return to news
  1. IIFL Finance: ₹3463 करोड़ की ब्लॉक डील, Fairfax बेच सकती है अपनी पूरी हिस्सेदारी, 6% तक चढ़े शेयर

मार्केट न्यूज़

IIFL Finance: ₹3463 करोड़ की ब्लॉक डील, Fairfax बेच सकती है अपनी पूरी हिस्सेदारी, 6% तक चढ़े शेयर

Upstox

4 min read | अपडेटेड November 18, 2026, 12:49 IST

सारांश

इस ब्लॉक डील में IIFL Finance के 5.61 करोड़ शेयरों का लेनदेन हुआ। ये शेयर कंपनी की कुल इक्विटी का करीब 13.15% हिस्सा हैं। सौदा औसतन 617 रुपये प्रति शेयर के भाव पर हुआ। रिपोर्ट के मुताबिक, इस डील में Fairfax के शेयर बेचने की संभावना है। हालांकि, यह जानकारी सूत्रों के हवाले से दी गई है।

शेयर सूची

IIFL Finance share

IIFL Finance में करीब 3,463 करोड़ रुपये की इस डील में कंपनी के 5.61 करोड़ शेयरों का लेनदेन हुआ।

आज 18 नवंबर को IIFL Finance के शेयरों में जोरदार तेजी देखने को मिली। कंपनी के शेयर शुरुआती कारोबार में 6% से ज्यादा चढ़ गए। इसकी वजह कंपनी में हुई एक बड़ी ब्लॉक डील है। करीब 3,463 करोड़ रुपये की इस डील में कंपनी के 5.61 करोड़ शेयरों का लेनदेन हुआ। माना जा रहा है कि इस सौदे के जरिए कनाडा की निवेश कंपनी Fairfax Financial Holdings ने IIFL Finance में अपनी पूरी हिस्सेदारी बेच दी है। हालांकि, अभी तक कंपनी की ओर से खरीदार और विक्रेता के नामों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

₹617 प्रति शेयर के भाव पर हुई ब्लॉक डील

इस ब्लॉक डील में IIFL Finance के 5.61 करोड़ शेयरों का लेनदेन हुआ। ये शेयर कंपनी की कुल इक्विटी का करीब 13.15% हिस्सा हैं। सौदा औसतन 617 रुपये प्रति शेयर के भाव पर हुआ। CNBC-TV18 की रिपोर्ट के मुताबिक, इस डील में Fairfax के शेयर बेचने की संभावना है। हालांकि, यह जानकारी सूत्रों के हवाले से दी गई है। रिपोर्ट लिखे जाने के समय IIFL Finance का शेयर 668.50 रुपये के आसपास कारोबार कर रहा था। कंपनी का कुल मार्केट कैप करीब 28,545.58 करोड़ रुपये है।

ब्लॉक डील में निवेशकों ने दिखाई दिलचस्पी

इतनी बड़ी मात्रा में शेयरों की बिक्री के बावजूद निवेशकों ने इस सौदे में काफी दिलचस्पी दिखाई। CNBC-TV18 की रिपोर्ट के अनुसार, ब्लॉक डील में शेयरों की मांग बिक्री के लिए रखे गए शेयरों की संख्या से दोगुने से भी ज्यादा रही। इस सौदे में भारत के बड़े म्यूचुअल फंड, विदेशी संस्थागत निवेशकों और अमेरिका व पश्चिम एशिया के कुछ फंडों ने हिस्सा लिया। इसके अलावा, भारत के तीन बड़े फैमिली ऑफिस ने भी शेयर खरीदे।

इससे पहले आई रिपोर्ट्स में बताया गया था कि Fairfax करीब 5.65 करोड़ शेयर बेचने की योजना बना रही है। यह कंपनी की 13.25% हिस्सेदारी के बराबर था। इस बिक्री के लिए 611 रुपये प्रति शेयर का फ्लोर प्राइस तय किया गया था, जो मंगलवार के बंद भाव से करीब 4% कम था। कंपनी के शेयरहोल्डिंग पैटर्न के मुताबिक, Fairfax की इकाई FIH Mauritius Investments के पास IIFL Finance की 13.64% हिस्सेदारी थी। वहीं, प्रमोटर्स के पास कुल 24.76% और पब्लिक शेयरहोल्डर्स के पास 75.24% हिस्सेदारी थी।

6,400 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी

Fairfax की हिस्सेदारी बेचने की खबर ऐसे समय आई है, जब IIFL Finance ने हाल ही में करीब 6,400 करोड़ रुपये जुटाने की योजना को मंजूरी दी है। इस योजना के तहत ग्लोबल निवेश कंपनी Blackstone करीब 5,000 करोड़ रुपये का निवेश कर सकती है। इसके बदले उसे IIFL Finance में लगभग 16% हिस्सेदारी मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा, कंपनी के प्रमोटर निर्मल जैन और आर वेंकटरमन करीब 1,264 करोड़ रुपये का निवेश कर सकते हैं। वहीं, Anchorage Capital की ओर से लगभग 150 करोड़ रुपये लगाए जाने की संभावना है।

सितंबर तिमाही में मुनाफा दोगुने से ज्यादा

IIFL Finance ने सितंबर तिमाही में भी शानदार प्रदर्शन किया। कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर दोगुने से ज्यादा होकर 766.4 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। पिछले साल की समान तिमाही में यह 376.3 करोड़ रुपये था। वहीं, कंपनी की नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) में भी 50.2% की बढ़ोतरी हुई। यह पिछले साल के 1,439 करोड़ रुपये से बढ़कर 2,161 करोड़ रुपये हो गई। नेट इंटरेस्ट इनकम का मतलब कंपनी को दिए गए कर्ज पर मिलने वाले ब्याज और जमा या उधारी पर चुकाए जाने वाले ब्याज के बीच का अंतर होता है।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख

End of additional stories