return to news
  1. चीन में Robot कंपनी के IPO ने मचाया धमाल, लिस्टिंग के बाद 629% तक उछले शेयर

मार्केट न्यूज़

चीन में Robot कंपनी के IPO ने मचाया धमाल, लिस्टिंग के बाद 629% तक उछले शेयर

Shubham Singh Thakur

3 min read | अपडेटेड August 19, 2026, 12:14 IST

सारांश

हांगझोउ स्थित Unitree Robotics ने IPO में करीब 4.04 करोड़ शेयर जारी किए थे। इनकी इश्यू कीमत 150.8 युआन रखी गई थी। लेकिन लिस्टिंग के बाद निवेशकों की जबरदस्त खरीदारी से शेयर 1100 युआन तक पहुंच गया।

Unitree Robotics IPO: कंपनी ने IPO के जरिए करीब 6.1 अरब युआन (लगभग 904 मिलियन डॉलर) जुटाए हैं।

Unitree Robotics IPO: कंपनी ने IPO के जरिए करीब 6.1 अरब युआन (लगभग 904 मिलियन डॉलर) जुटाए हैं। (Image: Unitree)

चीन की रोबोटिक्स कंपनी Unitree Robotics इस समय चर्चा में है। दरअसल, इस कंपनी ने शेयर बाजार में शानदार शुरुआत की है। शंघाई स्टॉक एक्सचेंज पर कंपनी के शेयर IPO कीमत से 629% तक चढ़कर 1100 युआन पर पहुंच गए। कंपनी ने IPO के जरिए करीब 6.1 अरब युआन (लगभग 904 मिलियन डॉलर) जुटाए हैं। इस लिस्टिंग के साथ Unitree चीन की मेनलैंड मार्केट में लिस्ट होने वाली पहली प्रमुख ह्यूमनॉइड रोबोट कंपनी बन गई है।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

IPO को मिला जबरदस्त रिस्पॉन्स

हांगझोउ स्थित Unitree Robotics ने IPO में करीब 4.04 करोड़ शेयर जारी किए थे। इनकी इश्यू कीमत 150.8 युआन रखी गई थी। लेकिन लिस्टिंग के बाद निवेशकों की जबरदस्त खरीदारी से शेयर 1100 युआन तक पहुंच गया। कंपनी के IPO को रिटेल निवेशकों से भी भारी मांग मिली। यह मांग इतनी ज्यादा थी कि इसका रिटेल ऑर्डर बुक चीन की बड़ी मेमोरी-चिप कंपनी CXMT के पिछले महीने के IPO में आए 7.07 ट्रिलियन युआन के बड़े ऑर्डर के बराबर पहुंच गया।

ह्यूमनॉइड रोबोट पर बढ़ रहा भरोसा

दुनियाभर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का फोकस अब केवल AI मॉडल और चैटबॉट तक सीमित नहीं है। निवेशकों की नजर अब Physical AI यानी ऐसे AI सिस्टम पर है जो वास्तविक दुनिया में काम कर सकें। ह्यूमनॉइड रोबोट इसी क्षेत्र का एक बड़ा हिस्सा हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दुनियाभर में ह्यूमनॉइड रोबोट की बिक्री 2025 में करीब 18,000 यूनिट थी, जो 2030 तक बढ़कर 17.5 लाख यूनिट हो सकती है। इस मांग में चीन की हिस्सेदारी आधे से ज्यादा हो सकती है।

कंपनी का कारोबार तेजी से बढ़ा

Unitree ने पिछले साल 5500 से ज्यादा ह्यूमनॉइड रोबोट बेचे थे और कंपनी के मुताबिक यह संख्या उसे दुनिया में सबसे आगे रखती है। इसके अलावा कंपनी के क्वाड्रुपेड यानी चार पैरों वाले रोबोट की कुल बिक्री 33,000 यूनिट से ज्यादा हो चुकी है। कंपनी का रेवेन्यू 2024 के 39.3 करोड़ युआन से बढ़कर 2025 में 1.7 अरब युआन हो गया। इस दौरान कंपनी का नेट प्रॉफिट करीब 27.8 करोड़ युआन रहा और ग्रॉस मार्जिन 60% से ज्यादा था।

IPO से मिले पैसों का क्या करेगी कंपनी?

Unitree IPO से जुटाए गए करीब 4.2 अरब युआन का इस्तेमाल ह्यूमनॉइड रोबोट रिसर्च, Embodied AI मॉडल विकसित करने, नए प्रोडक्ट और मैन्युफैक्चरिंग क्षमता बढ़ाने में करेगी। कंपनी की शुरुआत Wang Xingxing ने की थी। इसके रोबोट चीन के लोकप्रिय Spring Festival Gala कार्यक्रम में दिखाई देने के बाद काफी चर्चा में आए थे।

आगे की राह आसान नहीं

शेयरों में जबरदस्त तेजी ने निवेशकों का उत्साह दिखाया है, लेकिन कंपनी की वैल्यूएशन काफी ऊंची है। IPO कीमत पर Unitree का वैल्यूएशन उसकी बिक्री के करीब 35.89 गुना था, जबकि कुछ प्रतिस्पर्धी कंपनियों के लिए यह अनुपात करीब 20 गुना है।

एक्सपर्ट्स का मानना है कि कंपनी के लिए सिर्फ बेहतर हार्डवेयर बनाना काफी नहीं होगा। उसे रोबोट के AI मॉडल और सॉफ्टवेयर को भी मजबूत करना होगा। असली चुनौती यह होगी कि ह्यूमनॉइड रोबोट कितनी तेजी से प्रयोगों और डेमो से निकलकर रोजमर्रा के काम में इस्तेमाल होने लगते हैं।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

अगला लेख