मार्केट न्यूज़

4 min read | अपडेटेड July 31, 2026, 11:29 IST
सारांश
एलएंडटी एनर्जी हाइड्रोकार्बन ऑनशोर भारत की सबसे बड़ी EPC कंपनियों में से एक है। यह अपस्ट्रीम, मिडस्ट्रीम और डाउनस्ट्रीम हाइड्रोकार्बन क्षेत्रों में टर्नकी प्रोजेक्ट्स को पूरा करती है।
शेयर सूची

एलएंडटी को ओमान में मिला छह साल का बड़ा EPC कॉन्ट्रैक्ट (Photo: Shutterstock)
भारत की प्रमुख इंजीनियरिंग और निर्माण कंपनी लार्सन एंड टुब्रो (L&T) को इंटरनेशनल मार्केट में एक और बड़ी सफलता मिली है। कंपनी की एलएंडटी एनर्जी हाइड्रोकार्बन ऑनशोर यूनिट ने ओमान की टॉप तेल एवं गैस कंपनियों में शुमार पेट्रोलियम डेवलपमेंट ओमान (PDO) के साथ छह सालों के लिए इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट और कंस्ट्रक्शन (EPC) फ्रेमवर्क एग्रीमेंट पर साइन किए हैं। इस समझौते के तहत L&T आने वाले छह सालों में PDO की विभिन्न इंजीनियरिंग और EPC प्रोजेक्ट्स में हिस्सा ले सकेगा। यह करार कंपनी की ग्लोबल उपस्थिति को और मजबूत करने के साथ-साथ मध्य पूर्व के एनर्जी सेक्टर में उसके बिजनेस को नई गति देने वाला माना जा रहा है। जिसके बाद आज एलएंडटी के शेयरों हलचल भी देखने को मिली है। मार्केट खुलते ही एलएंडटी के शेयरों में जबर्दस्त तेजी देखी गई, शेयर 3,973 रुपये प्रति शेयर तक चढ़ गए थे। हालांकि बाद में इसमें मामूली गिरावट भी देखने को मिली। सुबह 10:30 बजे के आस-पास एलएंडटी के शेयर 3,936 रुपये प्रति शेयर के आस-पास ट्रेड हो रहे थे।
समझौते के मुकाबिक, एलएंडटी को उन चार प्रमुख EPC ठेकेदारों में शामिल किया गया है, जिन्हें PDO की फ्यूचर की फ्रंट-एंड इंजीनियरिंग डिजाइन (FEED) और EPC प्रोजेक्ट्स में हिस्सा लेने का मौका मिलेगा। कंपनी अपनी इंजीनियरिंग विशेषज्ञता, ग्लोबल एक्सपीरियंस और आधुनिक तकनीक का इस्तेमास करते हुए PDO के आने वाले प्रोजेक्ट्स को पूरा करने में सहयोग करेगी। इससे एलएंडटी को आने वाले सालों में नए ऑर्डर मिलने की संभावनाएं भी बढ़ जाएंगी।
एलएंडटी ने कहा है कि वह इस डील के जरिए ओमान में इन-कंट्री वैल्यू (ICV) को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। कंपनी स्थानीय सप्लायरों, सब-कॉन्ट्रैक्टरों और सर्विस प्रोवाइडर्स को अधिक मौके उपलब्ध कराएगी। इसके साथ ही स्थानीय कौशल विकास और रोजगार सृजन में भी योगदान देने का प्लान है। इससे ओमान की अर्थव्यवस्था और एनर्जी सेक्टर को लॉन्ग-टर्म प्रॉफिट मिलने की उम्मीद है। एलएंडटी एनर्जी हाइड्रोकार्बन ऑनशोर के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट एवं हेड ई. एस. सत्यनारायणन ने इस समझौते को दोनों कंपनियों के लंबे संबंधों में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि एलएंडटी सुरक्षित, इनोवेशन-बेस्ड और टिकाऊ प्रोजेक्ट्स के जरिए PDO की विकास योजनाओं को समर्थन देने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही कंपनी ओमान के एनर्जी सेक्टर और आर्थिक विकास में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रहेगी।
एलएंडटी एनर्जी हाइड्रोकार्बन ऑनशोर भारत की सबसे बड़ी EPC कंपनियों में से एक है। यह अपस्ट्रीम, मिडस्ट्रीम और डाउनस्ट्रीम हाइड्रोकार्बन क्षेत्रों में टर्नकी प्रोजेक्ट्स को पूरा करती है। कंपनी ने दुनिया के कई देशों में रिफाइनरी एक्सपेंशन, पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स, गैस प्रोसेसिंग प्लांट, एलएनजी टर्मिनल, फर्टिलाइजर प्लांट और क्रॉस-कंट्री पाइपलाइन जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स को सफलतापूर्वक पूरा किया है। यही अनुभव कंपनी को ग्लोबल एनर्जी मार्केट में प्रतिस्पर्धी बनाता है।
एनर्जी सेक्टर में ग्लोबल निवेश लगातार बढ़ रहा है और मध्य पूर्व इस उद्योग का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में PDO जैसी प्रतिष्ठित कंपनी के साथ छह साल का फ्रेमवर्क एग्रीमेंट एलएंडटी के लिए रणनीतिक रूप से काफी अहम माना जा रहा है। हालांकि इस समझौते में तत्काल किसी निश्चित ऑर्डर या रेवेन्यू का जिक्र नहीं किया गया है, लेकिन इससे भविष्य में बड़े EPC प्रोजेक्ट मिलने की संभावना मजबूत होती है। अगर कंपनी इन परियोजनाओं में सफल रहती है, तो उसके इंटरनेशनल ऑर्डर बुक और कारोबार में उल्लेखनीय वृद्धि हो सकती है।
संबंधित समाचार
लेखकों के बारे में

अगला लेख