return to news
  1. बजाज कंज्यूमर के शेयर में अचानक आई भारी गिरावट, समझें शानदार नतीजों के बाद भी क्यों टूटे भाव?

मार्केट न्यूज़

बजाज कंज्यूमर के शेयर में अचानक आई भारी गिरावट, समझें शानदार नतीजों के बाद भी क्यों टूटे भाव?

विकास तिवारी

3 min read | अपडेटेड July 14, 2026, 13:01 IST

सारांश

बजाज कंज्यूमर केयर के शेयरों में मंगलवार को भारी गिरावट देखने को मिल रही है। सुबह के कारोबार में कंपनी का शेयर 10 फीसदी से ज्यादा की कमजोरी के साथ ट्रेड कर रहा था। एक दिन पहले ही कंपनी ने अपने सबसे मजबूत तिमाही नतीजे जारी किए थे और शेयर 52 हफ्ते के हाई पर पहुंचा था।

Bajaj_Consumer_Care_14 july

Bajaj Consumer Care: बेहतर नतीजों के बाद आज इसके शेयरों में गिरावट देखी जा रही है।

भारतीय शेयर बाजार में मंगलवार को बजाज कंज्यूमर केयर के शेयरों में भारी गिरावट देखने को मिली। कंपनी द्वारा हाल के समय के सबसे मजबूत तिमाही नतीजे पेश करने के ठीक एक दिन बाद यह गिरावट आई है। सुबह के कारोबार में कंपनी का शेयर 10 फीसदी से ज्यादा की कमजोरी के साथ ट्रेड कर रहा था। पिछले कारोबारी दिन यह शेयर 660.45 रुपये पर बंद हुआ था, लेकिन आज यह टूटकर 583 रुपये के निचले स्तर तक चला गया।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

बाजार में भारी बिकवाली के बीच 25 लाख से ज्यादा शेयरों का लेन-देन हुआ, जिसका कुल मूल्य 153.54 करोड़ रुपये रहा। हैरानी की बात यह है कि एक दिन पहले ही इस शेयर ने 692 रुपये का अपना 52 हफ्ते का नया हाई बनाया था। बता दें कि अप्रैल 2026 से अब तक यह शेयर करीब 88 पर्सेंट और मई में ब्रोकरेज द्वारा कवरेज शुरू किए जाने के बाद से 25 पर्सेंट तक चढ़ चुका था।

क्यों गिरा शेयर?

कंपनी के पहली तिमाही के नतीजे उम्मीद से बेहतर रहे थे। पहली तिमाही में कंपनी का एबिटा 83.4 करोड़ रुपये रहा, जबकि ब्रोकरेज का अनुमान 74.3 करोड़ रुपये का था। लेकिन इसके बावजूद मैनेजमेंट की एक टिप्पणी ने निवेशकों को चिंता में डाल दिया। मैनेजमेंट ने गाइडेंस दिया है कि दूसरी तिमाही में कंपनी का ग्रॉस मार्जिन दबाव में रह सकता है। इसकी मुख्य वजह कच्चे माल की बढ़ती लागत है।

खासतौर पर लाइट लिक्विड पैराफिन की कीमतों में पहली तिमाही के दौरान 40 पर्सेंट से ज्यादा का उछाल आया है। मैनेजमेंट को उम्मीद है कि इस दबाव से रिकवरी तीसरी और चौथी तिमाही में ही देखने को मिलेगी।

कैसा रहा पहली तिमाही का प्रदर्शन?

अगर कंपनी के कंसोलिडेटेड नतीजों पर नजर डालें तो पहली तिमाही में कंपनी की नेट सेल्स सालाना आधार पर 28.3 पर्सेंट बढ़कर 341.4 करोड़ रुपये रही। इस दौरान कंपनी का एबिटा दोगुने से भी ज्यादा होकर 84.4 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। वहीं टैक्स के बाद कंपनी का नेट प्रॉफिट 84.8 पर्सेंट की भारी बढ़त के साथ 70.7 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। पिछले साल की समान अवधि के 56.7 पर्सेंट के मुकाबले इस बार कंपनी का ग्रॉस मार्जिन बढ़कर 61.8 पर्सेंट हो गया है।

कंपनी के सबसे बड़े ब्रांड आलमंड ड्रॉप्स हेयर ऑयल की वॉल्यूम ग्रोथ इस तिमाही में दहाई अंकों में रही, जिसमें छोटे पैक और सैशे की मांग सबसे ज्यादा देखी गई। मैनेजमेंट ने भरोसा जताया है कि लॉन्ग टर्म में नॉन-आलमंड ड्रॉप्स पोर्टफोलियो को 20 पर्सेंट से ज्यादा की हाई ग्रोथ रेट से आगे बढ़ाया जाएगा।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

लेखकों के बारे में

विकास तिवारी
Vikash Tiwary is a finance journalist with 6+ years of newsroom experience. He is currently growing Upstox Hindi, crafting data-driven stories on stocks, personal finance, mutual funds, and global markets, while exploring how AI can simplify finance. His work spans Zee Business, TV9 Bharatvarsh, ABP News, India TV, and Inshorts. He also holds NISM certification.

अगला लेख