return to news
  1. RBI रेट हाइक की आशंका, प्रॉफिट बुकिंग और IT-मेटल में भारी बिकवाली, आज इन वजहों से टूटा बाजार

मार्केट न्यूज़

RBI रेट हाइक की आशंका, प्रॉफिट बुकिंग और IT-मेटल में भारी बिकवाली, आज इन वजहों से टूटा बाजार

Shubham Singh Thakur

4 min read | अपडेटेड November 18, 2026, 10:52 IST

सारांश

अक्टूबर में खुदरा महंगाई दर बढ़कर 6.09% पर पहुंच गई है। यह RBI के 6 फीसदी के ऊपरी दायरे से अधिक है, जो कि दो साल में पहली बार हुआ है। ऐसे में दिसंबर में RBI द्वारा ब्याज दरें बढ़ाए जाने की आशंका बनी हुई है, जिससे निवेशक सतर्क रुख अपना रहे हैं।

Stock Market

Stock Market: बीती रात अमेरिकी शेयर बाजारों में भारी बिकवाली देखने को मिली है।

आज 18 नवंबर को भारतीय शेयर बाजार में लगातार दो दिनों की तेजी पर ब्रेक लग गया। आज के कारोबार में BSE Sensex में 553 अंकों की बड़ी गिरावट आई और यह 81,979.64 के स्तर तक लुढ़क गया। दूसरी तरफ Nifty 50 भी 181 अंक टूटकर 25,206.20 के लेवल पर आ गया है। दरअसल, पिछले 1 महीने में बाजार में बड़ी तेजी देखी गई और यह करीब 10.50 फीसदी तक उछल गया। इस तेजी के बाद अब निवेशक प्रॉफिट बुकिंग कर रहे हैं, जिससे बाजार पर आज दबाव बना है। यहां हम जानेंगे कि बाजार में आज की गिरावट के लिए कौन से फैक्टर्स जिम्मेदार हैं।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंका

अक्टूबर में खुदरा महंगाई दर बढ़कर 6.09% पर पहुंच गई है। यह RBI के 6 फीसदी के ऊपरी दायरे से अधिक है, जो कि दो साल में पहली बार हुआ है। ऐसे में दिसंबर में RBI द्वारा ब्याज दरें बढ़ाए जाने की आशंका बनी हुई है, जिससे निवेशक सतर्क रुख अपना रहे हैं।

बिजनेस स्टैंडर्ड की रिपोर्ट बताती है कि अर्थशास्त्रियों का अनुमान है कि RBI रेपो रेट में 50-75 बेसिस पॉइंट्स (bps) की और बढ़ोतरी कर सकता है। यह उम्मीद अक्टूबर में खुदरा महंगाई दर के आंकड़ों के बाद जताई जा रही है।

उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (CPI) से मापी जाने वाली खुदरा महंगाई दर सितंबर के 5.54 फीसदी से बढ़कर अक्टूबर में 6.09 फीसदी हो गई। इसका मुख्य कारण खाद्य पदार्थों की कीमतों में भारी उछाल है। इस अवधि के दौरान खाद्य महंगाई दर 7.74 प्रतिशत से बढ़कर 8.94 प्रतिशत हो गई।

ग्लोबल मार्केट पर दबाव

बीती रात अमेरिकी शेयर बाजारों में भारी बिकवाली देखने को मिली है। इसके चलते Dow Jones Industrial करीब 1.64 फीसदी तक टूट गया। इसके अलावा S&P 500 ने 1.19 फीसदी और Nasdaq Composite ने 0.74 फीसदी की गिरावट दर्ज की है। इस बिकवाली की वजह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और सेमीकंडक्टर शेयरों में भारी गिरावट है। इसका असर आज सुबह एशियाई बाजारों पर भी दिखा। Hang Seng करीब 1.24 फीसदी और Shanghai Composite 0.74 फीसदी तक लुढ़क गया।

बाजार में प्रॉफिट बुकिंग

बाजार में आज की गिरावट की एक बड़ी वजह प्रॉफिट बुकिंग भी है। पिछले 1 महीने में सेंसेक्स और निफ्टी ने शानदार तेजी दिखाई है। इस दौरान बाजार करीब 10.50 फीसदी तक उछल चुका है। पिछले 13 कारोबारी दिनों में सिर्फ 1 दिन ही ऐसा रहा, जब बाजार लाल निशान पर बंद हुआ है। इस दौरान बाजार में करीब 11.85 फीसदी की रैली आ चुकी है। इस तरह की बड़ी रैली के बाद आमतौर पर बाजार में प्रॉफिट बुकिंग होती है। यही वजह है कि आज बाजार में गिरावट नजर आ रही है।

दिग्गज सेक्टर्स में बिकवाली

बाजार में आज की गिरावट के पीछे एक और बड़ी वजह बड़े सेक्टर्स में बिकवाली का दबाव है। आज निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स इंडेक्स में सबसे ज्यादा 2 फीसदी तक की गिरावट नजर आई। निफ्टी मेटल इंडेक्स करीब 1.70 फीसदी तक लुढ़क गया। इसके अलावा निफ्टी ऑटो, FMCG और IT सेक्टर में भी करीब 1 फीसदी की गिरावट है। निफ्टी प्राइवेट बैंक, हेल्थकेयर इंडेक्स और ऑयल एंड गैस इंडेक्स भी लाल निशान पर ट्रेड करते दिखे।

दूसरी तरफ सेंसेक्स के 30 में से ज्यादातर शेयर लाल निशान पर हैं। Titan, TCS, Asian Paints, Adani Ports और Tata Steel जैसे शेयर टॉप लूजर्स हैं। इसके साथ ही HDFC Bank, RIL और HUL जैसे शेयरों में भी बिकवाली हो रही है। इन सभी शेयरों ने बाजार को नीचे खींच लिया।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

अगला लेख

End of additional stories