मार्केट न्यूज़

4 min read | अपडेटेड November 25, 2026, 10:45 IST
सारांश
बैंक ऑफ अमेरिका की रिपोर्ट के मुताबिक अगले पांच साल में एजेंटिक एआई टेक्नोलॉजी सर्विसेज मार्केट में 400 अरब डॉलर तक जोड़ सकता है। हालांकि इस बड़े मौके को भुनाने के लिए भारतीय आईटी कंपनियों को अपनी सर्विस डिलीवरी और प्राइसिंग के पुराने मॉडल में बड़ा बदलाव करना होगा।

बैंक ऑफ अमेरिका की रिपोर्ट के अनुसार एजेंटिक एआई अगले पांच साल में टेक्नोलॉजी सर्विसेज मार्केट में 400 अरब डॉलर जोड़ सकता है।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की दुनिया में अब एजेंटिक एआई की चर्चा सबसे तेज हो गई है। बैंक ऑफ अमेरिका यानी बोफा की एक ताजा रिपोर्ट के अनुसार एजेंटिक एआई अगले पांच वर्षों में टेक्नोलॉजी सर्विसेज मार्केट में 400 अरब डॉलर तक जोड़ सकता है। हालांकि इस विशाल मौके को अपने नाम करने के लिए भारतीय आईटी कंपनियों को काम करने और सर्विस की कीमत तय करने के अपने पारंपरिक तरीकों में बड़ा बदलाव करना होगा। बोफा के एनालिस्ट कुणाल तायल और जतिन कालरा ने 2027 के लिए भारतीय आईटी सर्विसेज के आउटलुक का आकलन करते हुए कहा है कि एजेंटिक एआई से कंपनियों का एड्रेसेबल मार्केट करीब 300 से 400 अरब डॉलर तक बढ़ सकता है। इससे अगले पांच साल के दौरान सालाना तीन से पांच पर्सेंट की ग्रोथ को मजबूत सहारा मिलेगा। हालांकि ध्यान देने वाली बात ये है कि पिछले कुछ दिनों से आईटी इंडेक्स में तेजी देखी जा रही है, आज भी इंडेक्स एक फीसदी से ज्यादा की तेजी के साथ कारोबार कर रहा है।
रिपोर्ट के मुताबिक यह बड़ा अवसर अभी कंपनियों के रिपोर्ट किए गए रेवेन्यू ग्रोथ में पूरी तरह दिखाई नहीं दे रहा है, क्योंकि एआई से बढ़ी प्रोडक्टिविटी मौजूदा काम को कम कर रही है। इसके बावजूद डील साइज में हो रही बढ़ोतरी और कॉन्ट्रैक्ट की लंबी अवधि यह संकेत दे रही है कि मॉडर्नाइजेशन, डेटा, एजेंटिक प्रोसेस और निरंतर एआई मैनेजमेंट में नई डिमांड पैदा हो रही है। BCG और नैसकॉम के साथ चर्चा पर आधारित बोफा के इस आकलन में क्लाइंट्स के खर्च करने के तरीके में आ रहे बदलाव को भी रेखांकित किया गया है। शुरुआत में कंपनियों का बजट मॉडल्स, टोकन्स और इंफ्रास्ट्रक्चर पर ज्यादा था, लेकिन अब कंपनियां ऑप्टिमाइजेशन और टिकाऊ खपत का आधार तैयार करने पर ज्यादा ध्यान दे रही हैं।
AI के चलते मेहनत आधारित काम में कीमतों पर दबाव बढ़ रहा है, इसलिए पारंपरिक टाइम-एंड-मटेरियल यानी T&M कॉन्ट्रैक्ट्स से दूरी बनाना अब बेहद जरूरी हो गया है। बोफा ने बताया कि नॉन-टीएंडएम मॉडल पहले से ही कुल कॉन्ट्रैक्ट्स का करीब 50 से 60 पर्सेंट हिस्सा रखते हैं और नए काम में इनकी हिस्सेदारी और भी ज्यादा है। अगला बड़ा कदम आउटकम-बेस्ड व्यवस्था की ओर बढ़ना होगा, जहां टेक्नोलॉजी वेंडर्स ज्यादा डिलीवरी जोखिम लेने के बदले क्लाइंट्स के साथ प्रोडक्टिविटी से होने वाले लाभ को साझा करेंगे। ब्रोकरेज का मानना है कि सर्विस प्रोवाइडर्स को कॉस्ट-प्लस प्राइसिंग से आगे बढ़ना होगा, ताकि क्लाइंट्स को कम लागत का फायदा मिले और वेंडर्स भी एआई से होने वाली बचत का कुछ हिस्सा अपने पास रख सकें।
AI के बढ़ते इस्तेमाल के बावजूद बोफा को नहीं लगता कि क्लाइंट्स की ओर से टेक्नोलॉजी काम को आउटसोर्स करने की प्रवृत्ति में कोई बड़ी गिरावट आएगी। एआई आधारित प्रोडक्टिविटी को लेकर खरीदारों की उम्मीदें 30% से 40% के आसपास हैं, जबकि सर्विस प्रोवाइडर्स आमतौर पर पांच से 15% का ही वादा कर रहे हैं। यह अंतर पुराने टेक्नोलॉजी सिस्टम और डेटा की तैयारी से जुड़ी सीमाओं को दर्शाता है। इसके अलावा क्लाइंट्स कई आईटी सर्विस प्रोवाइडर्स, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स और क्लाउड प्लेटफॉर्म पर एक साथ काम कर रहे हैं, जिससे इंटीग्रेशन और जवाबदेही की जरूरत बढ़ रही है। हालांकि लेवल वन सपोर्ट वाले इंफ्रास्ट्रक्चर और एप्लिकेशन मेंटेनेंस के काम पर ऑटोमेशन का ज्यादा असर पड़ेगा, वहीं बीपीओ सेक्टर भी यूनिट-प्राइस में कमी का सामना कर रहा है।
बोफा का मानना है कि बड़ी और मझोली आईटी कंपनियों के बीच का मुकाबला इस बात पर निर्भर करेगा कि वे एआई के इस बदलाव के हिसाब से अपनी क्षमताओं को कितनी तेजी से ढालती हैं। बड़ी कंपनियों के पास व्यापक क्षमता, मजबूत बैलेंस शीट और परिणाम से जुड़े जोखिम उठाने की ताकत है। इसके उलट मिड-साइज कंपनियां अपनी सर्विस और टैलेंट को खास क्षमताओं की ओर मोड़ने में ज्यादा फुर्ती दिखा सकती हैं। सिर्फ एआई मॉडल्स तक पहुंच होना अब कोई स्थायी बढ़त नहीं दे पाएगा, बल्कि असली अंतर डोमेन इंटेलिजेंस, मालिकाना इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी और बड़े पैमाने पर एआई लागू करने की क्षमता से तय होगा।
संबंधित समाचार
लेखकों के बारे में

अगला लेख