return to news
  1. Airtel vs Jio vs Vodafone Idea: टेलीकॉम के तीनों महारथियों में कौन किस पर भारी? कमाई, मुनाफे और ARPU का पूरा हिसाब देखें

मार्केट न्यूज़

Airtel vs Jio vs Vodafone Idea: टेलीकॉम के तीनों महारथियों में कौन किस पर भारी? कमाई, मुनाफे और ARPU का पूरा हिसाब देखें

विकास तिवारी

4 min read | अपडेटेड November 13, 2026, 12:52 IST

सारांश

भारतीय टेलीकॉम सेक्टर की तीनों दिग्गज कंपनियों भारती एयरटेल, जियो प्लेटफॉर्म्स और वोडाफोन आइडिया ने दूसरी तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। रेवेन्यू, नेट प्रॉफिट और एआरपीयू में एयरटेल सबसे आगे है, जबकि ग्राहक संख्या और कम कर्ज में जियो का दबदबा है।

शेयर सूची

BHARTIARTL
--
JPL
--
IDEA
--
airtel-vs-jio-vs-vodafone-idea-q2-fy27

दूसरी तिमाही में देश के तीनों प्रमुख टेलीकॉम ऑपरेटर्स के प्रदर्शन में बड़ा अंतर दिखा है।

भारतीय टेलीकॉम सेक्टर के तीनों प्रमुख हीरो यानी भारती एयरटेल, जियो प्लेटफॉर्म्स और वोडाफोन आइडिया ने चालू वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही के नतीजे पेश कर दिए हैं। तीनों कंपनियों के शेयरों की चाल देखें तो 13 नवंबर की सुबह तक इस साल अब तक वोडाफोन आइडिया का शेयर 8.71% यानी 1.01 रुपये की तेजी के साथ 12.61 रुपये पर ट्रेड कर रहा है। वहीं भारती एयरटेल का शेयर 2,109.60 रुपये पर है और इस साल अब तक 0.04% यानी 0.80 रुपये की मामूली गिरावट के साथ सपाट बना हुआ है। इसके अलावा हाल ही में शेयर बाजार में लिस्ट हुई जियो प्लेटफॉर्म्स का शेयर 1,405.70 रुपये पर है और लिस्टिंग के बाद अब तक 0.83% यानी 11.80 रुपये नीचे है। तिमाही नतीजों के आंकड़े बताते हैं कि तीनों कंपनियों की ताकत और चुनौतियां अलग-अलग हैं।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

कमाई और नेट प्रॉफिट में एयरटेल सबसे आगे

दूसरी तिमाही में भारती एयरटेल का कंसोलिडेटेड ऑपरेशन से रेवेन्यू सालाना 16.7% बढ़कर 60,878 करोड़ रुपये रहा, जिसमें अफ्रीका का कारोबार शामिल है। वहीं जियो प्लेटफॉर्म्स का रेवेन्यू 11.4% बढ़कर 40,475 करोड़ रुपये दर्ज हुआ। दूसरी तरफ वोडाफोन आइडिया का रेवेन्यू तिमाही आधार पर 1.7% बढ़कर 11,884 करोड़ रुपये पर पहुंचा। मुनाफे की बात करें तो एयरटेल का नेट प्रॉफिट 30.8% उछलकर 8,888 करोड़ रुपये और जियो का नेट प्रॉफिट 13.7% बढ़कर 8,389 करोड़ रुपये रहा। हालांकि 20.7% के साथ नेट प्रॉफिट मार्जिन में जियो आगे है, जबकि एयरटेल का मार्जिन 14.8% रहा।

इसके विपरीत वोडाफोन आइडिया का शुद्ध घाटा पिछली तिमाही के 3,754 करोड़ रुपये से बढ़कर 5,975 करोड़ रुपये हो गया, जिसकी मुख्य वजह 462 करोड़ रुपये का वन टाइम नुकसान रहा। कामकाजी मोर्चे पर एयरटेल का EBITDA 35,240 करोड़ रुपये और मार्जिन 57.9% रहा, जियो का EBITDA 21,879 करोड़ रुपये और मार्जिन 54.1% दर्ज हुआ, जबकि वोडाफोन आइडिया का EBITDA घटकर 4,981 करोड़ रुपये और मार्जिन 41.9% रह गया।

ARPU और ग्राहकों की दौड़ में किसका पलड़ा भारी

प्रति यूजर औसत कमाई यानी ARPU के मामले में एयरटेल ने अपनी बढ़त कायम रखी है। भारत में एयरटेल का मोबाइल ARPU सालाना 5.9% बढ़कर 271 रुपये पहुंच गया, जो जियो के 218.8 रुपये के मुकाबले करीब 24% अधिक है। वहीं वोडाफोन आइडिया का ARPU भी तिमाही आधार पर 195 रुपये से सुधरकर 198 रुपये हो गया। हालांकि कुल घरेलू ग्राहकों में जियो सबसे आगे है। भारत में जियो के 54.2 करोड़ ग्राहक हैं, जिनमें इस तिमाही 91 लाख नए यूजर जुड़े, जबकि एयरटेल के भारत में 49.8 करोड़ और 15 देशों को मिलाकर कुल 69.3 करोड़ ग्लोबल ग्राहक हैं। एयरटेल ने इस तिमाही 12 लाख पोस्टपेड और 29 लाख स्मार्टफोन डेटा ग्राहक जोड़े। ब्रॉडबैंड सेगमेंट में भी जियो 3 करोड़ ग्राहकों के साथ एयरटेल के 1.53 करोड़ होम कस्टमर्स से लगभग दोगुना आगे है।

कर्ज के मोर्चे पर जियो ने घटाया बोझ

तीनों कंपनियों की बैलेंस शीट में कर्ज का अंतर साफ दिखाई देता है। एयरटेल पर कुल नेट कर्ज 1,66,580.5 करोड़ रुपये है। इसके मुकाबले जियो प्लेटफॉर्म्स का नेट कर्ज घटकर केवल 8,822 करोड़ रुपये रह गया है। जियो ने अपने आईपीओ से जुटाई गई रकम में से 27,500 करोड़ रुपये का उपयोग रिलायंस जियो इन्फोकॉम का पुराना कर्ज समय से पहले चुकाने में किया है। इससे आने वाली तिमाहियों में जियो की ब्याज लागत घटेगी और उसके मुनाफे को सीधा सहारा मिलेगा।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

लेखकों के बारे में

विकास तिवारी
Vikash Tiwary is a finance journalist with 6+ years of newsroom experience. He is currently growing Upstox Hindi, crafting data-driven stories on stocks, personal finance, mutual funds, and global markets, while exploring how AI can simplify finance. His work spans Zee Business, TV9 Bharatvarsh, ABP News, India TV, and Inshorts. He also holds NISM certification.

अगला लेख

End of additional stories