return to news
  1. दो हफ्तों से रफ्तार भर रहे बाजार पर आज ब्रेक क्यों? समझें FIIs की खरीदारी के असल मायने

मार्केट न्यूज़

दो हफ्तों से रफ्तार भर रहे बाजार पर आज ब्रेक क्यों? समझें FIIs की खरीदारी के असल मायने

विकास तिवारी

5 min read | अपडेटेड November 23, 2026, 15:18 IST

सारांश

भारतीय शेयर बाजार में विदेशी निवेशकों का भारी पैसा आ रहा है। निफ्टी का कम पीई और शानदार अर्निंग्स उन्हें लुभा रही है। हालांकि बाजार में महंगाई के कारण आरबीआई द्वारा रेपो रेट बढ़ाने की आशंका और ग्लोबल एआई शेयरों से जुड़ी चिंता निवेशकों को डरा भी रही है।

fii-investment-reasons-in-indian-share-market

शेयर बाजार में विदेशी निवेशकों की भारी खरीदारी के बीच आरबीआई के रेपो रेट बढ़ाने की आशंका ने टेंशन बढ़ा दी है।

शेयर बाजार में आज भारी उतार चढाव देखने को मिला। मुनाफावसूली, अमेरिका और ईरान के बीच तनाव और ग्लोबल मार्केट में टेक शेयरों की बिकवाली के कारण सेंसेक्स और निफ्टी में एक पर्सेंट से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई। खबर लिखे जानें तक यानी तीन बजे के आसपास निफ्टी 400 अंकों से ज्यादा की गिरावट के साथ कारोबार करता दिखा। बाजार को नीचे खींचने में एक्सिस बैंक, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और टाटा स्टील जैसे बड़े शेयरों का अहम हाथ रहा। हालांकि आईटी सेक्टर के टीसीएस और टेक महिंद्रा जैसे शेयरों ने बाजार को संभालने की कोशिश जरूर की।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

लेकिन इस हालिया गिरावट के बीच एक बड़ा और पॉजिटिव ट्रेंड बाजार को लंबे समय के लिए मजबूती दे रहा है, और वह है विदेशी निवेशकों यानी एफआईआई का भारतीय शेयर बाजार के प्रति बढ़ता पागलपन। NSDL के लेटेस्ट डेटा के अनुसार, विदेशी निवेशकों ने सिर्फ 1 से 15 नवंबर 2026 के बीच इक्विटी सेगमेंट में 84,291 करोड़ रुपये का बंपर निवेश किया है। विदेशी बाजार में आई बिकवाली के बाद सेफेस्ट हेवेन बने इंडियन मार्केट को पार्किंग की तरह इस्तेमाल कर रहे विदेशी निवेशकों पर भारतीय निवेशकों को कितना भरोसा करना चाहिए? यह पूरी तरह 5 बातों पर निर्भर करता है।

विदेशी निवेशकों को लुभाने वाले 5 बड़े कारण

पहला कारण निफ्टी का वैल्यूएशन है। निफ्टी का पीई रेश्यो अभी कम है, जो इस बात का स्पष्ट सिग्नल है कि बाजार पहले के मुकाबले सस्ता हो गया है। सस्ते वैल्यूएशन पर खरीदारी करना विदेशी निवेशकों की पहली पसंद होता है। दूसरा बड़ा कारण कंपनियों की दमदार परफॉर्मेंस है। इस क्वार्टर में निफ्टी में शामिल कंपनियों की अर्निंग्स काफी अच्छी रही है, जिससे निवेशकों का भरोसा और मजबूत हुआ है।

तीसरा कारण है सुरक्षित निवेश की तलाश। विदेशी निवेशक अपना पैसा सबसे ज्यादा भारत की लार्ज कैप कंपनियों में लगा रहे हैं। लार्ज कैप को एक सेफ हेवन माना जाता है। हालांकि लॉन्ग टर्म में ये शेयर बहुत आक्रामक रिटर्न नहीं देते, लेकिन इनका रिटर्न काफी कैलकुलेटेड और सुरक्षित होता है। चौथा सबसे मजबूत कारण भारतीय रिटेल निवेशक हैं। भारतीय बाजार में एसआईपी के जरिए हर महीने रिटेल निवेशकों का भारी पैसा आ रहा है। यह पैसा बाजार के लिए एक मजबूत बैकबोन बन गया है और ऐसा सपोर्ट इस वक्त किसी भी दूसरे देश के बाजार के पास नहीं है।

पांचवां कारण है ग्लोबल एआई बिकवाली। अमेरिका और अन्य देशों में एआई स्टॉक्स को लेकर भारी उथल पुथल मची है। भारत में एआई कंपनियों की वैसी कोई रेस नहीं है। ऐसे में विदेशी निवेशक वहां से पैसा निकालकर सुरक्षित और स्थिर भारतीय बाजार में लगा रहे हैं। लेकिन यह भारत के लिए टेंशन भरी बात भी है, क्योंकि अगर सिर्फ इस वजह से विदेशी निवेशक भारत आए हैं, क्योंकि दूसरा बाजार सही नहीं लग रहा तो वह कभी भी एक टूरिस्ट की तरह भारत से बाहर जा सकते हैं। क्योंकि असल कहानी तब जाकर बनती जब यह निवेशक भारत की ग्रोथ स्टोरी पर पैसा लगाते। चलिए इसे डीटेल में समझते हैं।

निवेशकों को डरा रही हैं ये दो बड़ी बातें?

बाजार में इतना भारी पैसा आने के बाद भी दो ऐसी बातें हैं जो टेंशन बढ़ा रही हैं। पहला डर एआई और पार्किंग फंड को लेकर है। भारत में ग्लोबल स्तर की एआई कंपनियां नहीं हैं। ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि क्या विदेशी निवेशक भारतीय बाजार को सिर्फ एक पार्किंग फंड की तरह इस्तेमाल कर रहे हैं। अगर कल को ग्लोबल मार्केट में एआई स्टॉक्स में दोबारा तेजी आती है, तो यह पैसा बहुत तेजी से बाहर भी जा सकता है।

दूसरा और सबसे बड़ा डर महंगाई और आरबीआई की मॉनेटरी पॉलिसी से जुड़ा है। रॉयटर्स ने 13 से 20 नवंबर के बीच 61 इकोनॉमिस्ट्स से आरबीआई की पॉलिसी को लेकर राय ली। इनमें से 56 इकोनॉमिस्ट्स यानी 90% से ज्यादा लोगों का मानना है कि आरबीआई 4 दिसंबर को खत्म होने वाली अपनी बैठक में रेपो रेट 0.25% बढ़ाकर 5.75% कर सकता है। वहीं तीन लोगों का अनुमान है कि ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं होगा, जबकि दो ने 0.50% की बड़ी बढ़ोतरी की आशंका जताई है। अगले साल फरवरी में होने वाली बैठक को लेकर भी 46 में से 34 इकोनॉमिस्ट्स का मानना है कि आरबीआई एक बार फिर 0.25% की बढ़ोतरी करेगा, जिससे रेपो रेट 6% तक पहुंच सकता है। लगातार ब्याज दरें बढ़ने से कॉरपोरेट अर्निंग्स और बाजार की रफ्तार पर ब्रेक लग सकता है।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

लेखकों के बारे में

विकास तिवारी
Vikash Tiwary is a finance journalist with 6+ years of newsroom experience. He is currently growing Upstox Hindi, crafting data-driven stories on stocks, personal finance, mutual funds, and global markets, while exploring how AI can simplify finance. His work spans Zee Business, TV9 Bharatvarsh, ABP News, India TV, and Inshorts. He also holds NISM certification.

अगला लेख

End of additional stories