return to news
  1. 31 सेकेंड के वीडियो में RBI ने बता दी खाता सेफ रखने की पूरी डीटेल, आपके पास है बैंक अकाउंट तो तुरंत जान लें सीक्रेट

पर्सनल फाइनेंस

31 सेकेंड के वीडियो में RBI ने बता दी खाता सेफ रखने की पूरी डीटेल, आपके पास है बैंक अकाउंट तो तुरंत जान लें सीक्रेट

Upstox

4 min read | अपडेटेड August 11, 2026, 14:23 IST

सारांश

भारतीय रिजर्व बैंक ने बैंक खाताधारकों को मनी म्यूल यानी अवैध धन वाहक बनने से बचने की सख्त सलाह दी है। अगर कोई कमीशन का लालच देकर आपके बैंक अकाउंट से पैसे ट्रांसफर कराने की कोशिश करता है, तो यह कानूनी अपराध है और इसके लिए सीधे जेल जाना पड़ सकता है।

rbi-money-mule-warning-bank-account

आरबीआई ने बैंक खाताधारकों को मनी म्यूल बनने से बचने और अपने अकाउंट की सुरक्षा करने की सलाह दी है।

आजकल साइबर अपराधी लोगों को ठगने और अपने काले कारोबार को चलाने के लिए नए-नए हथकंडे अपना रहे हैं। कई बार लोग घर के किराए, EMI और रोजमर्रा के खर्चों को पूरा करने के चक्कर में ऐसे लोगों की बातों में आ जाते हैं। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया यानी आरबीआई ने एक खास वीडियो जारी करके सभी बैंक खाताधारकों को सतर्क किया है। अगर कोई आपको घर बैठे या बिना मेहनत के सिर्फ अपने बैंक खाते का इस्तेमाल करने के बदले कमीशन देने का लालच दे रहा है, तो संभल जाइए। यह कोई कमाई का आसान तरीका नहीं बल्कि एक बड़ा अपराध है, जिसमें फंसकर आपको जेल की हवा खानी पड़ सकती है।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

आसान कमाई का लालच और कमीशन का खेल

अक्सर देखा जाता है कि जब लोग पैसों की तंगी से जूझ रहे होते हैं, तब कुछ लोग उन्हें जुगाड़ से कमाई का रास्ता बताते हैं। वे कहते हैं कि बस अपने बैंक खाते की डिटेल दीजिए, कुछ लोग आपके खाते में पैसे भेजेंगे और फिर आपको वह रकम किसी दूसरे खाते में ट्रांसफर करनी होगी। इस काम के बदले आपको अच्छा कमीशन देने का वादा किया जाता है। पहली नजर में यह काम बहुत आसान और फायदेमंद लगता है, लेकिन असल में यह साइबर अपराधियों का एक बड़ा जाल होता है। इस तरह के झांसे में आकर लोग अनजाने में बड़े अपराध का हिस्सा बन जाते हैं।

क्या होता है अवैध धन वाहक यानी मनी म्यूल?

RBI के मुताबिक जब कोई व्यक्ति किसी दूसरे के कहने पर उसके गैरकानूनी पैसे को अपने खाते के जरिए इधर-उधर भेजता है, तो उसे मनी म्यूल या अवैध धन वाहक कहा जाता है। अपराधी अपने काले धन या फ्रॉड के पैसे को पुलिस की पकड़ से बचाने के लिए आम लोगों के बैंक खातों का इस्तेमाल करते हैं। वे सीधे अपने खाते का उपयोग करने के बजाय लोगों के अकाउंट में पैसा मंगाते हैं और फिर उसे आगे ट्रांसफर करवा लेते हैं। इससे पैसा तो उनका होता है, लेकिन कागजों पर लेन-देन करने वाले आप बन जाते हैं।

एक गलती और सीधे जाना पड़ सकता है जेल

अगर आपने कमीशन के लालच में किसी अज्ञात व्यक्ति को अपना बैंक खाता इस्तेमाल करने दिया, तो कानून की नजर में आप भी उस अपराध के बराबर के हिस्सेदार माने जाएंगे। जब पुलिस या जांच एजेंसियां किसी फ्रॉड की जांच करती हैं, तो सबसे पहले उस खाते के मालिक पर कार्रवाई होती है जिसके जरिए पैसा घुमाया गया है। ऐसे मामलों में व्यक्ति को सीधे जेल जाना पड़ सकता है और कोर्ट-कचहरी के चक्कर काटने पड़ते हैं। इसलिए किसी के कहने पर अपने खाते में पैसे मंगाना या किसी दूसरे के बताए खाते में पैसे भेजना बहुत भारी पड़ सकता है।

बैंक अकाउंट को सुरक्षित रखने के जरूरी नियम

केंद्रीय बैंक ने साफ किया है कि आपका बैंक खाता केवल आपके अपने इस्तेमाल और आपके धन के लिए है। किसी भी अन्य व्यक्ति को पैसे के लेन-देन के लिए अपने बैंक खाते का उपयोग करने की अनुमति कभी न दें। इसके अलावा अपने खाते से जुड़े जरूरी विवरण जैसे बैंक अकाउंट नंबर, UPI पिन, इंटरनेट बैंकिंग पासवर्ड और मोबाइल पर आने वाला ओटीपी कभी किसी के साथ साझा न करें। आसान कमाई का जोखिम कभी न उठाएं और अगर कोई इस तरह का प्रस्ताव दे तो तुरंत सतर्क हो जाएं। आरबीआई का साफ संदेश है कि जानकार बनिए और हमेशा सतर्क रहिए।

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख