return to news
  1. Adani Ports Q1 Results: नेट प्रॉफिट 10% बढ़कर ₹3,650 करोड़ पर पहुंचा, रेवेन्यू में 19% की बढ़ोतरी

मार्केट न्यूज़

Adani Ports Q1 Results: नेट प्रॉफिट 10% बढ़कर ₹3,650 करोड़ पर पहुंचा, रेवेन्यू में 19% की बढ़ोतरी

Shubham Singh Thakur

3 min read | अपडेटेड July 29, 2026, 13:55 IST

सारांश

Adani Ports की कुल आय (Revenue) भी 19% बढ़कर ₹10,821 करोड़ रही, जबकि एक साल पहले यह ₹9,126 करोड़ थी। वहीं, EBITDA भी 19% बढ़कर ₹6,541 करोड़ पहुंच गया। EBITDA मार्जिन मामूली बढ़कर 60.4% हो गया, जो पिछले साल 60.2% था।

शेयर सूची

ADANIPORTS
--
adani ports

अडानी पोर्ट्स ने बताया कि उसके घरेलू पोर्ट कारोबार ने सबसे ज्यादा योगदान दिया।

Adani Ports Q1 Results: अडानी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन (APSEZ) ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) के नतीजे जारी कर दिए हैं। कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 10% बढ़कर ₹3,650 करोड़ हो गया, जो पिछले साल की समान तिमाही में ₹3,311 करोड़ था। नतीजों के बाद कंपनी के शेयर 4 फीसदी तक लुढ़ककर 1706 रुपये प्रति शेयर के भाव पर आ गए।
Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

अडानी पोर्ट्स का रेवेन्यू 19% बढ़ा

अडानी पोर्ट्स की कुल आय (Revenue) भी 19% बढ़कर ₹10,821 करोड़ रही, जबकि एक साल पहले यह ₹9,126 करोड़ थी। वहीं, EBITDA भी 19% बढ़कर ₹6,541 करोड़ पहुंच गया। EBITDA मार्जिन मामूली बढ़कर 60.4% हो गया, जो पिछले साल 60.2% था।

घरेलू पोर्ट कारोबार बना सबसे बड़ा सहारा

अडानी पोर्ट्स ने बताया कि उसके घरेलू पोर्ट कारोबार ने सबसे ज्यादा योगदान दिया। इस कारोबार से होने वाली आय में 12% की बढ़ोतरी हुई। बेहतर कार्गो मिक्स, ज्यादा कार्गो वॉल्यूम और बेहतर रियलाइजेशन की वजह से यह बढ़त दर्ज की गई। अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी के घरेलू पोर्ट्स ने 115.3 मिलियन मीट्रिक टन (MMT) कार्गो संभाला। इस कारोबार का EBITDA मार्जिन 74% रहा, जिसे कंपनी ने बेहतरीन प्रदर्शन बताया।

2030 तक क्षमता बढ़ाने की तैयारी

अडानी पोर्ट्स अपने इतिहास के सबसे बड़े क्षमता विस्तार कार्यक्रम पर काम कर रही है। 30 जून 2026 तक कंपनी की घरेलू पोर्ट क्षमता 653 MMT थी, जिसे दिसंबर 2030 तक 1,000 MMT तक बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है। तिमाही के दौरान भारत के कुल कार्गो बाजार में कंपनी की हिस्सेदारी 27.6% रही, जबकि कंटेनर कार्गो बाजार में उसकी हिस्सेदारी 44.8% रही।

विदेशी कारोबार में रिकॉर्ड प्रदर्शन

अडानी पोर्ट्स के अंतरराष्ट्रीय पोर्ट कारोबार ने भी शानदार प्रदर्शन किया। इस कारोबार से होने वाली आय 80% बढ़कर ₹1,747 करोड़ हो गई, जबकि EBITDA 256% बढ़कर ₹730 करोड़ पहुंच गया। इस दौरान अंतरराष्ट्रीय पोर्ट्स पर 22.8 MMT कार्गो संभाला गया, जो पिछले साल की समान तिमाही में 7.7 MMT था। ऑस्ट्रेलिया, कोलंबो, तंजानिया और इजरायल में कंपनी के कारोबार ने अच्छा प्रदर्शन किया। खासतौर पर कोलंबो पोर्ट का EBITDA मार्जिन बढ़कर 41.8% हो गया।

मरीन और लॉजिस्टिक्स कारोबार का हाल

अडानी पोर्ट्स के मरीन बिजनेस की आय 67% बढ़कर ₹901 करोड़ हो गई। यह बढ़त नए जहाजों के जुड़ने और यूरोप में समुद्री इंजीनियरिंग कारोबार के विस्तार से मिली। कंपनी ने हाल ही में Oceaneering International के साथ साझेदारी भी की है। वहीं, लॉजिस्टिक्स कारोबार का प्रदर्शन मिला-जुला रहा। मध्य-पूर्व संकट के कारण रेल कंटेनर वॉल्यूम पर असर पड़ा, लेकिन ट्रकिंग कारोबार की आय 26% बढ़ी। इंटरनेशनल फ्रेट नेटवर्क से होने वाली आय भी तिमाही-दर-तिमाही 28% बढ़ी।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

अगला लेख