मार्केट न्यूज़

4 min read | अपडेटेड November 23, 2026, 14:05 IST
सारांश
पीटीसी इंडस्ट्रीज अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी Aerolloy Technologies Limited के जरिए टाइटेनियम और सुपरअलॉय निर्माण की क्षमताओं को विकसित कर रही है। कंपनी ने इस सेक्टर में विशेष निवेश किया है।
शेयर सूची

PTC Industries के 400 टन टाइटेनियम ऑर्डर से आत्मनिर्भर डिफेंस को ताकत (Photo: Shutterstock)
भारत के डिफेंस मैनुफैक्चरिंग सेक्टर में घरेलू कंपनियों की बढ़ती भागीदारी के बीच पीटीसी इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। कंपनी को इंडियन डिफेंस सेक्टर से करीब 400 टन टाइटेनियम प्रोडक्ट्स की सप्लाई का बड़ा ऑर्डर मिला है। इस कॉन्ट्रैक्ट के तहत कंपनी टाइटेनियम इंगट, बार और रॉड की सप्लाई करेगी। यह ऑर्डर न केवल कंपनी के डिफेंस बिजनेस को मजबूती देगा, बल्कि रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण धातुओं के डोमेस्टिक प्रोडक्शन की दिशा में भारत की क्षमता को भी प्रदर्शित करता है। इस ऑर्डर के बाद पीटीसी इंडस्ट्रीज के शेयरों में उछाल भी देखने को मिला है। दोपहर 2 बजे के करीब कंपनी के शेयर 1% से ज्यादा यानी कि करीब 255 रुपये उछलकर 24,375 रुपये प्रति शेयर पर ट्रेड हो रहे थे।
कंपनी ने आज स्टॉक एक्सचेंजों को दी गई जानकारी में इस ऑर्डर की पुष्टि की है। खास बात यह है कि इस कॉन्ट्रैक्ट को पूरा करने के लिए कंपनी को 12 महीने का समय दिया गया है। हालांकि, रणनीतिक और गोपनीयता से जुड़ी वजहों का हवाला देते हुए कंपनी ने ऑर्डर की कुल वित्तीय वैल्यू का खुलासा नहीं किया है।
टाइटेनियम को डिफेंस और एयरोस्पेस इंडस्ट्री की सबसे महत्वपूर्ण इंजीनियरिंग धातुओं में गिना जाता है। इसकी खासियत है कि यह वजन में हल्की होने के बावजूद बेहद मजबूत होती है। इसके अलावा, इसमें जंग से बचाव की बेहतर क्षमता और कठिन परिस्थितियों में लंबे समय तक टिके रहने की विशेषता होती है।
इसी वजह से आधुनिक डिफेंस सिस्टम, एयरोस्पेस, समुद्री और परमाणु सेक्टर में इसका इस्तेमाल महत्वपूर्ण माना जाता है। ऐसे में भारत में टाइटेनियम प्रोडक्ट्स का घरेलू स्तर पर निर्माण करना रणनीतिक रूप से काफी अहम है। इससे एडवांस्ड डिफेंस सामग्रियों के लिए विदेशी सप्लायर्स पर निर्भरता कम करने में मदद मिल सकती है।
पीटीसी इंडस्ट्रीज अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी Aerolloy Technologies Limited के जरिए टाइटेनियम और सुपरअलॉय निर्माण की क्षमताओं को विकसित कर रही है। कंपनी ने इस सेक्टर में विशेष निवेश किया है। इसके तहत अलॉय मेल्टिंग, इंगट उत्पादन, फोर्जिंग, मिल प्रोडक्ट्स, प्रिसिजन कास्टिंग, निरीक्षण और परीक्षण जैसी क्षमताओं का विकास किया गया है। कंपनी का लक्ष्य उत्पादन प्रक्रिया के महत्वपूर्ण चरणों को एकीकृत करना है, ताकि प्रोडक्ट्स की गुणवत्ता, ट्रेसबिलिटी और सप्लाई की विश्वसनीयता पर बेहतर कंट्रोल रखा जा सके।
कंपनी के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर सचिन अग्रवाल के मुताबिक, यह ऑर्डर पिछले कई सालों से विकसित की जा रही एकीकृत मटेरियल मैनुफैक्चरिंग क्षमता पर ग्राहकों के भरोसे को दर्शाता है। उनके अनुसार, कंपनी की 'PTC ONE – From Melt to Mission' रणनीति अब बड़े स्तर पर परिणाम देने लगी है।
यह ऑर्डर सरकार के आत्मनिर्भर भारत अभियान और डिफेंस प्रोडक्शन में घरेलू मूल्यवर्धन बढ़ाने की कोशिशों के अनुरूप है। देश में रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण सामग्रियों की उपलब्धता बढ़ने से घरेलू सप्लाई चेन मजबूत हो सकती है। इसके साथ ही एडवांस्ड तकनीक के विकास, विशेष औद्योगिक क्षमताओं के विस्तार और कुशल रोजगार के नए अवसर पैदा होने की भी उम्मीद है।
पीटीसी इंडस्ट्रीज के लिए यह कॉन्ट्रैक्ट कारोबारी और रणनीतिक दोनों लिहाज से महत्वपूर्ण है। हालांकि, ऑर्डर की वास्तविक वित्तीय वैल्यू पब्लिक नहीं की गई है, इसलिए इसके रेवेन्यू और प्रॉफिट पर पड़ने वाले सटीक प्रभाव का आकलन फिलहाल संभव नहीं है। अब निवेशकों की नजर कंपनी की उत्पादन क्षमता, 12 महीने की समयसीमा में ऑर्डर पूरा करने और भविष्य में ऐसे नए रक्षा ऑर्डर हासिल करने की संभावनाओं पर रहेगी।
संबंधित समाचार
लेखकों के बारे में

अगला लेख