मार्केट न्यूज़

4 min read | अपडेटेड November 11, 2026, 11:55 IST
सारांश
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें गिरकर दो महीने के निचले स्तर पर आ गई हैं। इससे बुधवार को ऑयल मार्केटिंग, पेंट, टायर और एविएशन कंपनियों के शेयरों में जोरदार तेजी देखने को मिली।
शेयर सूची

11 नवंबर को तेल से जुड़े शेयरों में रौनक रही।
11 नवंबर को शेयर बाजार में तेल की कीमतों से जुड़े शेयरों में जबर्दस्त तेजी देखने को मिली। ग्लोबल मार्केट में कच्चे तेल के दाम गिरकर दो महीने के निचले स्तर पर आ गए हैं, जिससे कंपनियों की लागत घटने और मुनाफा सुधरने की उम्मीद बढ़ गई है। इसके चलते ऑयल मार्केटिंग, पेंट, टायर और एविएशन कंपनियों के शेयरों में जोरदार खरीदारी रही। ब्रेंट क्रूड की कीमतें 31 अगस्त के बाद के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गई हैं। अमेरिका और ईरान के बीच सैन्य तनाव घटने की उम्मीद से तेल के दामों में नरमी आई है। ब्रेंट क्रूड 91.49 डॉलर प्रति बैरल और अमेरिकी डब्ल्यूटीआई क्रूड 86.04 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ।
बुधवार सुबह 9 बजकर 58 मिनट पर एनएसई पर हिंदुस्तान पेट्रोलियम यानी एचपीसीएल का शेयर करीब 3% चढ़कर 397 रुपये पर कारोबार कर रहा था। वहीं इंडियन ऑयल यानी आईओसी 0.65% की बढ़त के साथ 147.80 रुपये और बीपीसीएल 1.36% चढ़कर 320.30 रुपये पर ट्रेड कर रहा था। एविएशन सेक्टर में इंडिगो की पैरेंट कंपनी इंटरग्लोब एविएशन 4.60% की छलांग लगाकर 5,680 रुपये पर पहुंच गई, जबकि स्पाइसजेट में भी 0.36% की बढ़त दर्ज हुई। एयरलाइंस के कुल ऑपरेशनल खर्च में एविएशन टर्बाइन फ्यूल यानी एटीएफ का बड़ा हिस्सा होता है। कच्चा तेल सस्ता होने से विमान कंपनियों के फ्यूल खर्च में कमी आने से मार्जिन को सपोर्ट मिलेगा।
पेंट और टायर कंपनियों के शेयरों में भी आज निवेशकों का तगड़ा रुझान दिखा। देश की सबसे बड़ी पेंट कंपनी एशियन पेंट्स का शेयर करीब 2% चढ़कर 2,557 रुपये पर पहुंच गया। वहीं बर्जर पेंट्स 1.10% मजबूत होकर 476.40 रुपये, कंसाई नेरोलैक 0.2% बढ़कर 201.38 रुपये और इंडिगो पेंट्स 2.6% उछलकर 938.85 रुपये पर रहा। टायर कंपनियों में सिएट 1.72% चढ़कर 3,515 रुपये और जेके टायर 0.36% बढ़कर 358.60 रुपये पर कारोबार करता दिखा। इसके अलावा रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर भी 0.84% मजबूत होकर 1,335.50 रुपये पर ट्रेड कर रहा था। रिलायंस के रिफाइनिंग और पेट्रोकेमिकल बिजनेस पर कच्चे तेल के उतार-चढ़ाव का सीधा असर पड़ता है।
पेंट और टायर उद्योग के लिए कच्चा तेल अहम कच्चा माल है। पेंट बनाने में इस्तेमाल होने वाले सॉल्वेंट्स, रेजिन्स और मोनोमर्स जैसे कई पेट्रोकेमिकल उत्पाद कच्चे तेल से जुड़े होते हैं। ऐसे में क्रूड ऑयल सस्ता होने से कंपनियों की खरीदारी लागत घटती है और ऑपरेटिंग मार्जिन सुधरता है। इसी तरह टायर निर्माताओं के लिए सिंथेटिक रबर, कार्बन ब्लैक और कई केमिकल्स कच्चे तेल और उसके डेरिवेटिव्स से बनते हैं। तेल की कीमतें घटने से टायर कंपनियों की कच्चा माल जुटाने की लागत कम हो जाती है। हालांकि नेचुरल रबर की कीमतें मौसम और मांग-सप्लाई पर निर्भर करती हैं, इसलिए इसका असर कंपनियों पर अलग-अलग हो सकता है।
कच्चे तेल में आई गिरावट का असर हर कंपनी पर एक जैसा नहीं होता है। जहां एक तरफ ऑयल मार्केटिंग, पेंट, टायर और एविएशन कंपनियों को लागत घटने का फायदा मिलता है, वहीं तेल निकालने वाली अपस्ट्रीम कंपनियों पर दबाव बढ़ जाता है। ओएनजीसी और ऑयल इंडिया जैसी कंपनियों का रेवेन्यू और ऑपरेटिंग प्रॉफिट सीधे तौर पर कच्चे तेल की वैश्विक कीमतों से जुड़ा होता है। अगर कच्चे तेल के दामों में गिरावट बनी रहती है, तो इन कंपनियों की कमाई पर नकारात्मक असर पड़ सकता है।
संबंधित समाचार
लेखकों के बारे में

अगला लेख