return to news
  1. छत्तीसगढ़ में धान किसानों के लिए खुशखबरी, कम धान बेचने पर भी खाते में आएगी आदान सहायता

बिजनेस न्यूज़

छत्तीसगढ़ में धान किसानों के लिए खुशखबरी, कम धान बेचने पर भी खाते में आएगी आदान सहायता

Upstox

3 min read | अपडेटेड November 13, 2026, 08:37 IST

सारांश

साय ने कहा कि अगर कोई किसान प्रति एकड़ निर्धारित अधिकतम 21 क्विंटल से कम मात्रा में धान उपार्जन के लिए उपलब्ध कराता है, तब भी उसे प्रति एकड़ के मान से आदान सहायता राशि का फायदा मिलेगा।

धान किसान

धान की कम बिक्री पर भी मिलेगा पूरा लाभ! छत्तीसगढ़ में किसानों के लिए नई राहत (Photo: Shutterstock)

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुरुवार को बताया कि अब निर्धारित अधिकतम मात्रा से कम धान बेचने वाले किसानों को भी प्रति एकड़ के मान से एकसमान 13,839 रुपये की आदान सहायता राशि दी जाएगी। साय ने कहा कि अगर कोई किसान प्रति एकड़ निर्धारित अधिकतम 21 क्विंटल से कम मात्रा में धान उपार्जन के लिए उपलब्ध कराता है, तब भी उसे प्रति एकड़ के मान से आदान सहायता राशि का फायदा मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार के इस फैसले से खासतौर से कम उत्पादकता वाले क्षेत्रों के किसानों, लघु एवं सीमांत किसानों और जनजातीय अंचलों के किसान परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा, 'हमारी सरकार का संकल्प है कि प्रदेश का कोई भी किसान कम उत्पादन के कारण शासन की सहायता से वंचित न रहे। छत्तीसगढ़ के अनेक जनजातीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों में भौगोलिक परिस्थितियों और सिंचाई सुविधाओं की सीमित उपलब्धता के कारण कृषि उत्पादकता अपेक्षाकृत कम रहती है। ऐसे क्षेत्रों के किसानों के लिए यह निर्णय विशेष रूप से लाभकारी सिद्ध होगा।'

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों की उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित करने के साथ ही उनकी आय बढ़ाने और खेती को लाभकारी बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इस साल प्रदेश में लगभग 27 लाख 50 हजार किसानों से धान खरीदी की जाएगी। किसानों की सुविधा और खरीदी व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए 360 नए उपार्जन केंद्र शुरू किए जा रहे हैं। इसके साथ ही प्रदेश में कुल 3,100 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से धान खरीदी की जाएगी। इससे किसानों को अपने नजदीकी केंद्रों पर उपज बेचने की सुविधा मिलेगी और परिवहन संबंधी परेशानियां भी कम होंगी।

गन्ना किसानों के लिए भी खुशखबरी

साय ने गन्ना किसानों के हित में लिए गए फैसले की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा, 'प्रदेश में पिछले आठ सालों से गन्ने की उपार्जन दर 355 रुपये प्रति क्विंटल थी। हमारी सरकार ने किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए इसे बढ़ाकर 425 रुपये प्रति क्विंटल करने का फैसला लिया है। इस प्रकार गन्ने की घोषित उपार्जन दर में 70 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि की गई है।' मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत सरकार द्वारा निर्धारित उचित एवं लाभकारी मूल्य (एफआरपी) तथा राज्य सरकार की घोषित दर के बीच की अंतर राशि गन्ना बोनस के रूप में प्रदान की जाएगी। पेराई सत्र 2025-26 में खरीदे गए गन्ने के लिए भी बढ़ी हुई दर का लाभ किसानों को दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि 15 नवंबर को धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पूरे देश में जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में साल 2021 में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया। इससे देश के स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्र निर्माण में जनजातीय समाज के अतुलनीय योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान और सम्मान मिला है। उन्होंने बताया कि 11 से 18 नवंबर तक जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जा रहा है। छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर को रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन शामिल होंगे।

PTI इनपुट के साथ

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख

End of additional stories