return to news
  1. महंगाई का नया झटकाः ATF और कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम बढ़े, क्या है पेट्रोल-डीजल का हाल?

बिजनेस न्यूज़

महंगाई का नया झटकाः ATF और कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम बढ़े, क्या है पेट्रोल-डीजल का हाल?

Upstox

3 min read | अपडेटेड November 01, 2026, 11:18 IST

सारांश

विमान ईंधन कीमतों में लगातार चौथे महीने बढ़ोतरी की गई है। इससे पहले 1 अक्टूबर को एटीएफ की कीमत में 16 रुपये प्रति लीटर की बड़ी वृद्धि की गई थी। वहीं, सितंबर में 6.28 रुपये और अगस्त में 5 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई थी।

महंगाई

एविएशन फ्यूल और कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी (Photo: Shutterstock)

इंटरनेशनल मार्केट में ईंधन कीमतों में तेजी के बीच पेट्रोलियम कंपनियों ने विमान ईंधन (Aviation Turbine Fuel, ATF) और कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए हैं। रविवार से एटीएफ की कीमत में 1.37 रुपये प्रति लीटर और 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर के दाम में 10 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। हालांकि, घरों में इस्तेमाल होने वाली रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। पेट्रोलियम कंपनियों के मुताबिक, दिल्ली में एटीएफ की कीमत 137.12 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 138.50 रुपये प्रति लीटर हो गई है। विमान ईंधन कीमतों में लगातार चौथे महीने बढ़ोतरी की गई है। इससे पहले 1 अक्टूबर को एटीएफ की कीमत में 16 रुपये प्रति लीटर की बड़ी वृद्धि की गई थी। वहीं, सितंबर में 6.28 रुपये और अगस्त में 5 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई थी।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

क्या बढ़ेगा फ्लाइट का किराया?

विमान ईंधन की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि से एयरलाइन कंपनियों की परिचालन लागत पर दबाव बढ़ेगा। एयरलाइन के कुल परिचालन खर्च में एटीएफ का हिस्सा करीब 40% बैठता है। ऐसे में एटीएफ महंगा होने से एयरलाइन कंपनियों के खर्च में और इजाफा होने की आशंका है। इसी तरह, होटल और रेस्तरां में इस्तेमाल होने वाले कमर्शियल एलपीजी की कीमत भी 10 रुपये बढ़ाकर 2,820 रुपये कर दी गई है। कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इससे पहले 1 अक्टूबर को इसकी कीमत में 62.50 रुपये का इजाफा किया गया था। सितंबर में भी सिलेंडर 9.50 रुपये महंगा हुआ था।

कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों के दामों का ट्रेंड

हालांकि, इससे पहले जुलाई और अगस्त में कमर्शियल एलपीजी की कीमतों में क्रम से 183.50 रुपये और 192 रुपये की कटौती की गई थी। जून में इंटरनेशनल एनर्जी मार्केट में तेजी और सप्लाई संबंधी बाधाओं के कारण कमर्शियल एलपीजी के दाम रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गए थे। फरवरी से जून के बीच 19 किलोग्राम वाले सिलेंडर की कीमत में कुल 1,373 रुपये की बढ़ोतरी हुई थी। इस दौरान कीमत 1,740.50 रुपये से बढ़कर 3,113.50 रुपये हो गई थी।

घरेलू एलपीजी और पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बदलाव नहीं

पेट्रोलियम कंपनियां एटीएफ और एलपीजी की कीमतों की हर महीने की पहली तारीख को समीक्षा करती हैं। इनकी कीमतें इंटरनेशनल मार्केट में संबंधित उत्पादों के बेंचमार्क भाव और रुपये-डॉलर की विनिमय दर के आधार पर तय होती हैं। राज्यों में स्थानीय टैक्स, विशेषकर मूल्य वर्धित कर (वैट) के कारण कीमतों में अंतर भी रहता है। दूसरी ओर, घरेलू उपभोक्ताओं को फिलहाल राहत मिली है। 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 942 रुपये पर स्थिर रखी गई है। पेट्रोल और डीजल के दाम में भी कोई बदलाव नहीं हुआ है।

PTI इनपुट के साथ

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख

End of additional stories