बिजनेस न्यूज़

4 min read | अपडेटेड November 23, 2026, 13:00 IST
सारांश
महंगाई बढ़ने की सबसे बड़ी वजह मिडिल ईस्ट में चल रही जंग के कारण ऊर्जा की कीमतों में आया उछाल है। इसके अलावा देश के कई हिस्सों में मानसून की बारिश भी सामान्य नहीं रही। कहीं बारिश कम हुई तो कहीं उसका वितरण असमान रहा।

RBI: अक्टूबर में भारत की महंगाई दर 6% के पार पहुंच गई।
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) आने वाले महीनों में ब्याज दरें बढ़ा सकता है। महंगाई में लगातार हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए केंद्रीय बैंक 4 दिसंबर को रेपो रेट में 0.25% की बढ़ोतरी कर सकता है। इसके बाद फरवरी में एक और बढ़ोतरी होने की संभावना है। रॉयटर्स के अर्थशास्त्रियों के बीच किए गए सर्वे में यह अनुमान सामने आया है। अगर ऐसा होता है तो रेपो रेट बढ़कर फरवरी तक 6% पहुंच सकता है।
रॉयटर्स ने 13 से 20 नवंबर के बीच 61 अर्थशास्त्रियों से RBI की मौद्रिक नीति को लेकर राय ली। इनमें से 56 अर्थशास्त्रियों यानी 90% से ज्यादा लोगों का मानना है कि RBI 4 दिसंबर को खत्म होने वाली अपनी मौद्रिक नीति बैठक में रेपो रेट 0.25% बढ़ाकर 5.75% कर सकता है।
वहीं, तीन अर्थशास्त्रियों का अनुमान है कि RBI ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं करेगा। जबकि दो अर्थशास्त्रियों ने 0.50% की बड़ी बढ़ोतरी की संभावना जताई है। फरवरी में होने वाली अगली बैठक को लेकर भी ज्यादातर अर्थशास्त्रियों का मानना है कि RBI ब्याज दरों में आखिरी बार 0.25% की बढ़ोतरी कर सकता है। 46 अर्थशास्त्रियों में से 34 ने यह अनुमान जताया है। ऐसा होने पर रेपो रेट 6% हो जाएगा।
महंगाई बढ़ने की सबसे बड़ी वजह मिडिल ईस्ट में चल रही जंग के कारण ऊर्जा की कीमतों में आया उछाल है। इसके अलावा देश के कई हिस्सों में मानसून की बारिश भी सामान्य नहीं रही। कहीं बारिश कम हुई तो कहीं उसका वितरण असमान रहा। इन दोनों वजहों से खाने-पीने की चीजों और दूसरी जरूरी वस्तुओं की कीमतों पर दबाव बढ़ा है।
अक्टूबर में भारत की महंगाई दर 6% के पार पहुंच गई। दो साल में पहली बार ऐसा हुआ है, जब महंगाई RBI की तय 2-6% की सीमा से बाहर निकली है। एक्सपर्ट्स के मुताबिक पिछले कुछ महीनों में महंगाई का अनुमान बिगड़ा है। दूसरी तरफ, भारत की आर्थिक ग्रोथ 8% से ज्यादा रहने की संभावना है। ऐसे में RBI के पास महंगाई को काबू करने के लिए ब्याज दरें बढ़ाने की गुंजाइश है।
कच्चे तेल की कीमतों में हाल में कुछ गिरावट आई है, लेकिन युद्ध शुरू होने से पहले के मुकाबले ये अभी भी करीब 30% ज्यादा हैं। इससे आने वाले समय में महंगाई ऊंची बनी रह सकती है। दूसरी तरफ, भारतीय रुपये की स्थिति में सुधार हुआ है। कुछ समय पहले एशिया की कमजोर मुद्राओं में शामिल रुपया अब बेहतर प्रदर्शन करने वाली मुद्राओं में आ गया है। इससे RBI पर रुपये को संभालने का दबाव कुछ कम हो सकता है। इस साल केंद्रीय बैंक डॉलर के मुकाबले रुपये को गिरने से बचाने के लिए अरबों डॉलर खर्च कर चुका है।
रुपये पर दबाव के कारण पहले ब्याज दरों में ज्यादा बढ़ोतरी की चर्चा हो रही थी। अब स्थिति बेहतर होने से RBI धीरे-धीरे कदम उठा सकता है। हालांकि एक्सपर्ट्स का कहना है कि अगले 5-6 महीनों तक महंगाई 6% के आसपास रह सकती है।
सर्वे के मुताबिक अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में महंगाई औसतन 6% रह सकती है। इसके बाद इसमें गिरावट आने का अनुमान है। हालांकि, इस साल और अगले साल भी महंगाई RBI के 4% के मीडियम टर्म टारगेट से ऊपर रह सकती है। महंगाई ज्यादा रहने का सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ेगा। जब खाने-पीने की चीजें, ईंधन और दूसरी जरूरी वस्तुएं महंगी होती हैं तो लोगों के पास दूसरी चीजों पर खर्च करने के लिए कम पैसा बचता है। इससे बाजार में मांग घट सकती है और आर्थिक गतिविधियां धीमी पड़ सकती हैं।
सर्वे के मुताबिक, पिछले पांच तिमाहियों में भारत की अर्थव्यवस्था औसतन करीब 8% की दर से बढ़ी है। लेकिन आने वाली तिमाहियों में ग्रोथ धीमी होकर चालू तिमाही में 6.9% और अगली तिमाही में 6.8% रह सकती है। अगर RBI ब्याज दरें बढ़ाता है तो होम लोन, कार लोन और दूसरे कर्ज महंगे हो सकते हैं। इससे लोगों की EMI बढ़ने की भी आशंका रहेगी। यानी RBI के सामने महंगाई को काबू करने और आर्थिक ग्रोथ को बनाए रखने के बीच संतुलन बनाने की चुनौती होगी।
संबंधित समाचार
लेखकों के बारे में

अगला लेख