return to news
  1. वेल्सपन कॉर्प का ऑर्डर बुक ₹25,750 करोड़ के पार, US से मिला ₹960 करोड़ का नया ऑर्डर, शेयर उछले

मार्केट न्यूज़

वेल्सपन कॉर्प का ऑर्डर बुक ₹25,750 करोड़ के पार, US से मिला ₹960 करोड़ का नया ऑर्डर, शेयर उछले

Namita Shukla

4 min read | अपडेटेड July 27, 2026, 09:51 IST

सारांश

इस ऑर्डर के साथ कंपनी की ग्लोबल ऑर्डर बुक बढ़कर लगभग 25,750 करोड़ रुपये (करीब 2.7 अरब अमेरिकी डॉलर) पर पहुंच गई है, जो कंपनी के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा ऑर्डर बुक है। इसका असर आज कंपनी के शेयरों पर भी देखने को मिल रहा है।

शेयर सूची

वेल्सपन कॉर्प

वेल्सपन कॉर्प को मिला बड़ा ऑर्डर, शेयरों में दिखी तेजी (Photo: Shutterstock)

स्टील पाइप और लाइन पाइप मैनुफैक्चरिंग सेक्टर की प्रमुख कंपनी वेल्सपन कॉर्प लिमिटेड को अमेरिका से एक और बड़ा ऑर्डर मिला है। कंपनी ने स्टॉक एक्सचेंज को दी जानकारी में बताया कि उसकी अमेरिकी मैनुफैक्चरिंग यूनिट लिटिल रॉक, USA को कोटेड लाइन पाइप्स की सप्लाई के लिए करीब 960 करोड़ रुपये का नया ऑर्डर मिला है। इस ऑर्डर के साथ कंपनी की ग्लोबल ऑर्डर बुक बढ़कर लगभग 25,750 करोड़ रुपये (करीब 2.7 अरब अमेरिकी डॉलर) पर पहुंच गई है, जो कंपनी के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा ऑर्डर बुक है। इसका असर आज कंपनी के शेयरों पर भी देखने को मिल रहा है। सुबह 9:30 बजे के करीब वेल्सपन कॉर्प के शेयर करीब 1.5% यानी कि 22-23 रुपये प्रति शेयर बढ़कर 1,619 रुपये प्रति शेयर पर ट्रेड हो रहे थे।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

ऑर्डर की पूरी डीटेल्स

कंपनी के मुताबिक नया ऑर्डर उसकी अमेरिकी मैनुफैक्चरिंग यूनिट से पूरा किया जाएगा। यह उपलब्धि ऐसे समय में आई है जब ग्लोबल लेवल पर एनर्जी और पाइपलाइन इंफ्रास्ट्रक्चर में इन्वेस्टमेंट लगातार बढ़ रही है। वेल्सपन कॉर्प का कहना है कि मौजूदा ऑर्डर बुक कंपनी को अगले दो वित्तीय वर्षों तक मजबूत कारोबार की क्लैरिटी देती है। कंपनी ने बताया कि मौजूदा ऑर्डर बुक का एग्जिक्यूशन फाइनेंशियल ईयर 2026-27 और 2027-28 के दौरान किया जाएगा। इससे भारत और अमेरिका स्थित उसकी मैनुफैक्चरिंग यूनिटों की क्षमता का बेहतर इस्तेमाल सुनिश्चित होगा। साथ ही कंपनी को लंबे समय तक स्थिर रेवेन्यू मिलने की संभावना भी मजबूत होगी।

वेल्सपन कॉर्प ने कहा कि रिकॉर्ड स्तर की ऑर्डर बुक इस बात का संकेत है कि ग्लोबल पाइपलाइन इंफ्रास्ट्रक्चर मार्केट में उसकी पकड़ लगातार मजबूत हो रही है। कंपनी का मानना है कि विभिन्न देशों में ऑयल, गैस और एनर्जी ट्रांसपोर्ट प्रोजेक्ट्स में बढ़ते इन्वेस्टमेंट का फायदा उसे आने वाले सालों में भी मिलता रहेगा। अमेरिका समेत कई देशों में नई पाइपलाइन प्रोजेक्ट्स और पुरानी पाइपलाइन के आधुनिकीकरण के प्लान्स पाइप मैनुफैक्चरर के लिए बड़े मौके पैदा कर रही हैं।

क्या कहते हैं मार्केट एक्सपर्ट्स?

एक्सपर्ट्स की माने तो किसी भी मैनुफैक्चरिंग कंपनी के लिए मजबूत ऑर्डर बुक इन्वेस्टरों के लिए पॉजिटिव संकेत माना जाता है, क्योंकि इससे भविष्य के रेवेन्यू और प्रोडक्शन क्षमता के बेहतर इस्तेमाल का अनुमान लगाया जा सकता है। वेल्सपन कॉर्प के मामले में 25,750 करोड़ रुपये की ऑर्डर बुक यह दिखाती है कि कंपनी के पास अगले दो सालों के लिए पर्याप्त काम है। इससे कैश फ्लो और परिचालन प्रदर्शन में भी स्थिरता आने की उम्मीद रहती है।

कंपनी लंबे समय से बड़ी लाइन पाइप, डक्टाइल आयरन पाइप और अलग-अलग तरह के स्टील प्रोडक्ट्स के निर्माण में सक्रिय है। उसके मैनुफैक्चरिंग प्लांट भारत के अलावा अमेरिका में भी स्थित हैं, जिससे वह ग्लोबल कस्टमर्स की जरूरतों के हिसाब से तेजी से सप्ताई देने में सक्षम है। अमेरिकी मार्केट में स्थानीय स्तर पर उत्पादन सुविधा होने से कंपनी को वहां के प्रोजेक्ट्स में प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त भी मिलती है।

इन्वेस्टरों के लिए काम की बात

वेल्सपन कॉर्प ने अपनी नियामकीय सूचना में कहा कि यह जानकारी SEBI (Listing Obligations and Disclosure Requirements) Regulations, 2015 के Regulation 30 के तहत सार्वजनिक की गई है। कंपनी ने इसे प्राइस सेंसेटिव इन्फॉर्मेशन बताते हुए निवेशकों और शेयरधारकों को इसकी जानकारी दी है। मार्केट एनालिस्ट्स का मानना है कि रिकॉर्ड ऑर्डर बुक और अमेरिका से लगातार मिल रहे ऑर्डर कंपनी के ग्लोबल कारोबार में बढ़ते विश्वास को दर्शाते हैं। अगर कंपनी तय समय पर इन प्रोजेक्ट्स को एग्जिक्यूट करती है, तो आने वाले फाइनेंशियल ईयर्स में उसके रेवेन्यू और प्रॉफिटिबिलिटी पर इसका पॉजिटिव असर देखने को मिल सकता है। मजबूत ऑर्डर बुक के साथ वेल्सपन कॉर्प अब ग्लोबल पाइपलाइन इंफ्रास्ट्रक्चर बाजार में अपनी स्थिति और मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

लेखकों के बारे में

Namita Shukla
Namita Shukla is a seasoned journalist with over 15 years of experience in Hindi media. She has worked with some of the most reputed news organizations, including Navbharat Times, Dainik Jagran, Aaj Tak, and Hindustan Times Hindi. Throughout her career, Namita has reported on a wide range of beats such as national affairs, sports, business, and entertainment, bringing clarity and depth to her reporting. In addition to her journalistic work, she is a certified fact-checker by both Google and Meta, underscoring her commitment to accuracy and ethical journalism in the digital age.

अगला लेख