बिजनेस न्यूज़
.png)
4 min read | अपडेटेड November 20, 2026, 17:50 IST
सारांश
उत्तर प्रदेश यातायात निदेशालय ने राज्य के पांच प्रमुख एक्सप्रेसवे पर शीतकालीन गति सीमा लागू कर दी है। यह नियम 15 नवंबर 2026 से 15 फरवरी 2027 तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान दिन और रात के समय अलग-अलग वाहनों के लिए अधिकतम स्पीड लिमिट तय की गई है, जिसका उल्लंघन करने पर कार्रवाई होगी।

सर्दियों के मौसम में सुरक्षित सफर के लिए यूपी ट्रैफिक पुलिस ने आगरा-लखनऊ, पूर्वांचल, बुंदेलखंड, गोरखपुर लिंक और गंगा एक्सप्रेसवे पर नई गति सीमा लागू की है।
उत्तर प्रदेश के एक्सप्रेसवे पर सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए एक बेहद जरूरी खबर है। यातायात निदेशालय उत्तर प्रदेश और यूपी ट्रैफिक पुलिस ने राज्य के पांच प्रमुख एक्सप्रेसवे पर शीतकालीन गति सीमा लागू कर दी है। यह संशोधित अधिकतम गति सीमा 15 नवंबर 2026 से प्रभावी हो चुकी है और 15 फरवरी 2027 तक लागू रहेगी। ट्रैफिक पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और आधिकारिक सूचना के जरिए वाहन चालकों को इस बदलाव की जानकारी दी है।
इस पहल के पीछे मुख्य मकसद सर्दियों के मौसम में सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाना है। यूपी ट्रैफिक पुलिस ने धीमी रफ्तार, सुरक्षित सफर और आपकी सुरक्षा, हमारा संकल्प के संदेश के साथ लोगों से तय नियमों का पालन करने की अपील की है। विभाग ने साफ तौर पर चेतावनी दी है कि निर्धारित गति सीमा का पालन करना सभी के लिए अनिवार्य है और इसका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
यातायात निदेशालय उत्तर प्रदेश की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक यह शीतकालीन गति सीमा राज्य के पांच बड़े एक्सप्रेसवे पर लागू की गई है। इनमें आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे और बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे शामिल हैं। इसके अलावा गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे और गंगा एक्सप्रेसवे पर भी वाहन चालकों को नई स्पीड लिमिट के हिसाब से ही गाड़ी चलानी होगी।
इन पांचों एक्सप्रेसवे पर 15 नवंबर 2026 से 15 फरवरी 2027 तक वाहनों की अधिकतम रफ्तार पर नियंत्रण रहेगा। प्रशासन ने अलग-अलग वाहन श्रेणियों के हिसाब से दिन और रात के समय के लिए अलग अधिकतम गति सीमा तय की है। दिन का समय सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक यानी 08:00 से 20:00 बजे तक माना गया है, जबकि रात का समय रात 8 बजे से सुबह 8 बजे तक यानी 20:00 से 08:00 बजे तक तय किया गया है।
नई व्यवस्था के तहत कार एवं हल्के यात्री वाहन यानी एलएमवी और M-1 कैटेगरी के वाहनों के लिए दिन के समय अधिकतम गति सीमा 80 किलोमीटर प्रति घंटा तय की गई है। वहीं रात के समय यानी शाम 8 बजे से सुबह 8 बजे के बीच इन वाहनों की अधिकतम रफ्तार घटाकर 60 किलोमीटर प्रति घंटा कर दी गई है। ऐसे में कार चालकों को दिन और रात के समय के अनुसार अपनी गाड़ी की स्पीड का खास ध्यान रखना होगा।
यात्री बसों यानी M-2 और M-3 कैटेगरी के वाहनों के लिए भी गति सीमा में बदलाव किया गया है। इन पांचों एक्सप्रेसवे पर यात्री बसें दिन के समय अधिकतम 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चल सकेंगी। वहीं रात के समय यात्री बसों के लिए अधिकतम गति सीमा 50 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित की गई है।
भारी और मालवाहक वाहनों जैसे ट्रक, ट्रेलर और डंपर के लिए सबसे कम गति सीमा रखी गई है। इन मालवाहक वाहनों को दिन के समय यानी सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक अधिकतम 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलने की अनुमति होगी। रात के समय इनकी अधिकतम गति सीमा और कम करते हुए 40 किलोमीटर प्रति घंटा तय की गई है।
यातायात निदेशालय उत्तर प्रदेश ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए इन नियमों का पूरी तरह पालन करें। निर्धारित स्पीड लिमिट से तेज वाहन चलाने पर नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही यातायात निदेशालय ने वाहन चालकों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर 9454402555 भी जारी किया है, जिस पर जरूरत पड़ने पर संपर्क किया जा सकता है।
संबंधित समाचार
लेखकों के बारे में
.png)
अगला लेख