return to news
  1. Jio Platforms Q2: शानदार लिस्टिंग के बाद अब नतीजों की बारी, इन आंकड़ों पर टिकी बाजार की नजर

मार्केट न्यूज़

Jio Platforms Q2: शानदार लिस्टिंग के बाद अब नतीजों की बारी, इन आंकड़ों पर टिकी बाजार की नजर

Upstox

3 min read | अपडेटेड October 30, 2026, 09:07 IST

सारांश

Jio Platforms के शेयरों ने बुधवार को शेयर बाजार में शानदार शुरुआत की। कंपनी का शेयर 1,119 रुपये के इश्यू प्राइस के मुकाबले 21.36% प्रीमियम के साथ 1,358 रुपये पर लिस्ट हुआ। कंपनी के 30,213 करोड़ रुपये के आईपीओ में निवेशकों ने जमकर दांव लगाया था।

शेयर सूची

Jio Platforms Q2

Jio Platforms Q2: एक्सपर्ट्स को उम्मीद है कि सितंबर तिमाही में कंपनी का प्रदर्शन स्थिर रह सकता है।

रिलायंस की डिजिटल और टेलीकॉम कंपनी Jio Platforms के शेयरों की हाल ही में बाजार में शानदार लिस्टिंग हुई है। अब आज 30 अक्टूबर को यह कंपनी वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही (Q2 FY27) के नतीजे जारी करने जा रही है। शेयर बाजार में लिस्टिंग के बाद यह कंपनी का पहला तिमाही रिजल्ट होगा। ऐसे में निवेशकों और बाजार के जानकारों की नजर कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन पर रहेगी।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

एक्सपर्ट्स को उम्मीद है कि सितंबर तिमाही में कंपनी का प्रदर्शन स्थिर रह सकता है। इसके पीछे लगातार नए ग्राहकों का जुड़ना, होम ब्रॉडबैंड कारोबार में बढ़ोतरी और डिजिटल सर्विसेज की अच्छी मांग प्रमुख वजहें हैं।

ARPU में करीब 2% बढ़ोतरी की उम्मीद

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जुलाई से सितंबर 2026 की तिमाही में जियो का एवरेज रेवेन्यू पर यूजर (ARPU) करीब 2% बढ़कर 219.5 रुपये पहुंच सकता है। ARPU का मतलब है कि टेलीकॉम कंपनी हर ग्राहक से औसतन कितनी कमाई करती है। यह टेलीकॉम कंपनियों के कारोबार की सेहत मापने का एक अहम पैमाना है।

सितंबर तिमाही में ग्राहकों की संख्या में अच्छी बढ़ोतरी और ARPU में मामूली सुधार के चलते कंपनी के रेवेन्यू में डबल-डिजिट ग्रोथ देखने को मिलेगी। जियो का ऑपरेनशनल रेवेन्यू सालाना आधार पर 11% और पिछली तिमाही के मुकाबले 3% बढ़कर 40,400 करोड़ रुपये होने की उम्मीद है।

कंपनी को अगस्त में शुरू की गई 300 रुपये की जियो प्राइम मेंबरशिप से भी अतिरिक्त कमाई होने की उम्मीद है। इस मेंबरशिप के तहत ग्राहकों को 5 सितंबर 2027 तक टैरिफ बढ़ोतरी से सुरक्षा मिलती है। इससे कंपनी को आने वाली तिमाहियों में रेवेन्यू को सपोर्ट मिल सकता है।

Q1 में कैसा रहा था Jio Platforms का प्रदर्शन?

वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में Jio Platforms ने स्थिर प्रदर्शन किया था। कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 9.2% बढ़कर 7,764 करोड़ रुपये रहा। हालांकि, फाइनेंस कॉस्ट और डेप्रिसिएशन खर्च बढ़ने के कारण पिछली तिमाही के मुकाबले मुनाफे में 2.15% की गिरावट आई थी।

कंपनी का ऑपरेशंस से रेवेन्यू तिमाही आधार पर 2.4% और सालाना आधार पर 12% बढ़कर 39,173 करोड़ रुपये रहा। वहीं, ARPU 3.3% बढ़कर 215.6 रुपये पर पहुंच गया। पिछले साल इसी अवधि में यह आंकड़ा 208.8 रुपये था। पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का ऑपरेशंस से रेवेन्यू 1.47 लाख करोड़ रुपये और EBITDA 76,255 करोड़ रुपये रहा। कंपनी का EBITDA मार्जिन 51.9% था, जो इंडस्ट्री में सबसे बेहतर मार्जिन में शामिल है।

शेयर बाजार में शानदार हुई Jio Platforms की एंट्री

Jio Platforms के शेयरों ने बुधवार को शेयर बाजार में शानदार शुरुआत की। कंपनी का शेयर 1,119 रुपये के इश्यू प्राइस के मुकाबले 21.36% प्रीमियम के साथ 1,358 रुपये पर लिस्ट हुआ। कंपनी के 30,213 करोड़ रुपये के आईपीओ में निवेशकों ने जमकर दांव लगाया था। रिलायंस जियो ने 2016 में सस्ती कॉलिंग और डेटा सर्विसेज के साथ टेलीकॉम सेक्टर में बड़ा बदलाव किया था। आज यह देश की सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी है।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख

End of additional stories