return to news
  1. उबर का नया सिक्योरिटी फीचर, ट्रिप के दौरान हुआ विवाद तो वीडियो बनेगा सबूत, यहां समझें कैसे

बिजनेस न्यूज़

उबर का नया सिक्योरिटी फीचर, ट्रिप के दौरान हुआ विवाद तो वीडियो बनेगा सबूत, यहां समझें कैसे

Upstox

3 min read | अपडेटेड October 29, 2026, 22:22 IST

सारांश

कंपनी के मुताबिक पैसेंजरों को उबर ऐप में वीडियो रिकॉर्डिंग का ऑप्शन चुनने की सुविधा मिलेगी। सुरक्षा से जुड़े इस अपडेट के तहत ड्राइवर अनुचित मैसेजों की शिकायत कर सकेंगे और बिना किसी फीस के ट्रिप कैंसल कर सकेंगे।

उबर टैक्सी

उबर का नया वीडियो रिकॉर्डिंग फीचर (Photo: Shutterstock)

ऐप बेस्ड टैक्सी सर्विस देने वाली कंपनी, उबर ने विवादों के निपटारे के लिए ड्राइवरों को ट्रिप का वीडियो एन्क्रिप्टेड फॉरमैट में रिकॉर्ड करने की सुविधा दी है। इसके साथ ही कंपनी ने अपने करीब 20 लाख ड्राइवर पार्टनर्स के लिए अधिक कमाई के ऑप्शन्स भी जोड़े हैं। कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने आज यह जानकारी दी। उबर इंडिया और दक्षिण एशिया में सप्लाई ऑपरेशन्स मामलों के डायरेक्टर आदित्य कपूर ने कहा कि कानून प्रवर्तन एजेंसियां, कंपनी से संपर्क करके इन वीडियो को हासिल कर सकती हैं। उन्होंने कहा, 'सुरक्षा बढ़ाने के लिए हमने ड्राइवरों के लिए 'रिकॉर्ड माय ट्रिप' सुविधा शुरू की है। इन रिकॉर्डिंग तक न तो उबर, न ड्राइवर और न ही पैसेंजर की पहुंच होगी।'

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

कैसे काम करेगी ये सर्विस?

उन्होंने कहा कि अगर किसी घटना के बाद स्थानीय कानून प्रवर्तन एजेंसी (एलईए) को रिकॉर्डिंग की कॉपी चाहिए, तो वह कंपनी को लिखकर इसे हासिल कर सकती है। इसका उद्देश्य ड्राइवरों का भरोसा बढ़ाना है, ताकि ट्रिप के दौरान कोई घटना होने पर जांच एजेंसियों को निष्पक्ष जानकारी मिल सके। कंपनी के मुताबिक पैसेंजरों को उबर ऐप में वीडियो रिकॉर्डिंग का ऑप्शन चुनने की सुविधा मिलेगी। सुरक्षा से जुड़े इस अपडेट के तहत ड्राइवर अनुचित मैसेजों की शिकायत कर सकेंगे और बिना किसी फीस के ट्रिप कैंसल कर सकेंगे। उन्हें इमरजेंसी एम्बुलेंस सर्विस तक पहुंच की सुविधा भी मिलेगी।

ड्राइवरों की कमाई के ऑप्शन्स भी बढ़े

उबर ने ड्राइवरों की कमाई बढ़ाने के लिए कई ऑप्शन्स भी जोड़े हैं। इनमें एक से दूसरे शहरों की ट्रिप के लिए उबर बाइक सर्विस का विस्तार, कमर्शियल और पर्सनल पार्सल की डिलीवरी से एडिशनल कमाई और कार में पालतू जानवरों को ले जाने की अनुमति देने पर एक्स्ट्रा पैसे कमाने के ऑप्शन शामिल हैं। कपूर ने कहा, 'हमने ड्राइवरों के लिए प्लेटफॉर्म को आसान और अधिक सुरक्षित बनाया है। साथ ही, उन्हें अधिक कमाई के मौके भी दिए जा रहे हैं। कमाई की सुविधा को आसान बनाने के लिए हमने 'अर्न फर्स्ट, पे लेटर' (पहले कमाओं, बाद में पेमेंट करो) की शुरुआत की है। ये पास पहले से बाजार में उपलब्ध हैं। हमने ड्राइवर ऐप को भी आसान बनाने के लिए उसमें बदलाव किए हैं।'

उन्होंने कहा कि शहरों के बीच उबर बाइक सर्विस फिलहाल कुछ चुनिंदा क्षेत्रों में शुरू की गई है। इसका उद्देश्य दिल्ली से मेरठ या आगरा जैसे शहरों के बीच यात्रा करने वाले लोगों को बाइक से सफर करने का ऑप्शन देना है। कपूर ने कहा कि इससे ड्राइवरों और पैसेंजरों, दोनों को फायदा हो सकता है। उन्होंने कहा कि कंपनी की अधिकतर नई सर्विसेज फिलहाल चुनिंदा क्षेत्रों में उपलब्ध हैं और जल्द ही इन्हें पूरे देश में शुरू किया जाएगा।

PTI इनपुट के साथ

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख

End of additional stories