return to news
  1. मणिपाल हेल्थ IPO में पैसे लगाने का है प्लान, तो पहले जान लें कंपनी की ताकत और रिस्क

मार्केट न्यूज़

मणिपाल हेल्थ IPO में पैसे लगाने का है प्लान, तो पहले जान लें कंपनी की ताकत और रिस्क

Namita Shukla

4 min read | अपडेटेड July 27, 2026, 14:32 IST

सारांश

मणिपाल हेल्थ आज 13,037 बेड क्षमता के साथ भारत का सबसे बड़ा मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल नेटवर्क है। हॉस्पिटल्स के नंबर्स के लिहाज से भी यह देश की दूसरी सबसे बड़ी प्राइवेट हॉस्पिटल चेन है। कंपनी के पास देशभर में 47 हॉस्पिटल्स का नेटवर्क है, जिससे उसे मरीजों का व्यापक आधार मिलता है।

मणिपाल हेल्थ आईपीओ

मणिपाल हेल्थ आईपीओ से जुड़े क्या हैं रिस्क और क्या हैं मजबूत पक्ष? (Photo: Shutterstock)

मणिपाल हेल्थ एंटरप्राइजेज लिमिटेड अपना आईपीओ लाने जा रही है। देश की प्रमुख हॉस्पिटल चेन्स में शुमार मणिपाल हेल्थ एंटरप्राइजेज के आईपीओ को लेकर काफी चर्चा हो रही है। यह आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 29 जुलाई को खुलने जा रहा है, लेकिन चलिए इससे पहले इस आईपीओ से जुड़े तमाम पहलुओं पर नजर डालते हैं। मणिपाल हेल्थ एंटरप्राइजेज आईपीओ के मजबूत पक्ष क्या हैं और साथ ही इससे क्या-क्या रिस्क जुड़े हैं? कंपनी खुद को भारत का सबसे बड़ा मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल नेटवर्क बताती है और पिछले कुछ सालों में कई बड़े अधिग्रहणों के जरिए अपनी मौजूदगी तेजी से बढ़ाई है। हालांकि, हर आईपीओ की तरह इसमें भी कमाई के मौकों के साथ कुछ रिस्क जुड़े हुए हैं। ऐसे में इन्वेस्टरों के लिए कंपनी की प्रमुख ताकत और जोखिम दोनों को समझना जरूरी है।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

एक नजर डालते हैं कंपनी के मजबूत पक्षों पर

मणिपाल हेल्थ आज 13,037 बेड क्षमता के साथ भारत का सबसे बड़ा मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल नेटवर्क है। हॉस्पिटल्स के नंबर्स के लिहाज से भी यह देश की दूसरी सबसे बड़ी प्राइवेट हॉस्पिटल चेन है। कंपनी के पास देशभर में 47 हॉस्पिटल्स का नेटवर्क है, जिससे उसे मरीजों का व्यापक आधार मिलता है। कंपनी की एक और बड़ी विशेषता इसका जियोग्राफिकल कवरेज है। मणिपाल हेल्थ की मजबूत मौजूदगी बेंगलुरु, कोलकाता और पुणे जैसे प्रमुख महानगरों में है। इन शहरों के अलावा कंपनी आसपास के जिलों और छोटे शहरों से भी बड़ी संख्या में मरीजों को रेफरल के जरिए जोड़ती है। इससे मरीजों की संख्या लगातार बनी रहती है और कारोबार में स्थिरता आती है।

ब्रांड वैल्यू भी कंपनी की बड़ी ताकत मानी जाती है। सालों से हेल्थ सर्विसेज में मौजूदगी के कारण मणिपाल ब्रांड पर मरीजों और डॉक्टरों दोनों का भरोसा है। कंपनी के हॉस्पिटल मॉडर्न मेडिकल इक्विपमेंट्स, मल्टी-स्पेशियलिटी सुविधाओं और डिजिटल हेल्थ सिस्टम से लैस हैं। साथ ही डॉक्टरों की ट्रेनिंग और रिसर्च पर भी खास ध्यान दिया जाता है।

वित्तीय मोर्चे पर भी कंपनी ने अच्छा प्रदर्शन किया है। फाइनेंशियल ईयर 2025 में कंपनी का ऑपरेशन से रेवेन्यू ₹8,242 करोड़ रहा, जबकि अधिग्रहणों को शामिल करने वाले प्रो-फॉर्मा आधार पर यह ₹9,263 करोड़ से अधिक रहा। EBITDA मार्जिन लगभग 26% रहा, जो हॉस्पिटल इंडस्ट्री में मजबूत परिचालन क्षमता का संकेत देता है।

ये तो हो गए आईपीओ से जुड़े मजबूत पक्ष, अब एक नजर प्रमुख रिस्क पर भी डालते हैं। हालांकि कंपनी का साइज बड़ा है, लेकिन कुछ जोखिम भी इन्वेस्टरों को ध्यान में रखने चाहिए।

आईपीओ से जुड़े प्रमुख रिस्क

सबसे बड़ा रिस्क कंपनी पर मौजूदा ज्यादा कर्ज है। कंपनी की एक प्रमुख सहायक इकाई द्वारा जारी ₹5,310 करोड़ के सूचीबद्ध नॉन-कन्वर्टिबल डिबेंचर (NCD) बकाया हैं। यही वजह है कि IPO से जुटाई गई राशि का बड़ा हिस्सा कर्ज चुकाने में इस्तेमाल किया जाएगा।

कंपनी का विस्तार काफी हद तक अधिग्रहण के जरिए हुआ है। अलग-अलग हॉस्पिटलों और हेल्थकेयर नेटवर्क को एकीकृत करना आसान नहीं होता। अगर अधिग्रहण के बाद ऑपरेशन्स, कल्चर या कॉस्ट मैनेजमेंट में उम्मीद के मुताबिक तालमेल नहीं बनता, तो प्रॉफिटिबिलिटी प्रभावित हो सकती है। कंपनी ने खुद भी इन्वेस्टरों को प्रो-फॉर्मा वित्तीय आंकड़ों को वास्तविक भविष्य के प्रदर्शन का पूर्ण संकेतक नहीं मानने की सलाह दी है।

हेल्थकेयर सेक्टर बहुत ज्यादा नियामकीय है। हॉस्पिटलों को लाइसेंस, क्वॉलिटी स्टैंडर्ड्स, मेडिकल रेगुलेशन्स और गवर्नमेंट पॉलिसियों का लगातार पालन करना पड़ता है। नियमों में किसी बड़े बदलाव या अनुपालन में कमी का असर कारोबार पर पड़ सकता है।

इसके अलावा हॉस्पिटल इंडस्ट्री में डॉक्टरों, नर्सों और स्पेशलाइज्ड मेडिकल कर्मियों की उपलब्धता बेहद महत्वपूर्ण होती है। अनुभवी डॉक्टरों को बनाए रखना और नए विशेषज्ञों को जोड़ना लगातार चुनौती बना रहता है। प्रतिस्पर्धी अस्पतालों द्वारा बेहतर पैकेज दिए जाने से प्रतिभा को बनाए रखना कठिन हो सकता है।

अगर पैसा लगाने का है प्लान, तो इन बातों का रखें ध्यान

एक्सपर्ट्स के मुताबिक मणिपाल हेल्थ का सबसे बड़ा आकर्षण उसका मजबूत ब्रांड, देशभर में फैला हॉस्पिटल नेटवर्क, उच्च बेड क्षमता और लगातार बढ़ती हेल्थ सर्विसेज की मांग है। दूसरी ओर, ऊंचा कर्ज, अधिग्रहणों का सफल एकीकरण और नियामकीय चुनौतियां ऐसे कारक हैं जिन पर भविष्य का प्रदर्शन काफी हद तक निर्भर करेगा। कुल मिलाकर, यह आईपीओ ऐसे निवेशकों के लिए आकर्षक हो सकता है, जो भारत के तेजी से बढ़ते हेल्थकेयर सेक्टर में लॉन्ग टर्म इन्वेस्टमेंट के मौके तलाश रहे हैं। हालांकि निवेश का फैसला लेने से पहले कंपनी के जोखिम कारकों, वित्तीय स्थिति और मूल्यांकन का सावधानीपूर्वक आकलन करना जरूरी होगा।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

लेखकों के बारे में

Namita Shukla
Namita Shukla is a seasoned journalist with over 15 years of experience in Hindi media. She has worked with some of the most reputed news organizations, including Navbharat Times, Dainik Jagran, Aaj Tak, and Hindustan Times Hindi. Throughout her career, Namita has reported on a wide range of beats such as national affairs, sports, business, and entertainment, bringing clarity and depth to her reporting. In addition to her journalistic work, she is a certified fact-checker by both Google and Meta, underscoring her commitment to accuracy and ethical journalism in the digital age.

अगला लेख