return to news
  1. कैसा रहा दलाल स्ट्रीट पर लेंसकार्ट का एक साल? लिस्टिंग के बाद 77.44% उछला भाव, दोगुना हुआ मुनाफा

मार्केट न्यूज़

कैसा रहा दलाल स्ट्रीट पर लेंसकार्ट का एक साल? लिस्टिंग के बाद 77.44% उछला भाव, दोगुना हुआ मुनाफा

विकास तिवारी

4 min read | अपडेटेड November 13, 2026, 13:55 IST

सारांश

लेंसकार्ट सॉल्यूशंस ने शेयर बाजार में अपना एक साल पूरा कर लिया है। नवंबर 2025 में लिस्टिंग के बाद से इसका शेयर 77.44% उछलकर 725.80 रुपये पर पहुंच गया है। इस दौरान कंपनी का मार्केट कैप 86.7% बढ़ा है। वहीं दूसरी तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट दोगुना से ज्यादा हो गया है।

शेयर सूची

lenskart-completes-one-year-on-nse-share-price

लेंसकार्ट के शेयरों ने लिस्टिंग के बाद एक साल में निवेशकों को शानदार रिटर्न दिया है।| Image: Shutterstock

आईवियर रिटेलर कंपनी लेंसकार्ट सॉल्यूशंस लिमिटेड ने घरेलू शेयर बाजार में अपना एक साल का सफर पूरा कर लिया है। नवंबर 2025 में स्टॉक मार्केट में डेब्यू करने के बाद से इस कंपनी ने निवेशकों को बेहद शानदार रिटर्न दिया है। एनएसई पर लिस्टिंग के बाद से लेंसकार्ट का शेयर अब तक यानी 13 नवंबर को दोपहर 1 बजे तक 77.44% उछल चुका है और यह 725.80 रुपये के स्तर पर ट्रेड कर रहा है।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

शेयर की कीमतों में आई इस जोरदार तेजी से कंपनी की मार्केट वैल्यू में भी बड़ा इजाफा हुआ है। एनएसई पर लिस्टिंग के समय लेंसकार्ट का मार्केट कैप लगभग 68,513 करोड़ रुपये था, जो 12 नवंबर 2026 तक बढ़कर 1,27,908.58 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। यानी लिस्टिंग के बाद से कंपनी की मार्केट वैल्यू में करीब 59,395.58 करोड़ रुपये या लगभग 86.7% की बढ़ोतरी हुई है। कंपनी के रिटेल नेटवर्क के विस्तार, घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बिक्री में तेजी तथा मुनाफे में सुधार ने शेयर को यह मजबूती दी है।

दूसरी तिमाही में दोगुना से ज्यादा हुआ नेट प्रॉफिट

लेंसकार्ट ने 4 नवंबर 2026 को सितंबर तिमाही यानी Q2 FY27 के वित्तीय नतीजे जारी किए, जिसमें कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर दोगुना से भी अधिक हो गया है। प्रो फॉर्मा आधार पर कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 106.1% बढ़कर 232.45 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की समान तिमाही में 112.79 करोड़ रुपये था। पैरेंट कंपनी के हिस्से का नेट प्रॉफिट 227.08 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। इस दौरान कंपनी का ऑपरेशन से रेवेन्यू प्रो फॉर्मा आधार पर 32.5% बढ़कर 2,845.03 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जबकि वैधानिक आधार पर पिछले साल के 2,096 करोड़ रुपये के मुकाबले रेवेन्यू ग्रोथ 35.7% रही। कंपनी का प्रॉफिट बिफोर टैक्स 89.6% उछलकर 304.48 करोड़ रुपये रहा। इंड एएस 116 से पहले का EBITDA 65% बढ़कर करीब 392 करोड़ रुपये हो गया और EBITDA मार्जिन बढ़कर 13.8% पर पहुंच गया। तिमाही के दौरान कंपनी का बेसिक ईपीएस 1.31 रुपये रहा।

स्टोर नेटवर्क का तेजी से विस्तार और बिक्री में उछाल

कंपनी के कारोबार में यह ग्रोथ बिक्री की अधिक मात्रा और घरेलू व अंतरराष्ट्रीय बाजारों में हुए विस्तार की वजह से आई है। सितंबर तिमाही में लेंसकार्ट ने वैश्विक स्तर पर लगभग 1.1 करोड़ आईवियर यूनिट्स की बिक्री की, जो सालाना आधार पर 27.1% की बढ़त दिखाती है। भारत में कंपनी की सेम-स्टोर सेल्स ग्रोथ 20.8% रही, जो पुराने स्टोर्स से होने वाली बिक्री में मजबूती का संकेत है। कंपनी ने इस तिमाही में 165 नए स्टोर जोड़े, जिससे इसका कुल वैश्विक नेटवर्क 3,624 स्टोर्स पर पहुंच गया है। इसमें भारत में 2,868 स्टोर और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में 756 स्टोर शामिल हैं। कंपनी के अंतरराष्ट्रीय कारोबार का रेवेन्यू भी सालाना आधार पर 29.5% बढ़कर 1,201 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।

फ्यूचर ग्रोथ के बड़े ड्राइवर क्या हैं?

ब्रोकरेज फर्म जेफरीज ने लेंसकार्ट की हसलर क्लब पहल को ग्राहकों तक पहुंच बढ़ाने का बड़ा अवसर बताया है, जिसका लक्ष्य अगले 10 करोड़ भारतीय ग्राहकों तक पहुंचना है। इसके अलावा प्रीमियम-फॉर्मेट स्टोर्स के विस्तार, स्मार्ट ग्लासेस और हैदराबाद की मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी को फ्यूचर की ग्रोथ का मुख्य आधार माना गया है। जेफरीज के अनुसार, लेंसकार्ट लंबे समय में 25% के EBITDA मार्जिन का लक्ष्य लेकर चल रही है, हालांकि इसके लिए कोई समयसीमा तय नहीं की गई है। वहीं करेंसी से जुड़े उतार-चढ़ाव कंपनी के लिए एक जोखिम बने हुए हैं।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

लेखकों के बारे में

विकास तिवारी
Vikash Tiwary is a finance journalist with 6+ years of newsroom experience. He is currently growing Upstox Hindi, crafting data-driven stories on stocks, personal finance, mutual funds, and global markets, while exploring how AI can simplify finance. His work spans Zee Business, TV9 Bharatvarsh, ABP News, India TV, and Inshorts. He also holds NISM certification.

अगला लेख

End of additional stories