मार्केट न्यूज़

4 min read | अपडेटेड November 18, 2026, 12:02 IST
सारांश
Mahanadi Coalfields का आईपीओ गुरुवार, 19 नवंबर को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा। कंपनी इस आईपीओ के जरिए 8981.12 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है। इसके लिए प्रति शेयर 129 से 136 रुपये का प्राइस बैंड तय किया गया है।

Mahanadi Coalfields ने कुल इश्यू का 10 फीसदी हिस्सा Coal India के शेयरधारकों के लिए आरक्षित रखा है।
अगर आपके पास Coal India क शेयर हैं, तो आपके पास Mahanadi Coalfields IPO में आवेदन करने का एक अतिरिक्त मौका है। कंपनी ने अपने आईपीओ में Coal India के मौजूदा शेयरधारकों के लिए अलग से शेयर आरक्षित किए हैं। ऐसे में निवेशक सामान्य रिटेल कैटेगरी के अलावा शेयरहोल्डर्स कोटे के तहत भी आवेदन कर सकते हैं। हालांकि, इसके लिए कुछ जरूरी शर्तें पूरी करनी होंगी।
Mahanadi Coalfields का आईपीओ गुरुवार, 19 नवंबर को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा। कंपनी इस आईपीओ के जरिए 8981.12 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है। इसके लिए प्रति शेयर 129 से 136 रुपये का प्राइस बैंड तय किया गया है।
यह आईपीओ पूरी तरह ऑफर फॉर सेल (OFS) है। यानी इसमें कंपनी नए शेयर जारी नहीं करेगी, बल्कि मौजूदा शेयर बेचे जाएंगे। इस आईपीओ के तहत कुल 66.18 करोड़ शेयर बिक्री के लिए पेश किए जाएंगे।
कंपनी ने कुल इश्यू का 10 फीसदी हिस्सा Coal India के शेयरधारकों के लिए आरक्षित रखा है। इसकी कीमत करीब 898 करोड़ रुपये है। इसके तहत 6,61,83,630 शेयर उपलब्ध होंगे। हालांकि, शेयरहोल्डर्स कोटे में आवेदन करने वाले निवेशकों को कोई विशेष डिस्काउंट नहीं मिलेगा। उन्हें भी तय प्राइस बैंड के हिसाब से ही शेयर खरीदने होंगे।
इस कोटे का फायदा उन्हीं निवेशकों को मिलेगा, जिनके पास 13 नवंबर तक Coal India के शेयर थे। यह वह तारीख है, जब Mahanadi Coalfields ने अपना रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (RHP) दाखिल किया था।
इसमें व्यक्तिगत निवेशकों के साथ हिंदू अविभाजित परिवार (HUF) भी शामिल हैं। यानी अगर किसी निवेशक के डीमैट अकाउंट में 13 नवंबर को Coal India के शेयर मौजूद थे, तो वह शेयरहोल्डर्स कैटेगरी के तहत आवेदन करने के योग्य हो सकता है। इस कैटेगरी में निवेशक अधिकतम 2 लाख रुपये तक के शेयरों के लिए आवेदन कर सकते हैं।
निवेशक रिटेल या नॉन-इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर (NII) कैटेगरी के साथ शेयरहोल्डर्स कोटे में भी आवेदन कर सकते हैं। इससे उन्हें शेयर अलॉट होने की संभावना बढ़ाने का एक अतिरिक्त मौका मिल सकता है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि शेयर मिलना पक्का है।
Mahanadi Coalfields IPO में आवेदन करने के लिए निवेशक अपने ब्रोकर के ऐप या बैंक की ASBA सुविधा का इस्तेमाल कर सकते हैं। आवेदन करते समय कैटेगरी में 'Coal India Shareholder' का विकल्प चुनना होगा। इसके बाद जितने शेयरों के लिए आवेदन करना है, उसकी बोली लगानी होगी।
एक लॉट के लिए 14,960 रुपये की रकम तय की गई है। इसके बाद इसी के गुणकों में आवेदन किया जा सकता है। निवेशकों को कट-ऑफ प्राइस का विकल्प भी चुनना होगा। आवेदन पूरा करने के बाद बैंक या यूपीआई के जरिए आईपीओ का मैंडेट अप्रूव करना होगा। इससे आवेदन की रकम बैंक खाते में ब्लॉक हो जाएगी। शेयर अलॉट नहीं होने पर यह रकम अनब्लॉक कर दी जाएगी।
CRISIL की रिपोर्ट के मुताबिक Mahanadi Coalfields ने वित्त वर्ष 2026 में 218.31 मिलियन टन कोयले का उत्पादन किया। यह भारत के कुल नॉन-कोकिंग कोयला उत्पादन का करीब 22.4 फीसदी है। यह Coal India की सबसे बड़ी कोयला उत्पादक सब्सिडियरी है। वित्त वर्ष 2026 में कंपनी ने Coal India के कुल कोयला उत्पादन में 28 फीसदी से ज्यादा का योगदान दिया। यानी देश में कोयले की आपूर्ति और Coal India के कारोबार में Mahanadi Coalfields की अहम भूमिका है।
संबंधित समाचार
लेखकों के बारे में

अगला लेख