return to news
  1. महानदी कोलफील्ड्स IPO अलॉटमेंट आज: पैसा लगाने वालों की धड़कनें तेज, ऐसे चेक करें अपना स्टेटस

मार्केट न्यूज़

महानदी कोलफील्ड्स IPO अलॉटमेंट आज: पैसा लगाने वालों की धड़कनें तेज, ऐसे चेक करें अपना स्टेटस

Namita Shukla

4 min read | अपडेटेड November 25, 2026, 08:43 IST

सारांश

इस आईपीओ की सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि यह पूरी तरह ऑफर फॉर सेल (OFS) है। इसके तहत कोल इंडिया अपनी करीब 10 फीसदी हिस्सेदारी बेच रही है। इसलिए आईपीओ से मिलने वाली रकम महानदी कोलफील्ड्स को नहीं, बल्कि उसकी प्रमोटर कंपनी कोल इंडिया को मिलेगी।

महानदी कोलफील्ड्स आईपीओ

महानदी कोलफील्ड्स IPO अलॉटमेंट आज (Photo: Shutterstock)

सरकारी कंपनी कोल इंडिया की सहायक कंपनी महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड (MCL) का आईपीओ निवेशकों के बीच चर्चा का विषय रहा है। करीब 8,981 करोड़ रुपये के इस आईपीओ को सब्सक्रिप्शन के आखिरी दिन संस्थागत निवेशकों का अच्छा समर्थन मिला। हालांकि, रिटेल और नॉन-इंस्टीट्यूशनल निवेशकों की तरफ से रिऐक्शन कुछ खास नहीं मिला। अगर आपने महानदी कोलफील्ड्स आईपीओ में पैसा लगाया है, तो आपके हिस्से में इसके शेयर आए हैं या नहीं इसका फैसला आज हो जाएगा।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

कैसा रहा था सब्सक्रिप्शन?

23 नवंबर को बोली प्रक्रिया के अंतिम दिन उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, आईपीओ को कुल मिलाकर करीब 1.11 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) की कैटेगरी में करीब पांच गुना बोलियां मिलीं, जबकि नॉन-इंस्टीट्यूशनल निवेशकों और रिटेल निवेशकों की कैटेगरियां पूरी तरह सब्सक्राइब नहीं हो सकीं। इससे साफ है कि बड़े संस्थागत निवेशकों ने कंपनी में दिलचस्पी दिखाई, लेकिन छोटे निवेशकों का उत्साह सीमित रहा।

क्या करती है महानदी कोलफील्ड्स?

1992 में स्थापित महानदी कोलफील्ड्स देश की सबसे बड़ी एकल कोयला उत्पादक कंपनियों में शामिल है। कंपनी ओडिशा के तलचर और आईबी वैली कोलफील्ड्स में मुख्य रूप से नॉन-कोकिंग कोल का उत्पादन करती है। इसका कोयला बिजली उत्पादन के अलावा सीमेंट, एल्युमीनियम, स्पंज आयरन और पेपर जैसे उद्योगों में इस्तेमाल होता है।

फाइनेंशियल ईयर 2025-26 में कंपनी ने 218.31 मिलियन टन कोयले का उत्पादन किया। यह देश के कुल कोयला उत्पादन का लगभग 21 फीसदी है। इसी फाइनेंशियल ईयर में कंपनी का परिचालन से रेवेन्यू करीब 30,549 करोड़ रुपये और नेट प्रॉफिट 10,698 करोड़ रुपये रहा। सितंबर 2026 को खत्म पहली छमाही में कंपनी ने 16,093 करोड़ रुपये का रेवेन्यू और करीब 4,880 करोड़ रुपये का प्रॉफिट दर्ज किया।

BSE पर अलॉटमेंट स्टेटस ऐसे करें चेक

  • BSE वेबसाइट पर स्टेटस चेक करने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें।
  • इश्यू टाइप में 'Equity' सेलेक्ट करें।

  • इश्यू नेम के लिए ड्रॉपडाउन मेनू से आईपीओ का नाम सेलेक्ट करें।

  • इसके बाद अपना एप्लिकेशन नंबर या PAN दर्ज करें।

  • अब I'm not a robot पर चेक करने के बाद Search पर क्लिक करें।

NSE पर अलॉटमेंट स्टेटस ऐसे करें चेक

  • NSE वेबसाइट पर IPO अलॉटमेंट स्टेटस चेक करने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें।
  • इसके Equity & SME IPO bid details' को सेलेक्ट करें।

  • इश्यू सिंबल के लिए ड्रॉपडाउन लिस्ट से कंपनी नाम सेलेक्ट करें।

  • इसके बाद PAN नंबर और एप्लिकेशन नंबर दर्ज करें।

  • अब Submit बटन पर क्लिक करें।

Kfin Technologies पर अलॉटमेंट स्टेटस ऐसे करें चेक

  • रजिस्ट्रार की वेबसाइट के लिए इस लिंक पर क्लिक करें।
  • ड्रॉपडाउन मेनू से कंपनी का नाम सेलेक्ट करें।

  • निवेशकों को अब PAN, एप्लिकेशन नंबर या DP क्लाइंट ID जैसी जानकारी भरनी होगी।

  • इसके बाद सबमिट बटन पर क्लिक करें।

क्या है कंपनी का फ्यूचर प्लान?

महानदी कोलफील्ड्स आने वाले सालों में उत्पादन क्षमता बढ़ाने पर काम कर रही है। कंपनी की मौजूदा उत्पादन क्षमता करीब 300 मिलियन टन है, जिसे बढ़ाकर लगभग 400 मिलियन टन करने की तैयारी है। इसके साथ ही कंपनी रिन्यूएबल एनर्जी, सोलर पावर, विंड एनर्जी, बैटरी स्टोरेज और कोल गैसीफिकेशन जैसे सेक्टरों में भी विस्तार की संभावनाएं तलाश रही है।

कंपनी की योजनाओं में इलेक्ट्रिक माइनिंग मशीनों का इस्तेमाल बढ़ाना और महत्वपूर्ण खनिजों व रेयर अर्थ मिनरल्स की खोज भी शामिल है। इससे भविष्य में पारंपरिक कोयला कारोबार के साथ नए कारोबारी अवसर विकसित हो सकते हैं।

IPO का पैसा कहां जाएगा?

इस आईपीओ की सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि यह पूरी तरह ऑफर फॉर सेल (OFS) है। इसके तहत कोल इंडिया अपनी करीब 10 फीसदी हिस्सेदारी बेच रही है। इसलिए आईपीओ से मिलने वाली रकम महानदी कोलफील्ड्स को नहीं, बल्कि उसकी प्रमोटर कंपनी कोल इंडिया को मिलेगी। कोल इंडिया इस रकम का इस्तेमाल अपने लगभग एक लाख करोड़ रुपये के विविधीकरण निवेश कार्यक्रम को आगे बढ़ाने में करेगी। इसमें कोल गैसीफिकेशन, क्रिटिकल मिनरल्स और रिन्यूएबल एनर्जी जैसे क्षेत्र शामिल हैं। महानदी कोलफील्ड्स ने स्पष्ट किया है कि उसके पास पर्याप्त नकदी और आंतरिक संसाधन मौजूद हैं।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

लेखकों के बारे में

Namita Shukla
Namita Shukla is a seasoned journalist with over 15 years of experience in Hindi media. She has worked with some of the most reputed news organizations, including Navbharat Times, Dainik Jagran, Aaj Tak, and Hindustan Times Hindi. Throughout her career, Namita has reported on a wide range of beats such as national affairs, sports, business, and entertainment, bringing clarity and depth to her reporting. In addition to her journalistic work, she is a certified fact-checker by both Google and Meta, underscoring her commitment to accuracy and ethical journalism in the digital age.

अगला लेख

End of additional stories