return to news
  1. सैटेलाइट कम्युनिकेशन्स में क्या है 'किल स्विच', जिसको लेकर सुनील मित्तल ने दी चेतावनी

बिजनेस न्यूज़

सैटेलाइट कम्युनिकेशन्स में क्या है 'किल स्विच', जिसको लेकर सुनील मित्तल ने दी चेतावनी

Upstox

4 min read | अपडेटेड November 13, 2026, 12:47 IST

सारांश

सुनील मित्तल ने कहा कि सैटेलाइट ऑपरेटरों की सरकार की ओर से की जा रही जांच-पड़ताल उचित है। उन्होंने तर्क दिया कि युद्ध का स्वरूप अब सैटेलाइट की ओर बढ़ रहा है।

सैटेलाइट कम्युनिकेशन्स

सैटेलाइट का रिमोट कंट्रोल भारत के पास हो (Photo: Shutterstock)

भारती एयरटेल के फाउंडर और चेयरमैन सुनील भारती मित्तल ने कहा कि भारत को अपनी धरती पर सैटेलाइट कम्युनिकेशन्स सर्विसेज का 'किल स्विच' अपने ही कंट्रोल में रखना चाहिए। इसका मतलब कि सैटेलाइट कम्युनिकेशन्स को बंद करने या सीमित करने का कंट्रोल अपने हाथ में ही रखना चाहिए। सरकार उन सुरक्षा शर्तों पर अभी विचार कर रही है, जिनसे यह तय होगा कि देश में सैटेलाइट ब्रॉडबैंड सर्विसेज कब शुरू होंगी। भारती एंटरप्राइजेज के 50 साल पूरे होने के मौके पर ‘पीटीआई’ को दिए इंटरव्यू में मित्तल ने कहा, 'किल स्विच, जैसा कि हम इसे कहते हैं, कहीं और नहीं होना चाहिए। भारत को अपने सैटेलाइट फ्यूचर पर खुद कंट्रोल रखना चाहिए।' उन्होंने इस टिप्पणी में किसी कंपनी का नाम नहीं लिया। ''

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

क्या है 'किल स्विच'?

‘किल स्विच’ का मतलब ऑपरेटर के कंट्रोल सिस्टम और ‘ग्राउंड गेटवे’ के जरिये किसी सैटेलाइट नेटवर्क की सर्विसेज को बंद करने, उसकी स्पीड सीमित करने या उस पर रोक लगाने की क्षमता से है। यह रोक किसी एक टर्मिनल, किसी एरिया या पूरे देश पर लगाई जा सकती है। सैटेलाइट ब्रॉडबैंड में यूजर टर्मिनल सैटेलाइट से जुड़ते हैं, जो डेटा को ग्राउंड स्टेशन तक पहुंचाते हैं और वहां से यह इंटरनेट तक जाता है। ऐसे में इन कंट्रोल सिस्टम्स और गेटवे का संचालन करने वाला पक्ष सैद्धांतिक रूप से यूजर्स की सर्विसेज बंद कर सकता है या उनके डेटा का रूट बदल सकता है।

सरकारें इसे सुरक्षा के एक साधन के रूप में देखती हैं। इससे किसी संघर्ष या सुरक्षा खतरे के दौरान सर्विसेज तुरंत बंद की जा सकती है और कानूनी आदेशों को लागू किया जा सकता है। इसके जरिये डेटा पर नजर रखने और उसकी निगरानी करने की भी क्षमता मिलती है। हालांकि, इसके दोनों पक्ष हैं। अगर यह कंट्रोल किसी विदेशी संचालक के पास या देश से बाहर है, तो किसी दूसरे स्थान पर लिए गए फैसले से किसी देश की सेना, इमरजेंसी सर्विसेज और आम नागरिकों का संपर्क टूट सकता है। मित्तल ने इसे 'अपने सैटेलाइट फ्यूचर पर कंट्रोल खोना' करार दिया।

वहीं, अगर यह कंट्रोल सरकार के पास है, तो नैशनल इमरजेंसी स्थिति या रणनीतिक कारणों से उसी शक्ति का इस्तेमाल सर्विसेज बंद करने के लिए भी किया जा सकता है। इन्हीं कारणों से सुरक्षा मंजूरी, देश के भीतर ‘गेटवे’ और निगरानी संबंधी आवश्यकताएं यह तय करेंगी कि भारत में कौन सैटेलाइट ब्रॉडबैंड सर्विसेज शुरू कर सकता है और यह सर्विस कितनी जल्दी शुरू होगी।

यूक्रेन का क्यों दिया उदाहरण?

मित्तल ने यूक्रेन का उदाहरण देते हुए कहा, 'अगर यूक्रेन स्टारलिंक का इस्तेमाल कर रहा है, तो अब वह वनवेब का भी इस्तेमाल कर रहा है।' पिछले महीने यूक्रेन ने एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स पर संपर्क की गति सीमित कर अपनी रक्षा क्षमता को कमजोर करने और सैन्य अभियानों में बाधा डालने का आरोप लगाया था। इन पाबंदियों के कारण यूक्रेन के हमलावर और अवरोधक ड्रोन लगभग बेकार हो गए थे। मित्तल ने कहा कि सैटेलाइट ऑपरेटरों की सरकार की ओर से की जा रही जांच-पड़ताल उचित है। उन्होंने तर्क दिया कि युद्ध का स्वरूप अब सैटेलाइट की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा, 'चाहे ड्रोन हों, साइबर से जुड़े मुद्दे हों या निर्देशित मिसाइलें, इन सभी का संचालन सैटेलाइट के जरिए किया जाएगा।' उन्होंने कहा, 'दुनिया के हर देश को अपनी सुरक्षा पर कंट्रोल रखने की जरूरत है। भारत को इसके लिए सुरक्षा संबंधी सीमाएं तय करनी होंगी और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करनी होगी।'

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख

End of additional stories