return to news
  1. मुश्किलों में घिरी स्पाइसजेट को DGCA का कारण बताओ नोटिस, 7 दिन में मांगा जवाब, शेयर भी 5% टूटा

बिजनेस न्यूज़

मुश्किलों में घिरी स्पाइसजेट को DGCA का कारण बताओ नोटिस, 7 दिन में मांगा जवाब, शेयर भी 5% टूटा

Upstox

3 min read | अपडेटेड November 20, 2026, 17:05 IST

सारांश

विमानन नियामक डीजीसीए ने ऑपरेशन से जुड़ी दिक्कतों का सामना कर रही एयरलाइन स्पाइसजेट को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। लगातार फ्लाइट रद्द होने, पेमेंट में देरी और नियमों के उल्लंघन को लेकर सात दिन में जवाब मांगा गया है।

dgca-show-cause-notice-to-spicejet-over-flight

विमानन नियामक डीजीसीए ने लगातार उड़ानें रद्द होने और नियमों के उल्लंघन पर स्पाइसजेट को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

संकट से जूझ रही एयरलाइन कंपनी स्पाइसजेट की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। विमानन नियामक नागर विमानन महानिदेशालय यानी DGCA ने एयरलाइन को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। सूत्रों के मुताबिक शुक्रवार को यह जानकारी सामने आई कि DGCA ने 17 नवंबर को यह नोटिस भेजकर कंपनी से सात दिन के भीतर जवाब मांगा है। यह कार्रवाई लगातार उड़ानों के रद्द होने, पेमेंट में देरी के चलते ऑपरेशन में आ रही रुकावटों और नियमों के उल्लंघन को लेकर की गई है। हालांकि इस पूरे मामले पर स्पाइसजेट की तरफ से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

उड़ानों में देरी और जमीन पर खड़े विमानों पर मांगा जवाब

DGCA ने अपने नोटिस में एयरलाइन के ऑपरेशनल परफॉर्मेंस में आ रही लगातार गिरावट पर कड़ी नाराजगी जताई है। नियामक ने कहा है कि स्पाइसजेट समय पर उड़ान संचालन करने में पिछड़ रही है और फ्लाइट्स में देरी तथा रद्द होने के मामले तेजी से बढ़े हैं। एयरलाइन तय उड़ान शेड्यूल का पालन नहीं कर रही है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है और उनकी सुविधा के लिए पर्याप्त इंतजाम भी नहीं किए गए हैं।

इसके अलावा नियामक ने इस बात पर भी चिंता जाहिर की है कि स्पाइसजेट के बेड़े के ज्यादातर विमान इस समय जमीन पर खड़े हैं। कंपनी इन विमानों को दोबारा सर्विस में लाने के लिए कोई ठोस और विश्वसनीय योजना पेश करने में नाकाम रही है। नोटिस में विदेशी विमानन नियामकों की चिंताओं का भी जिक्र किया गया है, जो अनिवार्य बीमा कवर के रिन्यूअल को लेकर बनी अनिश्चितता और सर्विस प्रोवाइडर्स को पेमेंट में देरी से जुड़े हैं।

पुराना जुर्माना न चुकाने और नियमों की अनदेखी का आरोप

नोटिस में यह भी सामने आया है कि बार-बार याद दिलाने के बावजूद स्पाइसजेट ने पहले लगाए गए जुर्माने का भुगतान नहीं किया है, हालांकि उस जुर्माने का पूरा ब्योरा अभी उपलब्ध नहीं हो सका है। इसके साथ ही एयरलाइन निर्धारित अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के ऑपरेशन के लिए जरूरी पात्रता शर्तों को पूरा करने में भी विफल रही है। मई महीने में कार्रवाई और जुर्माना लगने के बावजूद कंपनी मार्ग वितरण दिशानिर्देशों यानी आरडीजी का लगातार उल्लंघन कर रही है।

फंड जुटाने के ऐलान के बीच शेयर टूटा और बाजार हिस्सेदारी घटी

यह नोटिस ऐसे समय में आया है जब इसके ठीक एक दिन बाद 18 नवंबर को स्पाइसजेट के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने अपनी वित्तीय स्थिति को मजबूत करने के लिए 5,500 करोड़ रुपये तक जुटाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। दूसरी ओर शुक्रवार को दोपहर के कारोबार में बीएसई पर एयरलाइन का शेयर करीब 5% गिरकर 9.74 रुपये पर आ गया। बीएसई ने भी DGCA के नोटिस से जुड़ी खबरों पर कंपनी से स्पष्टीकरण मांगा है।

इस बीच दिल्ली हवाई अड्डे का ऑपरेशन करने वाली कंपनी डायल ने भी शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर जानकारी दी कि स्पाइसजेट की ऑपरेशनल चुनौतियों के कारण कुछ उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं। कंपनी के कमजोर होते कामकाज का असर उसकी बाजार हिस्सेदारी पर भी साफ दिख रहा है। एयरलाइन का घरेलू मार्केट शेयर अगस्त के 1.2% से घटकर सितंबर में महज 0.6% रह गया है।

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख

End of additional stories