रेडर्स के लिए क्लोजिंग प्राइस इसी ऑक्शन से तय होगा। वहीं कैश मार्केट के शेयरों के लिए इंट्राडे ट्रेडिंग सामान्य समय यानी दोपहर 3:20 बजे ही खत्म होगी।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख