return to news
  1. Jio Platforms IPO: भारत का सबसे बड़ा इश्यू, 2 घंटे में फुल सब्सक्राइब.. इन 7 रिकॉर्ड ने बनाया ऐतिहासिक

मार्केट न्यूज़

Jio Platforms IPO: भारत का सबसे बड़ा इश्यू, 2 घंटे में फुल सब्सक्राइब.. इन 7 रिकॉर्ड ने बनाया ऐतिहासिक

Upstox

4 min read | अपडेटेड October 21, 2026, 14:17 IST

सारांश

Jio Platforms का ₹30213 करोड़ का IPO भारत का अब तक का सबसे बड़ा आईपीओ है। इससे पहले यह रिकॉर्ड Hyundai Motor India के नाम था, जिसने अपने आईपीओ के जरिए ₹27,280 करोड़ जुटाए थे।

Jio Platforms IPO

IPO खुलने से पहले Jio Platforms ने एंकर निवेशकों से करीब ₹8109 करोड़ जुटाए।

Jio Platforms का ₹30,213 करोड़ का IPO भारतीय शेयर बाजार के इतिहास का सबसे बड़ा पब्लिक इश्यू है। इसे निवेशकों की ओर से शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है। आईपीओ खुलने से पहले ही एंकर निवेशकों ने इसमें जमकर दिलचस्पी दिखाई। वहीं, इसकी शुरुआत के साथ ही रिटेल और संस्थागत निवेशकों का भी अच्छा रिस्पॉन्स देखने को मिला। इस बीच, इसकी पैरेंट कंपनी Reliance Industries (RIL) के शेयरों में भी बुधवार को कारोबार के दौरान 2.5% से ज्यादा की तेजी आई। आइए जानते हैं कि Jio Platforms IPO ने ऐसे कौन-से 7 रिकॉर्ड बनाए हैं, जिनकी वजह से यह ऐतिहासिक बन गया है।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

भारत का अब तक का सबसे बड़ा IPO

Jio Platforms का ₹30213 करोड़ का IPO भारत का अब तक का सबसे बड़ा आईपीओ है। इससे पहले यह रिकॉर्ड Hyundai Motor India के नाम था, जिसने अपने आईपीओ के जरिए ₹27,280 करोड़ जुटाए थे। इसके बाद NSE India का ₹22,561 करोड़, LIC का ₹21,008 करोड़, Paytm का ₹18,300 करोड़ और Coal India का ₹15,199 करोड़ का आईपीओ रहा था। Jio Platforms ने इन सभी कंपनियों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।

एंकर निवेशकों से रिकॉर्ड मांग

IPO खुलने से पहले Jio Platforms ने एंकर निवेशकों से करीब ₹8109 करोड़ जुटाए। इस बुक में करीब ₹2.5 लाख करोड़ की बोलियां मिलीं, यानी इसे लगभग 30 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। इसमें LIC, BlackRock, Fidelity, J.P. Morgan, Capital Group और Government of Singapore जैसे बड़े निवेशकों ने हिस्सा लिया।

Reliance Industries के शेयरधारकों के लिए सबसे बड़ा कोटा

Jio Platforms ने अपनी पैरेंट कंपनी Reliance Industries के शेयरधारकों के लिए ₹2,500 करोड़ का कोटा आरक्षित रखा है। इससे Reliance Industries के पात्र शेयरधारकों को IPO में आवेदन करने का अतिरिक्त अवसर मिलता है। इससे पहले SBI Cards and Payment Services के आईपीओ में उसकी पैरेंट कंपनी State Bank of India के शेयरधारकों के लिए ₹985 करोड़ का कोटा आरक्षित था। इस तरह Jio Platforms ने शेयरधारक कोटे के मामले में भी नया रिकॉर्ड बनाया है।

सबसे बड़ा फ्रेश इश्यू

कई बड़े आईपीओ में मौजूदा निवेशक अपनी हिस्सेदारी बेचकर बाहर निकलते हैं। लेकिन Jio Platforms का आईपीओ पूरी तरह फ्रेश इश्यू है। यानी इसमें पुराने शेयरधारक अपने शेयर नहीं बेच रहे हैं, बल्कि कंपनी नए शेयर जारी करके पैसा जुटा रही है। कंपनी इस रकम में से करीब ₹27,500 करोड़ का इस्तेमाल अपनी सब्सिडियरी Reliance Jio Infocom के कर्ज को पूरी तरह या आंशिक रूप से चुकाने के लिए करेगी। बाकी रकम का इस्तेमाल सामान्य कॉरपोरेट जरूरतों के लिए होगा।

देश की टॉप कंपनियों में शामिल होने की तैयारी

IPO के अपर प्राइस बैंड ₹1119 प्रति शेयर के हिसाब से Jio Platforms का मार्केट कैप करीब ₹10.3 लाख करोड़ रहने का अनुमान है। लिस्टिंग के बाद यह देश की सबसे मूल्यवान कंपनियों में शामिल हो सकती है। इसकी वैल्यू के आधार पर यह Reliance Industries, Bharti Airtel और HDFC Bank जैसी बड़ी कंपनियों के आसपास होगी।

सबसे तेजी से पूरा सब्सक्राइब हुआ मेगा IPO

Jio Platforms के IPO ने सब्सक्रिप्शन की रफ्तार के मामले में भी रिकॉर्ड बनाया। यह खुलने के महज दो घंटे के भीतर पूरी तरह सब्सक्राइब हो गया। इससे पहले Hyundai Motor India का आईपीओ तीसरे दिन और LIC का आईपीओ दूसरे दिन पूरी तरह सब्सक्राइब हुआ था। NSE के आईपीओ को भी दूसरे दिन पूरा सब्सक्रिप्शन मिला था।

सबसे मूल्यवान बिजनेस ग्रुप बनने की तैयारी

Jio Platforms की लिस्टिंग के बाद मुकेश अंबानी के Reliance Group की कंपनियों का कुल मार्केट कैप ₹27 लाख करोड़ से ज्यादा होने का अनुमान है। इसके साथ ही यह Tata Group को पीछे छोड़कर देश का सबसे मूल्यवान बिजनेस ग्रुप बन सकता है। फिलहाल Tata Group की कंपनियों का कुल मार्केट कैप ₹25.6 लाख करोड़ से ज्यादा बताया गया है।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख