return to news
  1. स्टॉक मार्केट: ट्रंप का नया टैरिफ बम, क्रूड ऑयल 100 डॉलर के पार, इन वजहों से टूटा शेयर बाजार

मार्केट न्यूज़

स्टॉक मार्केट: ट्रंप का नया टैरिफ बम, क्रूड ऑयल 100 डॉलर के पार, इन वजहों से टूटा शेयर बाजार

Shubham Singh Thakur

4 min read | अपडेटेड July 24, 2026, 11:02 IST

सारांश

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत समेत 60 देशों पर Section 301 के तहत 10 फीसदी टैरिफ लगाने का ऐलान किया है। अमेरिका का आरोप है कि ये देश जबरन मजदूरी से बने सामान के आयात पर पर्याप्त रोक नहीं लगा रहे हैं और न ही उस पर सख्ती से नियम लागू कर रहे हैं।

Stock Market

Stock Market: अमेरिका ने ईरान पर लगातार 13वीं रात बमबारी की।

Stock Market: भारतीय शेयर बाजार में कमजोरी का सिलसिला आज 24 जुलाई को लगातार पांचवें कारोबारी दिन जारी है। आज के कारोबार में BSE Sensex में करीब 880 अंकों की बड़ी गिरावट देखी गई और यह 75513.82 के स्तर तक लुढ़क गया। दूसरी तरफ Nifty 50 भी 257 अंक लुढ़ककर 23612.85 के लेवल पर आ गया। पिछले 5 कारोबारी दिनों में सेंसेक्स में 2590 अंक या करीब 3.32 फीसदी की गिरावट आ चुकी है। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव जारी है। इसके चलते क्रूड ऑयल के भाव में आज बड़ा उछाल आया है। यहां हम समझेंगे कि बाजार में आज की गिरावट के लिए कौन से फैक्टर्स जिम्मेदार हैं।
Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

डोनाल्ड ट्रंप का नया टैरिफ बम

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत समेत 60 देशों पर Section 301 के तहत 10 फीसदी टैरिफ लगाने का ऐलान किया है। अमेरिका का आरोप है कि ये देश जबरन मजदूरी से बने सामान के आयात पर पर्याप्त रोक नहीं लगा रहे हैं और न ही उस पर सख्ती से नियम लागू कर रहे हैं। अमेरिका के इस फैसले के बाद वहां भारतीय सामान महंगा हो सकता है। अमेरिका के इस नए टैरिफ ने एक बार फिर निवेशकों की चिंता बढ़ा दी, जिससे बाजार में बिकवाली बढ़ गई।

अमेरिका-ईरान तनाव

अमेरिका और ईरान के बीच तनाव अब भी जारी है। अमेरिका ने ईरान पर लगातार 13वीं रात बमबारी की। अमेरिकी सेना ने कहा कि इन हमलों का मकसद ईरान को जवाबदेह ठहराना और कमर्शियल शिपिंग के लिए इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) से होने वाले खतरों को कम करना था। दूसरी तरफ IRGC का कहना है कि इस जलमार्ग पर उसका नियंत्रण है और सुरक्षित आवाजाही की गारंटी केवल ईरान के साथ तालमेल बिठाकर ही दी जा सकती है।

क्रूड ऑयल 100 डॉलर के पार

जियो पॉलिटिकल टेंशन के बीच क्रूड ऑयल के भाव में आज बड़ा उछाल आया है। आज ब्रेंट क्रूड ऑयल का भाव 100 डॉलर के पार चला गया है। इस महीने तेल की कीमतें 30% से ज्यादा बढ़ चुकी हैं। दरअसल यमन के हूती समूह ने Red Sea में कुछ तेल टैंकरों पर हमला किया। इसके चलते तेल की सप्लाई को लेकर चिंता बढ़ गई। बता दें कि भारत अपनी ज्यादातर तेल जरूरतों के लिए आयात पर निर्भर है। ऐसे में तेल की कीमत में बढ़ोतरी भारत के लिए अच्छी खबर नहीं है।

विदेशी निवेशकों (FIIs) की बिकवाली

विदेशी संस्थागत निवेशक (FIIs) भारतीय बाजार से लगातार अपनी पूंजी निकाल रहे हैं। FIIs ने 23 जुलाई को 2,999.23 करोड़ रुपये के शेयर बेच दिए। विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली से मार्केट सेंटीमेंट पर असर पड़ रहा है।

कमजोर तिमाही नतीजे

चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही (Q1) के नतीजे उम्मीद के मुताबिक नहीं नजर आ रहे हैं। दिग्गज आईटी कंपनी इंफोसिस (Infosys) का शेयर आज कमजोर Q1 नतीजों के बाद 3 फीसदी तक लुढ़क गया। कंपनी का नेट प्रॉफिट तिमाही आधार पर 9 फीसदी घट गया। इसके साथ ही कंपनी ने गाइडेंस में भी कटौती की है। दूसरी तरफ एविएशन क्षेत्र की बड़ी कंपनी इंडिगो (IndiGo) के कमजोर नतीजों ने भी बाजार को झटका दिया है। कंपनी को जून तिमाही में कंसोलिडेटेड आधार पर ₹238 करोड़ का शुद्ध घाटा हुआ है। इसने पूरे मार्केट सेंटीमेंट पर दबाव बनाया है।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

अगला लेख