return to news
  1. Gold-Silver Price: चांदी 1 हफ्ते में ही ₹15,490 तक सस्ती, सोने में भी बड़ी गिरावट, जानें अपने शहर का भाव

बिजनेस न्यूज़

Gold-Silver Price: चांदी 1 हफ्ते में ही ₹15,490 तक सस्ती, सोने में भी बड़ी गिरावट, जानें अपने शहर का भाव

Shubham Singh Thakur

4 min read | अपडेटेड October 27, 2026, 08:19 IST

सारांश

Gold-Silver Price: सोने और चांदी की कीमतों में मौजूदा गिरावट की सबसे बड़ी वजह वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें और अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों को लंबे समय तक ऊंचा रखने की आशंका है।

Gold Silver

पिछले 1 हफ्ते में सोना 2.23 फीसदी या 3,230 रुपये सस्ता हो चुका है।

Gold-Silver Price: सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट का सिलसिला आज 27 अक्तूबर को भी जारी है। bullion.co.in के अनुसार आज 24 कैरेट वाले 10 ग्राम सोने का भाव घटकर 143,530 रुपये के स्तर पर आ गया है। दूसरी तरफ चांदी भी 196,410 रुपये प्रति किलो के भाव तक लुढ़क गई है। बता दें कि पिछले 1 हफ्ते में सोना 2.23 फीसदी या 3,230 रुपये सस्ता हो चुका है। वहीं चांदी में तो 7.33 फीसदी या 15,490 रुपये तक की बड़ी गिरावट आई है।
Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

आज COMEX बाजार में सोने की कीमत 0.32 फीसदी घटकर 4,025.30 डॉलर प्रति औंस पर आ गई। वहीं, चांदी की कीमत 0.91 फीसदी गिरकर 53.85 डॉलर प्रति औंस रह गई। सोने और चांदी की कीमतों में मौजूदा गिरावट की सबसे बड़ी वजह वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें और अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों को लंबे समय तक ऊंचा रखने की आशंका है।

आपके शहर में सोने की कीमत

यहां देश के 6 बड़े शहरों में 24 कैरेट सोने के दाम दिए गए हैं।

  • दिल्ली: ₹143,020 प्रति 10 ग्राम
  • मुंबई: ₹143,270 प्रति 10 ग्राम
  • कोलकाता: ₹143,080 प्रति 10 ग्राम
  • चेन्नई: ₹143,680 प्रति 10 ग्राम
  • बेंगलुरु: ₹143,380 प्रति 10 ग्राम
  • हैदराबाद: ₹143,490 प्रति 10 ग्राम

अलग-अलग शहरों में चांदी की कीमत

प्रमुख मेट्रो शहरों में 999 फाइन सिल्वर की कीमतें यहां दी गई है।

  • दिल्ली: ₹195,720 प्रति किलोग्राम
  • मुंबई: ₹196,060 प्रति किलोग्राम
  • कोलकाता: ₹195,800 प्रति किलोग्राम
  • चेन्नई: ₹196,630 प्रति किलोग्राम
  • बेंगलुरु: ₹196,210 प्रति किलोग्राम
  • हैदराबाद: ₹196,370 प्रति किलोग्राम

त्योहारों में सोने की मांग कैसी रहेगी?

वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल (WGC) की 20 अक्टूबर की रिपोर्ट के अनुसार, भारत में त्योहारों और शादी-ब्याह के सीजन के कारण सोने की मांग धीरे-धीरे बढ़ रही है। भारत में WGC की रिसर्च प्रमुख कविता चाको ने कहा कि त्योहारों का सीजन शुरू होने के साथ सोने की खरीदारी में तेजी आ रही है।

रिपोर्ट के मुताबिक हाल ही में सोने की कीमतों में कुछ गिरावट आने से लोगों की खरीदारी बढ़ी है। ज्वेलरी की दुकानों पर ग्राहक ज्यादा आ रहे हैं और ज्वेलरी बनाने वाली कंपनियों को भी अच्छे ऑर्डर मिल रहे हैं। दुकानदार त्योहारों की मांग को पूरा करने के लिए अपने पास सोने के गहनों का स्टॉक बढ़ा रहे हैं। हालांकि, सोने की कीमतें अभी भी काफी ऊंची हैं। इसलिए त्योहारों और शादियों के दौरान मांग बढ़ने के बावजूद लोग पहले की तुलना में कम मात्रा में सोने के गहने खरीद सकते हैं।

इन फैक्टर्स पर रखें नजर

सोने और चांदी के लिए आगे अमेरिकी फेडरल रिजर्व का ब्याज दरों पर फैसला, महंगाई के आंकड़े, कच्चे तेल की कीमतें, डॉलर की मजबूती और अमेरिकी बॉन्ड पर मिलने वाला रिटर्न अहम होने वाला है। फेडरल रिजर्व (FOMC) की दो दिन की बैठक आज 27 अक्टूबर से 28 अक्टूबर 2026 को हो रही है। इस बैठक के नतीजे 28 अक्टूबर 2026 को भारतीय समयानुसार रात 11:30 बजे घोषित किए जाएंगे।

भारत में सोने और चांदी की कीमतों पर अंतरराष्ट्रीय बाजार में होने वाले बदलावों के साथ-साथ रुपये और डॉलर की विनिमय दर का भी असर पड़ता है। अगर अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना महंगा होता है या रुपया डॉलर के मुकाबले कमजोर होता है, तो भारत में सोने की कीमतें बढ़ सकती हैं। त्योहारों के दौरान खरीदारी बढ़ने से कीमतों को सहारा मिल सकता है, लेकिन ऊंची कीमतें लोगों की खरीदारी को सीमित भी कर सकती हैं।

अमेरिका में होने वाले मध्यावधि चुनाव भी निवेशकों के लिए एक अहम विषय हैं। हालांकि, केवल चुनाव के आधार पर यह कहना सही नहीं होगा कि सोने की कीमतें बढ़ेंगी या गिरेंगी। चुनाव के बाद सरकार की नीतियों, ब्याज दरों, डॉलर की चाल और दुनिया में राजनीतिक तनाव की स्थिति के अनुसार बाजार में बदलाव हो सकता है। इन सभी बातों का असर सोने और चांदी की कीमतों पर पड़ सकता है।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

अगला लेख