return to news
  1. Microsoft में अचानक ठप पड़ा सिस्टम, दुनिया भर में हजारों लोग प्रभावित, क्या है वजह और कब तक ठीक होगी समस्या?

बिजनेस न्यूज़

Microsoft में अचानक ठप पड़ा सिस्टम, दुनिया भर में हजारों लोग प्रभावित, क्या है वजह और कब तक ठीक होगी समस्या?

Upstox

4 min read | अपडेटेड November 13, 2026, 09:05 IST

सारांश

Microsoft की जांच में पता चला कि प्रभावित सर्वर पर सुरक्षित कनेक्शन बनाने वाला एक प्रोसेस ठीक से काम नहीं कर रहा था। इस प्रोसेस पर जरूरत से ज्यादा दबाव पड़ रहा था, जिसके कारण सर्वर यूजर्स की रिक्वेस्ट प्रोसेस करना बंद कर रहे थे।

Microsoft

इस आउटेज का सबसे ज्यादा असर Exchange Online पर पड़ा।

Microsoft की कई सेवाओं में आज 13 नवंबर को बड़ी तकनीकी खराबी देखने को मिली। Microsoft 365, Outlook और Teams समेत कंपनी के कई ऐप हजारों यूजर्स के लिए सात घंटे से ज्यादा समय तक प्रभावित रहे। इस आउटेज का असर सिर्फ Microsoft के ऐप तक सीमित नहीं रहा, बल्कि OpenAI और Anthropic की AI सेवाएं भी प्रभावित हुईं। इन दोनों कंपनियों की कुछ सेवाएं Microsoft 365 कनेक्टर के जरिए काम करती हैं, जिसके कारण उन्हें भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

74 देशों तक फैली समस्या

वेबसाइट डाउनडिटेक्टर के अनुसार, माइक्रोसॉफ्ट की यह आउटेज लगभग एक घंटे के भीतर 74 देशों तक फैल गई। गुरुवार को 18:00 GMT के आसपास, आउटलुक (Outlook) में समस्याओं की रिपोर्ट वैश्विक स्तर पर लगभग 140,000 तक पहुंच गई, जो सामान्य स्तर से 2,000 गुना से भी अधिक है।

डाउनडिटेक्टर का कहना है कि यह समस्या कम से कम आठ घंटों से बनी हुई है। इसके अनुसार, पहली बार समस्या गुरुवार को 16:15 GMT के ठीक बाद देखी गई थी। साइट के मुताबिक, अभी भी 28,000 से अधिक यूजर्स इस आउटेज से प्रभावित हैं। वहीं, माइक्रोसॉफ्ट का कहना है कि समस्या को ठीक करने के उनके प्रयासों के "सकारात्मक परिणाम" देखने को मिल रहे हैं।

सर्वर में तकनीकी गड़बड़ी बनी आउटेज की वजह

Microsoft की जांच में पता चला कि प्रभावित सर्वर पर सुरक्षित कनेक्शन बनाने वाला एक प्रोसेस ठीक से काम नहीं कर रहा था। इस प्रोसेस पर जरूरत से ज्यादा दबाव पड़ रहा था, जिसके कारण सर्वर यूजर्स की रिक्वेस्ट प्रोसेस करना बंद कर रहे थे। कंपनी ने साफ किया कि यह समस्या अचानक बढ़े ट्रैफिक की वजह से नहीं आई थी, बल्कि ट्रैफिक संभालने के लिए उपलब्ध सर्वर की संख्या कम हो गई थी।

BBC की रिपोर्ट के मुताबिक माइक्रोसॉफ्ट का कहना है कि उसके हालिया अपडेट में किए गए बदलाव, जिनका मकसद सेवाओं को बेहतर बनाना और आउटेज को ठीक करना था, वे "उम्मीद के मुताबिक काम नहीं कर रहे हैं"। कंपनी इस समस्या को सुलझाने के अन्य तरीकों पर काम कर रही है, ताकि सिस्टम पर ज्यादा बोझ डाले बिना और भी उपयोगकर्ताओं को अपने प्लेटफॉर्म पर आने दिया जा सके। इससे पहले कंपनी ने चेतावनी दी थी कि जो सेवाएं फिर से शुरू हो गई हैं, उन पर ट्रैफिक आते ही वे दोबारा काम करना बंद कर सकती हैं।

Microsoft के कौन-कौन से ऐप हुए प्रभावित?

इस आउटेज का सबसे ज्यादा असर Exchange Online पर पड़ा। इसके कारण यूजर्स को Outlook के वेब, डेस्कटॉप और मोबाइल वर्जन पर अपना ईमेल खोलने में परेशानी हुई। ईमेल भेजने और मिलने में भी देरी हुई।

Microsoft 365 के यूजर्स हाल में इस्तेमाल की गई फाइलें नहीं खोल पा रहे थे। वहीं, Microsoft 365 एडमिन सेंटर के कुछ पेज भी लोड नहीं हो रहे थे। Microsoft Copilot Chat खोलने और उससे जवाब पाने में भी यूजर्स को दिक्कत हुई। Copilot के लिए ईमेल, कैलेंडर और दूसरी वर्क फाइलों का इस्तेमाल करना भी मुश्किल हो गया था।

Microsoft Teams में मैसेजिंग और ऑनलाइन मीटिंग जैसी मुख्य सुविधाएं ज्यादातर सामान्य रूप से काम कर रही थीं। हालांकि, Exchange Online पर निर्भर कैलेंडर, मीटिंग शेड्यूल करने और कुछ ऑर्गनाइजेशन में चैट बनाने जैसी सुविधाएं प्रभावित हुईं।

इसके अलावा Microsoft Planner, To Do, Defender, Purview, SharePoint Online, Power BI, Microsoft Fabric और Windows 365 समेत कई सेवाओं पर असर पड़ा। Microsoft 365 Education की Assignments, Reading Progress और Speaker Progress जैसी सुविधाएं भी प्रभावित हुईं। कंपनी ने कहा कि Exchange Online पर निर्भर नहीं रहने वाली सुविधाएं सामान्य रूप से काम कर रही थीं।

OpenAI और Anthropic की सेवाओं पर भी पड़ा असर

Microsoft के आउटेज का असर दूसरी टेक कंपनियों पर भी देखने को मिला। OpenAI ने कहा कि वह Microsoft कनेक्टर्स से जुड़ी समस्या की जांच कर रही है। इसके कारण नए कनेक्शन बनाने में परेशानी हो सकती थी और कुछ टूल ठीक से काम नहीं कर रहे थे। वहीं, Anthropic ने बताया कि उसके Microsoft 365 कनेक्टर में एक बाहरी सर्विस प्रोवाइडर की समस्या के कारण दिक्कत आई थी।

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख

End of additional stories