मार्केट न्यूज़

4 min read | अपडेटेड August 21, 2026, 13:09 IST
सारांश
पीएन गाडगिल ज्वेलर्स, सीजी पावर एंड इंडस्ट्रियल सॉल्यूशंस और ब्रिगेड एंटरप्राइजेज ने अपनी ग्रोथ को बढ़ाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। इन तीनों दिग्गज कंपनियों ने अलग-अलग कंपनियों में 100% हिस्सेदारी खरीदने की मंजूरी दी है और सौदे पूरे किए हैं।
शेयर सूची

पीएन गाडगिल, सीजी पावर और ब्रिगेड एंटरप्राइजेज ने 100% हिस्सेदारी खरीदने के सौदे पूरे किए हैं।
भारतीय कॉर्पोरेट जगत में विस्तार और मजबूती की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए तीन प्रमुख कंपनियों ने अहम सौदों का ऐलान किया है। ज्वेलरी, इंजीनियरिंग और रियल एस्टेट सेक्टर की इन कंपनियों ने अलग-अलग बिजनेस में पूरे 100% शेयर यानी पूरी हिस्सेदारी हासिल कर ली है। इनमें पीएन गाडगिल ज्वेलर्स, सीजी पावर एंड इंडस्ट्रियल सॉल्यूशंस और ब्रिगेड एंटरप्राइजेज शामिल हैं। इन एक्विजिशन के जरिए कंपनियां अपने कोर बिजनेस को मजबूत करने, नए मार्केट में अपनी पहुंच बढ़ाने और ऑपरेशंस को जियादा बेहतर बनाने की कोशिश कर रही हैं।
ज्वेलरी सेक्टर की दिग्गज कंपनी पीएन गाडगिल ज्वेलर्स ने सिल्वोस्टाइल ज्वेलर्स में 100% हिस्सेदारी खरीदने की मंजूरी दे दी है। कंपनी फ्रेश इश्यू और मौजूदा शेयरधारकों से 1.50 करोड़ इक्विटी शेयर खरीदकर यह एक्विजिशन पूरा करेगी। इस सौदे के पूरा होते ही सिल्वोस्टाइल ज्वेलर्स, पीएन गाडगिल ज्वेलर्स की पूरी तरह से स्वामित्व वाली सब्सिडियरी यानी व्हॉली ओन्ड सब्सिडियरी बन जाएगी। इस एक्विजिशन का मुख्य मकसद सिल्वोस्टाइल ज्वेलर्स को पीएनजी ग्रुप में शामिल करके अपने ज्वेलरी बिजनेस को मजबूत बनाना है। कंपनी के बोर्ड ने 20 अगस्त 2026 को हुई मीटिंग में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी।
इस सौदे को पूरा करने के लिए कुल 27.96 करोड़ रुपये का भुगतान किया जाएगा। इसमें नए और पुराने दोनों तरह के शेयरों की खरीद शामिल है। कंपनी को उम्मीद है कि इस एक्विजिशन से ऑपरेशंस में तालमेल बेहतर होगा, प्रॉडक्ट्स की रेंज बढ़ेगी और मार्केट में कंपनी की पकड़ मजबूत होगी। यह पूरा प्रोसेस 31 दिसंबर 2026 या उससे पहले खत्म होने की उम्मीद है। पीएन गाडगिल ज्वेलर्स अपने मशहूर ब्रांड नेम 'पीएनजी' के तहत सोना, चांदी, प्लेटिनम और हीरे के गहनों की एक बड़ी रेंज अलग-अलग प्राइस और डिजाइन में ऑफर करती है।
दूसरी तरफ सीजी पावर एंड इंडस्ट्रियल सॉल्यूशंस की पूरी तरह से स्वामित्व वाली सब्सिडियरी एक्सीरो सेमीकंडक्टर ने बड़ा सौदा पूरा कर लिया है। एक्सीरो ने तोसिल सिस्टम्स के 10 रुपये फेस वैल्यू वाले 5,00,000 इक्विटी शेयर खरीद लिए हैं। यह तोसिल सिस्टम्स की कुल सब्सक्राइब की हुई और पेड-अप इक्विटी शेयर कैपिटल का 100% हिस्सा है। कंपनी ने यह एक्विजिशन 16.44 करोड़ रुपये में पूरा किया है। इस खरीदारी के बाद तोसिल सिस्टम्स, कंपनीज एक्ट 2013 के सेक्शन 2(87) के तहत एक्सीरो की व्हॉली ओन्ड सब्सिडियरी बन गई है। सीजी पावर एक बड़ी इंजीनियरिंग कंपनी है, जो पावर और इंडस्ट्रियल इक्विपमेंट से जुड़े प्रॉडक्ट्स और सॉल्यूशंस बनाती है। इसी शेयर में अभी हाल ही में 2024 के हाई को तोड़कर एक ब्रेकआउट दिया था। स्टॉक अभी उसी जोन में ट्रेड भी कर रहा है।
रियल एस्टेट सेक्टर की प्रमुख कंपनी ब्रिगेड एंटरप्राइजेज ने भी अपनी स्टेप डाउन सब्सिडियरी मैसर्स सेलिब्रेशंस में 100% हिस्सेदारी का एक्विजिशन कर लिया है। इस खरीदारी से पहले मैसर्स सेलिब्रेशंस के 100% इक्विटी शेयर ब्रिगेड एंटरप्राइजेज की व्हॉली ओन्ड सब्सिडियरी मैसर्स ब्रिगेड हॉस्पिटैलिटी सर्विसेज के पास थे। अब इस नए एक्विजिशन के बाद मैसर्स सेलिब्रेशंस 19 अगस्त 2026 से सीधे ब्रिगेड एंटरप्राइजेज की व्हॉली ओन्ड सब्सिडियरी बन गई है। कंपनी ने यह एक्विजिशन अपने रियल एस्टेट डेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स को आगे बढ़ाने के लिए किया है, जिसकी कुल लागत 30 लाख रुपये रही है। ब्रिगेड ग्रुप मुख्य रूप से बेंगलुरु और मैसूर में काम करता है।
संबंधित समाचार
लेखकों के बारे में

अगला लेख