return to news
  1. क्या फिर CEO बनेंगे जेनसेन हुआंग? Nvidia चेयरमैन के बयान से अटकलों पर लगा ब्रेक

बिजनेस न्यूज़

क्या फिर CEO बनेंगे जेनसेन हुआंग? Nvidia चेयरमैन के बयान से अटकलों पर लगा ब्रेक

Upstox

3 min read | अपडेटेड November 18, 2026, 14:26 IST

सारांश

एनवीडिया के चेयरमैन हार्वे जोन्स की यह टिप्पणी कंपनी के को-फाउंडर हुआंग के उस बयान के कुछ घंटे बाद आयी, जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स इसे कंपनी के हित में मानता है तो उन्हें इस पद पर लौटने में सम्मान महसूस होगा।

एनवीडिया

NVIDIA में नेतृत्व परिवर्तन की चर्चा पर लगा विराम (Photo: Shutterstock)

चिप बनाने वाली कंपनी एनवीडिया के चेयरमैन हार्वे जोन्स ने आज कहा कि कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की जेनसन हुआंग को चीफ एग्जिक्यूटिव ऑफिसर (सीईओ) के पद पर बहाल करने का कोई प्लान नहीं है। जोन्स की यह टिप्पणी कंपनी के को-फाउंडर हुआंग के उस बयान के कुछ घंटे बाद आयी, जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स इसे कंपनी के हित में मानता है तो उन्हें इस पद पर लौटने में सम्मान महसूस होगा। हुआंग ने सीईओ पद छोड़ने के बाद पहली बार अपनी बात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के जरिए रखी थी।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

जोन्स ने 2027 की तीसरी तिमाही के नतीजों पर आयोजित बातचीत की शुरुआत में कहा, ‘जेनसन हुआंग ने खुद से कंपनी के प्रेसिडेंट, सीईओ और बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स मेंबर के पदों से इस्तीफा दिया था। एनवीडिया के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने सर्वसम्मति से उनका इस्तीफा स्वीकार किया और उन्हें सीईओ के रूप में बहाल करने का उसका कोई प्लान नहीं है।’ जोन्स ने कहा कि हुआंग ने ‘कंपनी की आचार संहिता के मानकों और सांस्कृतिक मानदंडों के अनुरूप नहीं होने वाले निजी व्यवहार का खुलासा होने के बाद’ खुद अपनी मर्जी से इस्तीफा दिया था। हालांकि, 12 नवंबर को इस्तीफे की घोषणा करते समय बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स के बयान में इसका कोई कारण नहीं बताया गया था।

जोन्स ने कहा कि बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने स्थायी सीईओ की तलाश की जिम्मेदारी कार्यकारी अधिकारियों की नियुक्ति करने वाली कंपनी हेड्रिक एंड स्ट्रगल्स को सौंपी है। कंपनी की मुख्य वित्त अधिकारी कोलेट क्रेस अंतरिम सीईओ के रूप में काम कर रही हैं। उन्होंने कहा, ‘हालांकि, नेतृत्व में यह बदलाव अप्रत्याशित था, लेकिन बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने कंपनी के कर्मचारियों, ग्राहकों, साझेदारों और शेयरधारकों के सर्वोत्तम हित में सोच-समझकर कदम उठाया।’

जोन्स ने कहा कि बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स को अंतरिम सीईओ के रूप में क्रेस के नेतृत्व, ईमानदारी और कामकाज संभालने की क्षमता पर पूरा भरोसा है। एनवीडिया के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने राष्ट्रीय सुरक्षा और निर्यात नियंत्रण निगरानी समिति भी गठित की है। इसमें स्वतंत्र निदेशकों, वरिष्ठ बाहरी सलाहकारों और कानूनी सलाहकारों का एक चुनिंदा समूह शामिल है। इसका उद्देश्य अमेरिकी सरकार और सभी संबंधित एजेंसियों के साथ कंपनी के संपर्क को और मजबूत करना है।

इससे पहले, मंगलवार देर रात इस्तीफे के बाद अपने पहले पब्लिक स्टेटमेंट में हुआंग ने कहा कि अगर चिप विनिर्माता कंपनी का बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स इसे कंपनी के सर्वोत्तम हित में मानता है तो उन्हें सीईओ पद पर लौटने में सम्मान महसूस होगा। हालांकि, उन्होंने अपने निजी जीवन में गंभीर गलतियां करने की बात भी स्वीकार की थी। हुआंग ने कहा था कि उनके पद छोड़ने के बाद से एनवीडिया के कर्मचारी, निवेशक, कारोबारी साझेदार और ग्राहक उन्हें सीईओ के रूप में वापस लाने की मांग कर रहे हैं और उनमें से कई अब भी सीधे उनसे संपर्क कर रहे हैं।

इस बीच, एनवीडिया का नेट प्रॉफिट 25 अक्टूबर, 2026 को समाप्त तिमाही में दोगुने से अधिक होकर 65.3 अरब डॉलर हो गया, जो एक साल पहले इसी अवधि में 31.9 अरब डॉलर था।

PTI इनपुट के साथ

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख

End of additional stories