return to news
  1. AI स्टॉक्स में मची भारी गिरावट के बीच चर्चा में आया डॉट कॉम बबल, जानें क्यों डर रहे निवेशक?

मार्केट न्यूज़

AI स्टॉक्स में मची भारी गिरावट के बीच चर्चा में आया डॉट कॉम बबल, जानें क्यों डर रहे निवेशक?

विकास तिवारी

4 min read | अपडेटेड November 23, 2026, 14:12 IST

सारांश

अमेरिकी शेयर बाजार में टेक स्टॉक्स, खासकर AI कंपनियों के शेयरों में भारी गिरावट आई है। भारी बिकवाली के चलते नैस्डैक ने अपनी 2026 की पूरी बढ़त गंवा दी है। निवेशक डरे हुए हैं कि कहीं AI का बबल साल 2000 के डॉट कॉम क्रैश की तरह न फूट जाए।

ai-stocks-selloff-bubble-burst-fear

AI स्टॉक्स में भारी गिरावट के बाद शेयर बाजार में साल 2000 के डॉट कॉम क्रैश जैसी आशंकाएं गहराने लगी हैं।

हाल के दिनों में वैश्विक शेयर बाजार में एक बड़ा भूचाल देखने को मिला है। खासकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में भारी बिकवाली हुई है। इस तगड़ी गिरावट ने निवेशकों के मन में खौफ पैदा कर दिया है कि कहीं AI का यह बूम एक धोखा तो नहीं है। बाजार में इस बात की चर्चा तेज हो गई है कि क्या 'AI बबल' फूट रहा है। इस माहौल ने लोगों को साल 2000 के ऐतिहासिक 'डॉट कॉम बबल' की याद दिला दी है।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

AI स्टॉक्स में क्यों मची है इतनी बड़ी तबाही?

बीते कुछ हफ्तों में टेक स्टॉक्स में बड़ा करेक्शन आया है। हाल ही में अमेरिकी बाजार में नैस्डैक ने अपनी साल 2026 की पूरी बढ़त गंवा दी है। एक ही दिन में चिप बनाने वाली कंपनियों के शेयर 15% तक टूट गए। सबसे ज्यादा चर्चा में रही AI दिग्गज कंपनी एनवीडिया (Nvidia) के शेयरों में भी भारी गिरावट आई और यह अपने अक्टूबर के हाई से करीब 47% तक नीचे आ गई है। बाजार के जानकारों का मानना है कि कंपनियों ने AI इंफ्रास्ट्रक्चर पर पानी की तरह पैसा बहाया है, लेकिन उस हिसाब से अभी ऑपरेशन से रेवेन्यू नहीं आ रहा है, जिसके चलते निवेशकों ने भारी मुनाफावसूली शुरू कर दी है। चीन के बाजार में भी AI इंडेक्स अपने ऊंचे स्तरों से 40% तक क्रैश हो चुका है।

क्या सच में फूट रहा है AI का बबल?

विशेषज्ञों का कहना है कि AI का प्रभाव रियल है, लेकिन शेयरों का वैल्युएशन जरूरत से ज्यादा बढ़ गया था। जब किसी सेक्टर में हद से ज्यादा पैसा और उम्मीदें लग जाती हैं, तो उसे 'बबल' कहते हैं। मौजूदा करेक्शन को कुछ लोग इसी बबल का फूटना मान रहे हैं। हालिया गिरावट से यह साफ हो गया है कि बिना सॉलिड नेट प्रॉफिट और मजबूत फ्यूचर प्लानिंग के सिर्फ AI का नाम जपने वाली कंपनियों के दिन अब लद गए हैं। निवेशकों का फोकस अब हवा-हवाई बातों से हटकर ठोस ऑपरेशनल परफॉर्मेंस पर आ गया है।

साल 2000 के डॉट कॉम क्रैश ने मचाई थी तबाही

अगर हम इतिहास के पन्ने पलटें, तो साल 2000 के आस-पास इंटरनेट कंपनियों का ऐसा ही दौर था। हर कंपनी अपने नाम के आगे '.com' लगाकर बाजार से खूब पैसा बटोर रही थी। निवेशकों को लगा कि इंटरनेट ही फ्यूचर है और उन्होंने आंख मूंदकर निवेश किया। लेकिन जब यह डॉट कॉम बबल फूटा, तो बाजार में हाहाकार मच गया। सिस्को (Cisco) जैसी दिग्गज कंपनी का मार्केट कैप 80% तक साफ हो गया था। ई-कॉमर्स दिग्गज अमेजन (Amazon) का शेयर 100 डॉलर से गिरकर महज 7 डॉलर तक आ गया था। उस समय कई आईटी कंपनियां हमेशा के लिए बंद हो गईं और निवेशकों के करोड़ों रुपये डूब गए।

डॉट कॉम क्रैश से निवेशकों के लिए सबसे बड़ी सीख यह है कि टेक्नोलॉजी कितनी भी अच्छी क्यों न हो, आंख मूंदकर पैसा लगाना खतरनाक हो सकता है। साल 2000 में जिन आईटी स्टॉक्स का बिजनेस मॉडल मजबूत था, जैसे कि अमेजन, उन्होंने भारी गिरावट के बाद भी शानदार वापसी की और लंबी अवधि में निवेशकों को करोड़पति बनाया। मौजूदा AI करेक्शन में भी यही थ्योरी काम करेगी।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

लेखकों के बारे में

विकास तिवारी
Vikash Tiwary is a finance journalist with 6+ years of newsroom experience. He is currently growing Upstox Hindi, crafting data-driven stories on stocks, personal finance, mutual funds, and global markets, while exploring how AI can simplify finance. His work spans Zee Business, TV9 Bharatvarsh, ABP News, India TV, and Inshorts. He also holds NISM certification.

अगला लेख

End of additional stories