मार्केट न्यूज़

4 min read | अपडेटेड November 05, 2026, 10:27 IST
सारांश
फिजिक्सवाला ने 4 नवंबर को शेयर मार्केट बंद होने के बाद फाइनेंशियल ईयर 2026-27 के दूसरे क्वार्टर के नतीजे जारी किए, जिसके बाद आज जब शेयर मार्केट खुला तो फिजिक्सवाला के शेयरों में जमकर तेजी देखी गई।
शेयर सूची

Q2 नतीजे आते ही फिजिक्सवाला के शेयरों में क्यों दिखी तेजी? (Photo: Shutterstock)
भारत की टॉप एजुकेशन टेक्नोलॉजी (एडटेक) कंपनियों में शुमार फिजिक्सवाला के शेयरों में आज सुबह से काफी तेजी देखी गई है। मार्केट खुलने के बाद फिजिक्सवाला के शेयर 10% तक उछले थे। सुबह 10:15 बजे करीब शेयरों में 5.7% यानी कि 7-8 रुपये की तेजी थी और शेयर 134-135 रुपये प्रति शेयर पर ट्रेड हो रहे थे। फिजिक्सवाला ने फाइनेंशियल ईयर 2026-27 की दूसरे क्वार्टर में शानदार प्रदर्शन किया है। कंपनी ने 30 सितंबर 2026 को खत्म हुए क्वार्टर के वित्तीय नतीजे 4 नवंबर को मार्केट बंद होने के बाद जारी किए थे। इन नतीजों के अनुसार, कंपनी की कमाई में अच्छी बढ़ोतरी हुई है और मुनाफा पिछले साल की तुलना में दोगुना हो गया है।
कंपनी की दूसरी तिमाही में कुल कमाई 1,242.26 करोड़ रुपये रही, जो पिछले साल के इसी पीरियड के मुकाबले 18.2% अधिक है। वहीं, कंपनी का नेट प्रॉफिट बढ़कर 142 करोड़ रुपये पहुंच गया, जबकि पिछले साल इसी तिमाही में यह 70 करोड़ रुपये था। कंपनी के लिए यह अब तक की सबसे अधिक तिमाही कमाई है।
फाइनेंशियल ईयर 2026-27 की पहली छमाही यानी अप्रैल से सितंबर 2026 के दौरान कंपनी की कुल कमाई 2,292.60 करोड़ रुपये रही। इसमें पिछले साल की तुलना में 20.7% की बढ़ोतरी हुई है। खास बात यह है कि पिछले साल की पहली छमाही में कंपनी को 57 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था, जबकि इस साल इसी अवधि में कंपनी ने 55 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया है।
कंपनी के संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी अलख पांडे ने कहा कि इस तिमाही में कंपनी ने कमाई और मुनाफे दोनों में अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने बताया कि कंपनी का स्टूडेंट बेस लगातार बढ़ रहा है। कंपनी का मुख्य उद्देश्य कम कीमत पर अच्छी और तकनीक आधारित शिक्षा उपलब्ध कराना है।
कंपनी के ऑनलाइन कारोबार में भी अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिली है। दूसरी तिमाही में ऑनलाइन कारोबार से 694 करोड़ रुपये की कमाई हुई, जो पिछले साल से 26% अधिक है। नीट परीक्षा से जुड़े छात्रों के नामांकन में भी 30% से ज्यादा की वृद्धि हुई है।
इसके अलावा, कंपनी अब केवल जेईई और नीट की तैयारी तक सीमित नहीं है। स्कूल शिक्षा, बोर्ड परीक्षा, सीयूईटी, फाउंडेशन कोर्स और कौशल विकास जैसे क्षेत्रों में भी अपना विस्तार कर रही है। पहली छमाही में बोर्ड और सीयूईटी के लिए नामांकन में 130% की वृद्धि हुई।
फिजिक्सवाला के कुल भुगतान करने वाले छात्रों की संख्या बढ़कर 38.6 लाख हो गई है। कंपनी के ऐप पर रोजाना 41 लाख से अधिक एक्टिव यूजर्स आते हैं। इसके अलावा, कंपनी के ऐप को अब तक 10.6 करोड़ से ज्यादा बार डाउनलोड किया जा चुका है।
कंपनी ने दक्षिण भारत में भी अपना विस्तार बढ़ाया है। आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, कर्नाटक और केरल में कंपनी अपनी पहुंच मजबूत कर रही है। यहां क्षेत्रीय भाषाओं में पढ़ाई कराने के लिए 70 से अधिक शिक्षक जुड़े हैं। दक्षिण भारत में कंपनी के 63 ऑफलाइन सेंटर्स भी चल रहे हैं।
कंपनी ऑनलाइन शिक्षा के साथ-साथ ऑफलाइन शिक्षा पर भी ध्यान दे रही है। इसके ऑफलाइन केंद्रों की संख्या बढ़कर 370 हो गई है, जबकि पिछले साल यह संख्या 314 थी। कंपनी में 7,117 शिक्षक कार्यरत हैं।
कुल मिलाकर, फिजिक्स वाला के ताजा वित्तीय नतीजे बताते हैं कि कंपनी शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रही है। ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों में बढ़ती छात्र संख्या, नए पाठ्यक्रम और नए क्षेत्रों में विस्तार कंपनी की प्रगति को दिखाते हैं। आने वाले समय में कंपनी के सामने अपनी शिक्षा की गुणवत्ता बनाए रखने और अधिक से अधिक छात्रों तक सस्ती शिक्षा पहुंचाने की चुनौती होगी।
संबंधित समाचार
लेखकों के बारे में

अगला लेख