return to news
  1. Aluminium Stocks: इंपोर्ट ड्यूटी हटाने की मांग, Hindalco, Vedanta में बढ़ी बिकवाली, लेकिन इन शेयरों को हो सकता है फायदा

मार्केट न्यूज़

Aluminium Stocks: इंपोर्ट ड्यूटी हटाने की मांग, Hindalco, Vedanta में बढ़ी बिकवाली, लेकिन इन शेयरों को हो सकता है फायदा

Shubham Singh Thakur

4 min read | अपडेटेड November 23, 2026, 09:36 IST

सारांश

भारत में प्राइमरी एल्युमिनियम की कीमतें अंतरराष्ट्रीय बाजार से जुड़ी होती हैं। घरेलू उत्पादक भी ग्लोबल कीमतों और इंपोर्ट की लागत को ध्यान में रखकर कीमत तय करते हैं। ऐसे में आयात पर लगने वाली ड्यूटी का असर घरेलू बाजार में एल्युमिनियम की कीमतों पर भी पड़ता है।

शेयर सूची

Aluminium

Hindalco Industries, Vedanta और NALCO जैसी कंपनियां प्राइमरी एल्युमिनियम का उत्पादन करती हैं।

बजट से पहले एल्युमिनियम सेक्टर में टैक्स को लेकर एक अहम मांग उठी है। इंडस्ट्री चाहती है कि विदेश से आने वाले प्राइमरी एल्युमिनियम पर लगने वाली इंपोर्ट ड्यूटी खत्म की जाए, ताकि घरेलू कंपनियों को सस्ता कच्चा माल मिल सके। अगर सरकार इस प्रस्ताव पर विचार करती है, तो एल्युमिनियम सेक्टर की कंपनियों के कारोबार और मुनाफे पर अलग-अलग असर देखने को मिल सकता है। इसी वजह से 23 नवंबर को Hindalco Industries, Vedanta, NALCO, Maan Aluminium समेत कई शेयर निवेशकों के रडार पर रहेंगे।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

सरकार से क्या मांग की गई है?

एल्युमिनियम एक्सट्रूजन मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (ALEMAI) ने वित्त मंत्री Nirmala Sitharaman को पत्र लिखकर प्राइमरी एल्युमिनियम पर बेसिक कस्टम ड्यूटी को मौजूदा 7.5% से घटाकर शून्य करने की मांग की है। एसोसिएशन के मुताबिक, सोशल वेलफेयर सरचार्ज मिलाने के बाद आयात पर कुल प्रभावी ड्यूटी करीब 8.25% बैठती है। इससे एल्युमिनियम का इस्तेमाल करके दूसरे उत्पाद बनाने वाली कंपनियों की लागत बढ़ रही है।

किन कंपनियों को फायदा हो सकता है?

अगर इंपोर्ट ड्यूटी घटती है, तो एल्युमिनियम से तैयार सामान बनाने वाली कंपनियों को राहत मिल सकती है। Maan Aluminium, Manaksia Aluminium और Century Extrusions जैसी कंपनियां एल्युमिनियम के डाउनस्ट्रीम कारोबार में हैं। ये कंपनियां कच्चे एल्युमिनियम से अलग-अलग उत्पाद बनाती हैं। सस्ता कच्चा माल मिलने से इनकी लागत कम हो सकती है, मार्जिन सुधर सकता है और बाजार में प्रतिस्पर्धा करने की क्षमता बढ़ सकती है।

घरेलू कंपनियों की लागत क्यों ज्यादा है?

भारत में प्राइमरी एल्युमिनियम की कीमतें अंतरराष्ट्रीय बाजार से जुड़ी होती हैं। घरेलू उत्पादक भी ग्लोबल कीमतों और इंपोर्ट की लागत को ध्यान में रखकर कीमत तय करते हैं। ऐसे में आयात पर लगने वाली ड्यूटी का असर घरेलू बाजार में एल्युमिनियम की कीमतों पर भी पड़ता है।

ALEMAI ने माइंस मंत्रालय के एल्युमिनियम सेक्टर विजन डॉक्यूमेंट 2025 का हवाला देते हुए कहा है कि 2022 में भारतीय डाउनस्ट्रीम इंडस्ट्री ने इंपोर्ट-पैरिटी प्राइसिंग के चलते घरेलू उत्पादकों को करीब 470 मिलियन डॉलर अतिरिक्त चुकाए थे। एसोसिएशन का मानना है कि इससे इंडस्ट्री के विस्तार और निवेश पर असर पड़ा।

कैसा है आज इन शेयरों का प्रदर्शन

Hindalco Industries के शेयरों में आज गिरावट नजर आ रही है। यह शेयर BSE पर 2 फीसदी गिरकर 911.90 रुपये प्रति शेयर के भाव पर आ गया है। Vedanta Aluminium Metal की बात करें तो इसमें 0.14 फीसदी की मामूली गिरावट है। National Aluminium Co Ltd के शेयरों में भी 0.59 फीसदी की कमजोरी है। इसके अलावा Maan Aluminium में भी 0.10 फीसदी की मामूली कमजोरी है। वहीं, Century Extrusions में 2.60 फीसदी की तेजी नजर आ रही है।

Hindalco, Vedanta और NALCO पर क्या असर होगा?

Hindalco Industries, Vedanta और NALCO जैसी कंपनियां प्राइमरी एल्युमिनियम का उत्पादन करती हैं। इंपोर्ट ड्यूटी हटने पर विदेश से एल्युमिनियम मंगाना सस्ता हो सकता है, जिससे घरेलू उत्पादकों को प्रतिस्पर्धा बढ़ने का सामना करना पड़ सकता है। इससे घरेलू एल्युमिनियम कीमतों पर दबाव पड़ने की आशंका है।

इसके अलावा भारतीय कंपनियों को उन देशों से आने वाले तैयार एल्युमिनियम उत्पादों से भी मुकाबला करना पड़ता है, जिनके साथ भारत का फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) है। ऐसे उत्पाद कम या शून्य ड्यूटी पर भारत पहुंच सकते हैं, जबकि भारतीय कंपनियों को कच्चा माल महंगा पड़ता है। हालांकि, शेयरों पर वास्तविक असर सरकार के फैसले, ग्लोबल कीमतों, मांग और कंपनियों की लागत पर निर्भर करेगा।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

अगला लेख

End of additional stories