मार्केट न्यूज़

4 min read | अपडेटेड November 01, 2026, 16:00 IST
सारांश
अक्टूबर के बिक्री आंकड़े बताते हैं कि त्योहारी सीजन में ऑटोमोबाइल सेक्टर में मांग मजबूत बनी हुई है। मारुति सुजुकी और हुंडई ने रिकॉर्ड मंथली सेल दर्ज की, जबकि महिंद्रा ने कुल वाहन बिक्री में नया रिकॉर्ड बनाया।
शेयर सूची

अक्टूबर में मारुति की रिकॉर्ड बिक्री, टाटा-हुंडई ने भी दिखाया दम (Photo: Shutterstock)
देश की प्रमुख ऑटोमोबाइल कंपनियों के लिए अक्टूबर का महीना शानदार रहा। त्योहारी सीजन में कस्टमर्स की मजबूत डिमांड और नए मॉडल्स को मिल रहे बेहतर रिस्पॉन्स के दम पर मारुति सुजुकी, टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा, हुंडई मोटर इंडिया और जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर इंडिया ने बिक्री में अच्छी बढ़त दर्ज की है। कई कंपनियों ने अक्टूबर में अपनी अब तक की सबसे ज्यादा मंथली सेल का रिकॉर्ड बनाया है। कंपनियों के बिक्री आंकड़ों के बाद सोमवार को शेयर बाजार में इन ऑटो स्टॉक्स पर निवेशकों की खास नजर रह सकती है।
देश की सबसे बड़ी पैसेंजर गाड़ी निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया ने अक्टूबर में अब तक की सबसे ज्यादा मंथली सेल दर्ज की। कंपनी की कुल डिस्पैच सालाना आधार पर 25% बढ़कर 2.76 लाख यूनिट पर पहुंच गई, जबकि पिछले साल सेम पीरियड में बिक्री का आधार पहले से मजबूत था। कंपनी की घरेलू यात्री वाहन डिस्पैच 20% से अधिक बढ़कर 2.12 लाख यूनिट रही। वहीं, सुपर कैरी और अन्य वाहन निर्माताओं को की गई बिक्री सहित कुल घरेलू डिस्पैच लगभग 19% बढ़कर 2.26 लाख यूनिट पर पहुंच गई।
कंपनी के मुताबिक, बाजार में मजबूत मांग और त्योहारी सीजन का बिक्री को फायदा मिला है। मारुति के डीलरशिप पर करीब 15-16 दिनों का स्टॉक था, जबकि लगभग 2 लाख बुकिंग पेंडिंग थीं।
टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड की अक्टूबर में घरेलू और इंटरनेशनल मार्केट में कुल बिक्री 23% बढ़कर 75,426 यूनिट हो गई। पिछले साल अक्टूबर में कंपनी ने 61,295 वाहन बेचे थे। घरेलू बाजार में यात्री वाहनों की बिक्री 21% बढ़कर 73,894 यूनिट रही, जबकि पिछले साल यह 61,134 यूनिट थी। वहीं, इंटरनेशनल मार्केट में बिक्री 161 यूनिट से बढ़कर 1,532 यूनिट पर पहुंच गई।
महिंद्रा एंड महिंद्रा की कुल वाहन बिक्री अक्टूबर में 9% बढ़कर रिकॉर्ड 1,31,109 यूनिट हो गई। कंपनी की घरेलू यात्री वाहन बिक्री 2% बढ़कर 73,338 यूनिट रही। वहीं, निर्यात में 77% की जोरदार बढ़त दर्ज की गई और यह 7,102 यूनिट पर पहुंच गया। कंपनी की कमर्शियल गाड़ियों की बिक्री 4% बढ़कर 33,037 यूनिट रही। इलेक्ट्रिक वाहनों समेत तिपहिया वाहनों की बिक्री 38% बढ़कर 17,632 यूनिट पर पहुंच गई। इसके अलावा, 2 से 3.5 टन क्षमता वाले हल्के कमर्शियल गाड़ियों की बिक्री 5% बढ़कर 28,654 यूनिट रही। हालांकि, 2 टन से कम क्षमता वाले हल्के कमर्शियल गाड़ियों की बिक्री 4% घटकर 4,383 यूनिट रह गई। महिंद्रा के मुताबिक, त्योहारी मांग और नए उत्पादों के दम पर एसयूवी, पिकअप और तिपहिया वाहनों की मांग मजबूत रही। कंपनी के पहले सीएनजी वाहन XUV, 3XO, ZNG को भी ग्राहकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है।
हुंडई मोटर इंडिया ने भी अक्टूबर में अब तक की सबसे ज्यादा मंथली सेल का रिकॉर्ड बनाया। कंपनी ने घरेलू बाजार और निर्यात मिलाकर कुल 82,299 वाहन बेचे, जो पिछले साल अक्टूबर के मुकाबले 17.7% ज्यादा है। घरेलू बिक्री 16.7% बढ़कर 62,799 यूनिट रही। वहीं, निर्यात 21.1% की वृद्धि के साथ 19,500 यूनिट पर पहुंच गया। कंपनी के मुताबिक, घरेलू और इंटरनेशनल बाजारों में बेहतर प्रदर्शन के साथ त्योहारी मांग ने बिक्री को मजबूती दी।
जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर इंडिया की अक्टूबर 2026 में थोक बिक्री सालाना आधार पर 19% बढ़कर 8,013 यूनिट रही। कंपनी के नए मॉडल MG Hector, Tomahawk EV और Windsor Indulgence Edition को ग्राहकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। कंपनी के अनुसार, इन मॉडलों की डिलीवरी में भी तेजी आई है।
अक्टूबर के बिक्री आंकड़े बताते हैं कि त्योहारी सीजन में ऑटोमोबाइल सेक्टर में मांग मजबूत बनी हुई है। मारुति सुजुकी और हुंडई ने रिकॉर्ड मंथली सेल दर्ज की, जबकि महिंद्रा ने कुल वाहन बिक्री में नया रिकॉर्ड बनाया। टाटा मोटर्स और एमजी मोटर की बिक्री में भी अच्छी बढ़त रही। ऐसे में सोमवार को मारुति सुजुकी, टाटा मोटर्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा, हुंडई मोटर इंडिया और एमजी मोटर से जुड़ी बाजार गतिविधियों पर निवेशकों की नजर रहेगी।
संबंधित समाचार
लेखकों के बारे में

अगला लेख